हालात

बिहार: पटना में सड़क पर उतरे छात्र, पुलिस से टकराव, टीआरई-4 को लेकर बढ़ा विवाद

पटना में टीआरई-4 में निगेटिव मार्किंग खत्म करने और परीक्षा एकल चरण में कराने की मांग को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। लोक भवन मार्च के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और लोक भवन मार्च की तैयारी करने लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग को पार करने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। छात्र संगठनों ने पहले ही मुख्यमंत्री आवास के घेराव का ऐलान कर रखा है।

छात्रों के प्रस्तावित मार्च को देखते हुए पटना में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गांधी मैदान, जेपी गोलंबर, डाकबंगला चौराहा और आयकर गोलंबर समेत लोक भवन की ओर जाने वाले रास्तों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को तैनात किया गया है। डाकबंगला चौराहा पर भारी लोहे की चादरों से विशेष बैरिकेडिंग की गई है।

बैरिकेडिंग के पास जुटे छात्र, पुलिस ने संभाला मोर्चा

प्रदर्शनकारी लगातार बैरिकेडिंग के पास पहुंचकर लोक भवन की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस उन्हें रोकने में जुटी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन और वज्र वाहन की टीम भी तैयार रखी गई है। पुलिस अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

छात्रों का यह आंदोलन मुख्य रूप से बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 को लेकर है। छात्रों की मांग है कि परीक्षा में निगेटिव मार्किंग खत्म की जाए और टीआरई-4 की परीक्षा एकल चरण में कराई जाए। इन दोनों मुद्दों पर सोमवार को सरकार और छात्र संगठनों के बीच हुई बातचीत में सहमति नहीं बन सकी थी। इसके बाद छात्रों ने मंगलवार को पहले से तय कार्यक्रम के तहत सड़क पर उतरने का फैसला किया।

सोमवार की वार्ता में नहीं बनी सहमति

सरकार के निर्देश पर सोमवार को शिक्षा सचिव, पटना के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अधिकारियों ने छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ करीब दो से तीन घंटे तक बातचीत की थी। वार्ता में कई मुद्दों पर सहमति बनी, लेकिन टीआरई-4 में निगेटिव मार्किंग खत्म करने और परीक्षा एकल चरण में कराने जैसी प्रमुख मांगों पर बात नहीं बन सकी।

छात्र संगठनों की अन्य मांगों में बीएसएससी इंटर स्तरीय परीक्षा की तारीख घोषित करना, 70वीं बीपीएससी परीक्षा का पेपर रद्द करना और दारोगा भर्ती की जांच कराना शामिल है। फिलहाल डाकबंगला चौराहा समेत पटना के प्रमुख इलाकों में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं और पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस-प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए