
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर एक संदिग्ध धमाके की घटना सामने आई है। श्रीविजयनगर क्षेत्र के गांव 50 जीबी के पास रात करीब 10:30 बजे तेज धमाका हुआ, जिससे रेलवे पटरी के नीचे बने सीमेंट के दो पिलर बुरी तरह टूट गए। धमाके के बाद पिलरों के अंदर लगा सरिया भी बाहर निकल आया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।
राहत की बात यह रही कि रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली ट्रेन इस स्थान से सुरक्षित गुजर चुकी थी। इसके करीब दो घंटे बाद धमाके की घटना हुई। शुरुआती जांच में रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की साजिश की आशंका जताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की विशेषज्ञ टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पिलर विस्फोट के कारण टूटे हैं या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है।
घटना के बाद रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और स्थिति की जांच शुरू कर दी गई है। एहतियात के तौर पर सुबह 6 बजे अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक की पूरी जांच और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही रेल परिचालन को लेकर फैसला लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में हाल ही में बरामद हुए करीब 7.5 किलोग्राम RDX से इस घटना का फिलहाल कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है। हालांकि, पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए