हालात

‘अग्निपथ’ के खिलाफ सत्याग्रह में युवाओं से प्रियंका गांधी बोलीं- पूरी कांग्रेस आपके साथ, आपसे बड़ा कोई देशभक्त नहीं

प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं युवाओं से यह कहना चाहती हूं कि हम आपका दर्द समझते हैं। पूरा देश समझ रहा है। पूरा देश देख रहा है। लेकिन आप यह मत भूलो कि यह देश आपका है। इस देश की संपत्ति आप की है। इसे सुरक्षित रखना आपका कर्तव्य है।

फोटो: विपिन
फोटो: विपिन 

दिल्ली में जंतर-मंतर पर कांग्रेस नेताओं ने अग्निपथ योजना के खिलाफ सत्याग्रह किया है। इसमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए और अग्निपथ योजना को वापस लिए जाने की मांग की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, "सत्याग्रह के मंच से मैं इस देश के नौजवानों कुछ कहना चाहती हूं। आप इस देश का भविष्य हैं। आपसे बड़ा देशभक्त कोई नहीं है इस देश में। मैंने आप जैसे सैकड़ों बच्चों से बात की। जब मैं यूपी के एक छोटे से गांव में 4 बजे सुबह गिरफ्तार होने वाली थी, तब भी मैंने सड़क पर देखा कि 20-30 नौजवान आर्मी में भर्ती होने के लिए दौड़ लगा रहे थे। ट्रैक्टर पर बैठे हुए मैं ऐसे नौजवानों से मिली जिन्होंने मुझे कहा कि दीदी उम्मीद छूट गई है। सालों से हम भर्ती का इंतजार कर रहे थे। अब हम्म गन्ना बेचने जा रहे हैं।"

प्रियंका गांधी ने कहा, "मैं युवाओं से यह कहना चाहती हूं कि हम आपका दर्द समझते हैं। पूरा देश समझ रहा है। पूरा देश देख रहा है। लेकिन आप यह मत भूलो कि यह देश आपका है। इस देश की संपत्ति आप की है। इसे सुरक्षित रखना आपका कर्तव्य है। हम यहा सत्याग्रह पर बैठे हैं। क्योंकि सत्याग्रह, सत्य की लड़ाई अहिंसा द्वारा लड़ी गई। अहिंसा के जो मार्ग पर चलकर लड़ी गई। उस लड़ाई ने इस देश को आजाद किया। इस देश को आजाद करके आपको सौंपा, ताकि आपका भविष्य बन पाए।"

Published: 19 Jun 2022, 2:28 PM IST

कांग्रेस महासचिव ने कहा, "मैं आपसे आग्रह करती हूं कि परिस्थितियों को समझिए। आपके आसपास क्या हो रहा है, सरकार कैसे चल रही है। देश में क्या हो रहा है। उसको गहराई से समझिए। जो किसान के आंदोलन थे। क्यों किए गए? किसान क्यों जागे, क्यों सड़क पर आए? क्योंकि वह समझे कि खून पसीना वो बहाएं, मेहनत वो करें, लेकिन उस मेहनत की कमाई किसी और को दी जा रही थी। यह सरकार उनके लिए नहीं चल रही थी।"

उन्होंने कहा, "इसी तरह से मैं आपसे आग्रह करती हूं कि समझिए ये सरकार आप लोगों के लिए नहीं चल रही है। ये सरकार गरीबों, देश के नवयुवकों के लिए, इस देश की महिलाओं के लिए, इस देश के एक-एक देशवासी के लिए नहीं चल रही है। ये सरकार सिर्फ बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए चल रही है। ये जितनी भी योजनाए हैं, जो बार-बार आप पर थोपी जाती हैं, ये सोच समझकर किया जा रहा है। यह बात सही नहीं है कि बिना सोचे समझे इस तरह की योजनाओं को लाया जा रहा है। इस सरकार का सिर्फ एक मकसद है सत्ता में रहना।"

प्रियंका गांधी ने कहा, "आज सेना में भर्ती होने का सपना आप देखते हैं, आप अपनी देश की सुक्षा का सपना देखते हैं, अपने भविष्य को मजबूत बनाने का सपना आप देखते हैं, आप ये सपना देखते हैं कि बड़े होकर अपने मां-बाप का देखभाल करेंगे। सरहद पर जाकर इस देश के लिए आप अपनी जान देंगे। आप से बड़ा कोई देशभक्त नहीं। मैं आपसे कहना चाहती हूं कि जो नकली राष्ट्रवादी हैं, उन्हें आप पहचानिए। आपके संघर्ष में पूरा देश आपके साथ है। पूरी कांग्रेस पार्टी आपके साथ है।”

Published: 19 Jun 2022, 2:28 PM IST

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: 19 Jun 2022, 2:28 PM IST