हालात

बैंगलोर यूनिवर्सिटी में गणेश मंदिर के निर्माण का विरोध, छात्रों ने BJP पर लगाया भगवाकरण करने का आरोप

यूनिवर्सिटी ने मंदिर निर्माण के खिलाफ तीन दिनों से प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। छात्रों का कहना है कि यूजीसी गाइड्लाइंस के तहत विश्वविद्यालय में मंदिर, चर्च या मस्जिद जैसे धार्मिक स्थलों के निर्माण की अनुमति नहीं है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में बैंगलौर विश्वविद्यालय में गणेश मंदिर के निर्माण पर विवाद हो गया है छात्र इसके विरोध में उतर आए हैं। छात्रों ने आरोप लगाया है कि राज्य की बीजेपी सरकार विश्वविद्यालय के अंदर गणेश मंदिर के निर्माण की अनुमति देकर परिसर का भगवाकरण करने की कोशिश कर रही है। यूनिवर्सिटी कैंपस में गणेश मंदिर के निर्माण के विरोध में छात्र पिछले तीन दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

Published: undefined

विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बैंगलोर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ जयकारा शेट्टी ने कहा कि मंदिर निर्माण का निर्णय उनके कार्यकाल के दौरान नहीं लिया गया था। उन्होंने कहा कि निर्णय पहले किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य अब शुरू हुआ है। छात्र मंदिर के मामले में विरोध नहीं कर सकते। शेट्टी ने छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के चलते मंदिर का निर्माण कार्य रोकने का निर्देश जारी किया है।

Published: undefined

पोस्ट ग्रेजुएशन एंड रिसर्च स्टूडेंट्स फेडरेशन समेत कई छात्रों और संगठनों ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि अगर वे मंदिर का निर्माण जारी रखते हैं, तो वे उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे। विश्वविद्यालय अधिकारियों द्वारा उनके खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराने से छात्र संगठन नाराज हैं।

आंदोलनकारी छात्रों का आरोप है कि सत्तारूढ़ बीजेपी द्वारा यह परिसर का भगवाकरण करने और भगवा एजेंडे को लागू करने का प्रयास था। छात्रों ने कहा कि यूजीसी गाइड्लाइंस के मुताबिक, विश्वविद्यालय में मंदिर, चर्च और मस्जिद जैसे धार्मिक पूजा स्थलों के निर्माण की अनुमति नहीं है।

Published: undefined

वहीं विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कहा कि एंट्री गेट के पास कुछ साल पहले गणेश मंदिर था, जिसे सड़क चौड़ीकरण के लिए ध्वस्त कर दिया गया था। तब बैंगलोर विश्वविद्यालय ने बीबीएमपी के साथ मंदिर को फिर से स्थापित करने के लिए एक समझौता किया था। इस मामले पर उच्च शिक्षा विभाग के सूत्रों ने कहा कि परिसर में मंदिर किसी भी कीमत पर बनाया जाएगा। वहीं सैकड़ों छात्र खुलेआम चुनौती दे रहे हैं कि वे कैंपस में मंदिर नहीं बनने देंगे, जिससे विवाद बढ़ने की आशंका है।

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined