हालात

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 2 अक्टूबर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, पुलिस ने नहीं दी अनुमति, आयोजकों ने लोगों से की अपील

दिल्ली पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दिए जाने के बीच योगेंद्र यादव, आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा, संजय सिंह औत आतिशी समेत कई सामाजिक, राजनीतिक लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये लोगों से 2 अक्टूबर की सुबह 11 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है।

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 2 अक्टूबर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, पुलिस ने नहीं दी अनुमति, आयोजकों ने लोगों से की अपील
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 2 अक्टूबर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, पुलिस ने नहीं दी अनुमति, आयोजकों ने लोगों से की अपील फोटोः @neha_aisa

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कल से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने के इनकार किया

बुद्धिजीवियों और छात्र नेताओं ने लोगों से आने की अपील की

पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास सुरक्षा बढ़ाई

सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं के एक समूह ने एसआईआर और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। इस बीच योगेंद्र यादव, आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा समेत कई लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये लोगों से 2 अक्टूबर की सुबह 11 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है।

दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी

दिल्ली पुलिस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गांधी जयंती पर जंतर मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से गुरुवार को इनकार कर दिया और नयी दिल्ली और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी। जंतर-मंतर पर भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों ने संभावना जताई कि विरोध प्रदर्शन के लिए लगभग 3,000 से 4,000 लोग आ सकते हैं और इसके मद्देनजर पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

जंतर मंतर और नयी दिल्ली जिले के प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जहां दिल्ली पुलिस की टीमों के साथ सीएपीएफ कर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आवाजाही को नियंत्रित करने और लोगों को अनधिकृत रूप से जुटने से रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं और प्रवेश एवं निकास बिंदुओं व अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है।

नेहा बोरा ने लोगों से शामिल होने की अपील की

मतदाता सूचियों में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर सीईसी कुमार पर महाभियोग चलाने की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईसा) अध्यक्ष नेहा बोरा, राज्यसभा सदस्य मनोज झा और उच्चतम न्यायालय के वकील प्रशांत भूषण ने एक दिन पहले प्रेस वार्ता कर इस प्रदर्शन का ऐलान किया है। सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और आम आदमी पार्टी ने भी लोगों से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। आप के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं, भारतीय युवा कांग्रेस के सदस्यों और अन्य लोगों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की उम्मीद है।

दिल्ली पुलिस की ओर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा ने लोगों से गांधी जयंती पर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। नेहा बोरा ने एक्स पर जंतर-मंतर के पास से जारी एक वीडियो संदेश में कहा, "मेरे पीछे जंतर-मंतर है, यह वो जगह है, जहां हम कल इतिहास लिखेंगे। यह वह जगह है जहां से हम लोकतंत्र का नया अध्याय शुरू करेंगे। यहां से हम वापस लेंगे वोटर्स का अधिकार और मतदान का अधिकार। मिलते हैं कल सुबह 11 बजे।"

योगेंद्र यादव ने जारी की अपील

सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने कहा कि 2 अक्टूबर को 11 बजे तमाम नागरिकों की तरफ से से आह्वान किया गया है कि जंतर-मंतर पहुंचे और एसआईआर के विरुद्ध और एसआईआर में जो बड़े पैमाने पर गरीबों के, अंतिम व्यक्ती के जो वोट कट रहे हैं, उसके विरुद्ध और चुनाव आयोग की जो घपलेबाजी है, जो अब बिल्कुल साबित हो चुकी है, इन सब सवालों पर हम वहां आकर अपनी बात को रखेंगे।

वोट के अधिकार की चोरी हो रही है

राजीव ध्यानी ने वीडियो मैसेज में कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा अधिकार है वोट का अधिकार। और हमारे इस अधिकार की चोरी हो रही है और चोरी करने वाले हैं देश के मुख्य चुनाव आयुक्त और उनके आका। इस वोट की चोरी के खिलाफ देश भर के लोग गुस्से में हैं और एक नए आंदोलन की शुरुआत हो रही है- जंतर-मंतर2.0। और ये शुरू हो रहा है कल महात्मा गांधी की जयंती यानी 2 अक्टूबर से। याद रखिये कल 2 अक्टूबर महात्मा गांधी की जयंती के दिन हम मिलेंगे दिल्ली के जंतर-मंतर में सुबह 11 बजे।

मनीष सिसोदिया ने लोगों से प्रदर्शन में आने की अपील की

आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने भी गुरुवार को लोगों से अपील की कि वे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचें और उनके इस्तीफे की मांग करें। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दो अक्टूबर को आपका जंतर-मंतर आना महत्वपूर्ण है, अन्यथा आज मतदान का अधिकार छीना जा रहा है, कल दूसरे सभी अधिकार भी छीन लिये जाएंगे।’’

संजय सिंह ने जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की

आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने देशभर में 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए हैं। संजय सिंह ने कहा, ‘‘यह छोटी संख्या नहीं है। निर्वाचन आयोग ने पूरी व्यवस्था को केंद्रीकृत कर दिया है और आयुक्तों (निर्वाचन) ने भी इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। अपने मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए जंतर-मंतर पहुंचें।’’

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि (ज्ञानेश) कुमार के जरिये बीजेपी हमारे मतदान का अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र खतरे में है और मैं आप सभी से कल जंतर-मंतर पहुंचने की अपील करती हूं।’’

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

इससे एक दिन पहले सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दो अक्टूबर को सुबह 11 बजे जंतर मंतर पर एक प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की थी। आयोजकों ने मतदाता सूचियों और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कवायद पर निर्वाचन आयोग के रूख पर चिंता व्यक्त की और आरोप लगाया है कि इसने नागरिकों के मताधिकारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आईसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, वकील प्रशांत भूषण और मनोज झा ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की अपनी मांग दोहराई थी। बोरा ने कहा कि आयोजकों ने संसद मार्ग थाने को प्रस्तावित प्रदर्शन के बारे में सूचित कर दिया था, जिसमें संभावित उपस्थिति, समय और कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिम्मेदार लोगों का विवरण शामिल था।

इसे भी पढ़ेंः ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्र नेताओं ने खोला मोर्चा, गांधी जयंती पर विशाल प्रदर्शन का ऐलान

कॉकरोच जनता पार्टी मुंबई में करेगी आंदोलन

इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने भी इस मुद्दे पर दो अक्टूबर को मुंबई में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। अनुमति न मिलने के बाद उसने "जेल भरो आंदोलन" का आह्वान किया है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और आगाह किया कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे और अक्टूबर के अंत से दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन किया जाएगा। दीपके ने मुंबई में कहा कि सीजेपी मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दो अक्टूबर को शहर के दादर इलाके के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘ज्ञानेश कुमार देशद्रोही हैं। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए और उनके खिलाफ आपराधिक मामला चलना चाहिए।’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए