हालात

पंजाब कांग्रेस ने चुनावी तैयारियां तेज कीं, 11 नवंबर को होगी 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान की शुरुआत

अभियान समिति के अध्यक्ष चरणजीत सिंह चन्नी 'जवानी संभाल, जट्टा' साइकिल रैली के जरिए अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचेंगे। पार्टी के पांच से छह वरिष्ठ नेता अलग-अलग क्षेत्रों में इस अभियान का नेतृत्व करेंगे और पार्टी का संदेश हर घर तक पहुंचाएंगे।

पंजाब कांग्रेस ने चुनावी तैयारियां तेज कीं,  11 नवंबर को होगी 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान की शुरुआत
पंजाब कांग्रेस ने चुनावी तैयारियां तेज कीं, 11 नवंबर को होगी 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान की शुरुआत फोटोः @INCPunjab

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने मंगलवार को ऐलान किया कि ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ अभियान की औपचारिक शुरुआत 11 नवंबर को होगी। इस पहल के जरिए कांग्रेस लोगों के साथ सीधा संवाद स्थापित करेगी, उनकी समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को समझेगी और उनकी चिंताओं को प्रभावी ढंग से उठाएगी।

परगट सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस अभियान की शुरुआत 4 नवंबर को संगरूर में आयोजित 'इंसाफ रैली' के साथ हो चुकी है। अब इसे पूरे पंजाब में बड़े स्तर पर विस्तारित किया जाएगा। कांग्रेस आईटी सेक्टर, कृषि, विभिन्न उद्योगों और समाज के अन्य वर्गों के लोगों के साथ सीधे जुड़ेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता लोगों की चिंताओं को समझने के लिए अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मालवा, माझा और दोआबा क्षेत्रों में विशेष जन-संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

परगट सिंह ने बताया कि अभियान समिति के अध्यक्ष चरणजीत सिंह चन्नी 'जवानी संभाल, जट्टा' साइकिल रैली के जरिए अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचेंगे। पार्टी के पांच से छह वरिष्ठ नेता अलग-अलग क्षेत्रों में इस अभियान का नेतृत्व करेंगे और पार्टी का संदेश हर घर तक पहुंचाएंगे।

परगट सिंह ने कहा कि पंजाब इस समय नशीले पदार्थों की समस्या, गैंगस्टरों के आतंक, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और 'पुलिस स्टेट' जैसी स्थितियों से जूझ रहा है। प्रशासनिक कुप्रबंधन के कारण आम लोगों और युवाओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पीसीएस परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र भी उनसे मिले थे और उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं और कुप्रबंधन को लेकर चिंता जताई थी। कांग्रेस एक व्यापक अभियान के तहत इन सभी मुद्दों को उठाएगी और सरकार को जवाबदेह ठहराएगी।

परगट सिंह ने बताया कि घोषणापत्र तैयार करने के लिए सबसे पहले समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सभी विधायक, सांसद और अन्य चुनावी उम्मीदवार शामिल होंगे। वे समिति के सामने अपने सुझाव और विचार रखेंगे। इसके बाद दूसरी बैठक जिला अध्यक्षों के साथ होगी। इसमें जिला स्तर पर सामने आ रही समस्याओं पर चर्चा की जाएगी और उनके समाधान के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य ऐसा घोषणापत्र तैयार करना है, जिसमें पंजाब के लोगों की वास्तविक समस्याओं और उनकी जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए सभी स्तरों से सुझाव और फीडबैक लिया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में हालात और भी खराब कर दिए हैं। उन्होंने 'आप' को बीजेपी की 'बी-टीम' बताते हुए कहा कि पार्टी ने नशीले पदार्थों की समस्या को खत्म करने के लिए दो साल का समय मांगा था, लेकिन आज भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का सरकार पर कोई नियंत्रण नहीं है और पंजाब को अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया चला रहे हैं। इस सरकार ने पंजाब की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है। कांग्रेस गरीबों, युवाओं और आम नागरिकों तक पहुंचेगी, उनकी समस्याओं को समझेगी और उनकी चिंताओं को मुख्यधारा की राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बनाएगी।

पंजाब में पराली जलाने और दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए परगट सिंह ने बीजेपी और आम आदमी पार्टी (आप) पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि न तो बीजेपी और न ही आम आदमी पार्टी ने पंजाब को निशाना बनाने का कोई मौका छोड़ा है। जब आम आदमी पार्टी दिल्ली में सत्ता में थी, तब भी वह प्रदूषण के लिए पंजाब से उठने वाले धुएं को जिम्मेदार ठहराती थी। अब बीजेपी की सरकार में भी इसी तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।

परगट सिंह ने कहा कि हवा के प्रवाह को लेकर ऐसा कोई तकनीकी पैटर्न नहीं है, जिसके आधार पर यह कहा जा सके कि पंजाब का धुआं ही दिल्ली में प्रदूषण का कारण बन रहा है। दिल्ली में प्रदूषण के कई अन्य कारण भी हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली खुद बड़े पैमाने पर प्रदूषण की समस्या से जूझ रही है। ऐसे में केवल पंजाब को निशाना बनाना और प्रदूषण के लिए उसे जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

वहीं, पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राज कुमार वेरका ने कहा कि पार्टी समिति के अध्यक्षों की बैठक कर रही है और जमीनी स्तर से फीडबैक जुटाया जा रहा है। इसके बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों, मौजूदा और पूर्व विधायकों तथा राज्यभर के अन्य नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। आगामी चुनावों की रणनीति बनाने के लिए वरिष्ठ नेताओं से भी सलाह ली जा रही है।

वेरका ने बताया कि कांग्रेस 12 तारीख से अपना चुनावी अभियान शुरू करेगी। इसके बाद एक के बाद एक कई अभियान चलाए जाएंगे, जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे। अभियान के दौरान आयोजित होने वाली बैठकों में वरिष्ठ नेता लोगों से सीधे बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य जनता के मुद्दों को उठाना और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करना है। पंजाब के लोगों की परेशानियों को दूर करने के लिए कांग्रेस लगातार प्रयास कर रही है।

पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुभम शर्मा ने कहा कि युवा कांग्रेस राज्य के युवाओं की उम्मीदों और मांगों को पार्टी के सामने रख रही है। पंजाब के युवा चाहते हैं कि अगली सरकार उनके हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसी नीतियां और योजनाएं लेकर आए, जिनसे उन्हें रोजगार और बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि डॉ. अमर सिंह ने युवाओं की अपेक्षाओं पर चर्चा करने के लिए उन्हें बुलाया था। इस दौरान युवाओं की विभिन्न मांगों और सुझावों को नोट किया गया है। इन सभी मुद्दों को डॉ. अमर सिंह के सामने रखा जाएगा, ताकि युवाओं की अपेक्षाओं को पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में शामिल किया जा सके।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • अखिलेश यादव का BJP पर हमला, 'एक भी बच्चा पढ़ाई से वंचित रहे तो अर्थव्यवस्था चाहे 5 लाख करोड़ की हो, उसका क्या फायदा'

  • ,
  • खड़गे ने दिल्ली की जहरीली हवा पर मोदी सरकार को घेरा- वायु प्रदूषण के मामले में हम ‘विश्वगुरु’ क्यों बन रहे हैं?

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: एक भी बच्चा पढ़ाई से वंचित रहे तो अर्थव्यवस्था चाहे पांच लाख करोड़ की हो, उसका क्या फायदा: अखिलेश

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: ईपीएफओ की सीबीटी बैठक अगले हफ्ते होगी और डाबर ने कीमतों में वृद्धि के संकेत दिए

  • ,
  • दिवाली पर दिल्ली में कितना था प्रदूषण, गायब डेटा सामने आने से और बढ़ी उलझन, आखिर क्यों है अलग-अलग AQI?