हालात

पंजाब: LPU में रेप की खबर पर बवाल, रातभर हंगामा-तोड़फोड़ के बाद सुबह भी प्रदर्शन, चंडीगढ़-अमृतसर हाईवे किया बंद

LPU में कथित रेप की सूचना पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। रात में कैंपस में तोड़फोड़ के बाद सुबह चंडीगढ़-अमृतसर हाईवे बंद किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

  • लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में कथित रेप की सूचना के बाद छात्रों का हंगामा।

  • रात में हंगामे और तोड़फोड़ के बाद छात्रों ने सुबह चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे फिर बंद कर दिया।

  • पुलिस के मुताबिक, छात्रा के साथ रेप की घटना की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है और वायरल मैसेज की जांच की जा रही है।

  • रात करीब 2 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन बाद में उग्र हो गया और यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी हुई।

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में कथित रेप की सूचना को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन सुबह भी जारी रहा। रात में हंगामे और तोड़फोड़ के बाद छात्रों ने सुबह एक बार फिर चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे को बंद कर दिया। यह पूरा विवाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस मैसेज के बाद शुरू हुआ, जिसमें एक छात्रा के साथ कथित रेप का दावा किया गया था।

हालांकि, पुलिस ने साफ कहा है कि अभी तक ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल मैसेज की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि छात्रा के साथ वास्तव में कोई घटना हुई थी या फिर वायरल मैसेज में किए गए दावे के कारण पूरा विवाद खड़ा हुआ।

रात 2 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन, यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़

बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी में जमा हुए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की शुरुआत गर्ल्स हॉस्टल के पास से होने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल मैसेज में दावा किया गया था कि एक व्यक्ति ने छात्रा के साथ रेप किया है।

देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया। छात्रों ने यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की। हंगामा बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के बाहर पहुंच गए और वहां भी तोड़फोड़ की। इसके बाद छात्र चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर पहुंच गए और धरना देकर सड़क को बंद कर दिया। इससे रात में हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ।

पुलिस मौके पर पहुंची, वायरल मैसेज की जांच जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद कपूरथला के एसपी गौरव तूर भी रात में मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छात्रों से बातचीत कर स्थिति को संभालने की कोशिश की। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल जांच का अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मैसेज कहां से आया और उसमें किए गए दावे की सच्चाई क्या है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल कथित रेप की घटना की पुष्टि नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए