हालात

बिहार: बेटी ने दूसरी जाति के युवक से किया प्रेम विवाह, नाराज परिवार ने जीतेजी कर दिया 'अंतिम संस्कार'

पूर्णिया में अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने बेटी से रिश्ता तोड़ते हुए उसका सांकेतिक अंतिम संस्कार कर दिया। अर्थी पर पुतला रखकर शव यात्रा भी निकाली गई।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

बिहार के पूर्णिया से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ब्राह्मण परिवार ने अनुसूचित जाति के युवक से प्रेम विवाह करने वाली अपनी बेटी को जीतेजी मृत मान लिया और उसका सांकेतिक अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया मृत व्यक्ति की तरह ही की गई। घर में महिलाएं विलाप करती रहीं, अर्थी तैयार की गई और लाउडस्पीकर पर शोक गीत बजाए गए। हालांकि, अर्थी पर बेटी के शव की जगह फूस और कपड़े से बना पुतला रखा गया था।

इसके बाद सांकेतिक शव यात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों और रिश्तेदारों ने भी हिस्सा लिया। शव यात्रा श्मशान घाट पहुंची, जहां कथित तौर पर रिया के पिता मनोज गोस्वामी ने पुतले को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के बाद रिया के पिंडदान की तैयारी भी की गई।

अनुसूचित जाति के युवक से की शादी, परिवार हुआ नाराज

दरअसल, पूर्णिया के चपई गांव की रहने वाली रिया गोस्वामी ने इसी गांव के मिलन पासवान से कोर्ट में शादी कर ली। रिया ब्राह्मण परिवार से हैं, जबकि मिलन अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखते हैं। दोनों एक ही गांव में रहते हैं, जहां अलग-अलग जातियों के लोग रहते हैं।

रिया के भाई और मिलन के बीच दोस्ती थी। इसी वजह से दोनों परिवारों में एक-दूसरे के घर आना-जाना था। इसी दौरान रिया और मिलन एक-दूसरे के करीब आए। बाद में रिया के पिता मनोज गोस्वामी ने उसकी शादी भागलपुर में तय कर दी थी और नवंबर में शादी की तारीख भी निकल गई थी।

पंचायत के बाद परिवार ने तोड़ लिया रिश्ता

परिवार की ओर से शादी तय किए जाने के बाद रिया ने घर से निकलकर मिलन से कोर्ट में शादी कर ली। इसके बाद परिवार चाहता था कि दोनों एक-दूसरे से अलग हो जाएं, लेकिन रिया और मिलन अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। मामले को लेकर पंचायत भी हुई, लेकिन दोनों ने एक-दूसरे को छोड़ने से इनकार कर दिया।

इसके बाद रिया के पिता और परिजनों ने उससे रिश्ता तोड़ने का फैसला किया। इसी फैसले के तहत रिया को मृत मानकर उसका सांकेतिक अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना के बाद इलाके में इसकी खूब चर्चा हो रही है। कुछ लोग रिया के पिता के फैसले को सही ठहरा रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे गलत बता रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए