हालात

दिल्ली की वोटर लिस्ट में राघव चड्ढा का नाम जुड़ा, AAP ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना, मांगा स्पष्टीकरण

आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग से पूरी प्रक्रिया को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। पार्टी का दावा है कि राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की मतदाता सूची में तय प्रक्रिया के तहत नहीं जोड़ा गया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

पंजाब से बीजेपी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की वोटर लिस्ट में शामिल किए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। दिल्ली में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को अपडेट किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के दौरान राघव चड्ढा का नाम राजिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में जोड़ा गया है।

आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग से पूरी प्रक्रिया को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। पार्टी का दावा है कि राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की मतदाता सूची में तय प्रक्रिया के तहत नहीं जोड़ा गया।

AAP ने क्या सवाल उठाए?

AAP नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे को उठाया। पार्टी ने राघव चड्ढा के उन बयानों का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने 3 सितंबर को आरोप लगाया था कि पंजाब में उनका नाम वोटर लिस्ट से हटाया गया है। AAP का कहना है कि इसके कुछ ही दिनों बाद, 7 सितंबर को उनका नाम दिल्ली की मतदाता सूची में दिखाई देने लगा। पार्टी ने चुनाव आयोग से पूछा कि आखिर 7 सितंबर को राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की वोटर लिस्ट में किस नियम और किस प्रक्रिया के तहत शामिल किया गया?

दिल्ली AAP के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि राजिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र के संबंधित मतदान केंद्र की 31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 746 मतदाता थे। बाद में राघव चड्ढा का नाम अतिरिक्त मतदाता के तौर पर सूची में दिखाई दिया।

भारद्वाज ने सवाल उठाया कि जब ड्राफ्ट सूची में 746 मतदाता दर्ज थे, तो उसके बाद नया नाम किस प्रक्रिया के तहत जोड़ा गया। उन्होंने चुनाव आयोग से आवेदन, जांच और नाम जोड़ने की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग की। AAP के मुताबिक, सूची में राघव चड्ढा का नाम सुनील चड्ढा के पुत्र के रूप में दर्ज है और उनकी उम्र 37 वर्ष बताई गई है।

चुनाव अधिकारियों ने क्या सफाई दी?

AAP के आरोपों पर चुनाव अधिकारियों ने कहा है कि राघव चड्ढा का नाम मतदाता सूची में अपडेट की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जोड़ा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, उनका नाम पंजाब की वोटर लिस्ट से हटाया जा चुका है।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार तक दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में नए मतदाताओं के नाम शामिल करने के लिए दाखिल किए गए कुल 700 फॉर्म-6 को निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) ने मंजूरी दी थी। राघव चड्ढा का आवेदन भी इन्हीं स्वीकृत आवेदनों में शामिल है।

4 नवंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

चुनाव कार्यालय के मुताबिक, SIR की प्रक्रिया के लिए दिल्ली की मतदाता सूची को 16 जून को फ्रीज किया गया था और यह स्थिति 31 अगस्त तक रही। इसके बाद 31 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई।

अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए करीब 2.14 लाख फॉर्म-6 जमा किए गए। इसके अलावा, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि के दौरान 7 सितंबर तक आठ दिनों में 25,011 और फॉर्म-6 जमा किए गए।

इन आवेदनों की जांच और मंजूरी की प्रक्रिया जारी है। चुनाव कार्यालय का कहना है कि फॉर्म-6 के अलावा फॉर्म-7 और फॉर्म-8 पर भी प्रक्रिया चल रही है। आवेदन स्वीकृत होने के बाद मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या उसमें संशोधन की कार्रवाई की जाएगी।

अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को प्रकाशित की जानी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए