
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी के आज शाम राष्ट्र को संबोधित करने की खबर पर करारा हमला किया है। उन्होंने भारत-चीन के बीच सीमा पर पिछले छह महीने से जारी गतिरोध को लेकर पीएम पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा कि “प्रिय प्रधानमंत्री, आज शाम 6 बजे अपने संबोधन में कृपा कर देश को जरूर बताएं कि आप चीन को कब तक भारतीय क्षेत्र से बाहर फेंक देंगे।” साथ ही उन्होंने कहा कि मैं इस बात की गारंटी देता हूं कि प्रधानमंत्री में ये बताने की हिम्मत नहीं होगी। प्रधानमंत्री चीन के बारे में एक शब्द नहीं बोलेंगे।
Published: 20 Oct 2020, 4:58 PM IST
इससे पहले मंगलवार को केरल में अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के दौरे के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर कोरोना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मैंने अपने निर्वाचन क्षेत्र में कोविड प्रबंधन की समीक्षा की। राज्य और केंद्र सरकार आरोप-प्रत्यारोप का खेल खेल रही हैं, जबकि कोरोना तेजी से फैल रहा है। सभी को कोरोना को हराने के लिए ध्यान देना चाहिए।”
Published: 20 Oct 2020, 4:58 PM IST
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 6 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी है। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा, “आज शाम 6 बजे राष्ट्र के नाम संदेश दूंगा। आप जरूर जुड़ें।” माना जा रहा है कि पीएम मोदी का आज का राष्ट्र के नाम संबोधन देश में कोरोना वायरस की स्थिति और उससे लड़ने के लिए विकसित किए जा रहे टीकों को लेकर हो सकता है।
Published: 20 Oct 2020, 4:58 PM IST
गौरतलब है कि भारत में कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक कई दफे इस मुद्दे पर राष्ट्र को संबोधित कर चुके हैं। सबसे पहले मार्च महीने की 19 तारीख को उन्होंने राष्ट्र को संदेश देते हुए जनता कर्फ्यू का आह्वान किया था और फिर उसके बाद 24 मार्च को अचानक राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में उन्होंने 21 दिन के लॉकडाउन का ऐलान कर दिया था। इसके बाद भी वह बीच-बीच में कई बार राष्ट्र के नाम अपना संबोधन कर चुके हैं।
Published: 20 Oct 2020, 4:58 PM IST
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 20 Oct 2020, 4:58 PM IST