
उत्तराखंड के देहरादून में कांग्रेस द्वारा आज 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों को संबोधित करने के साथ उनके साथ संवाद भी करेंगे। देहरादून के परेड ग्राउंड की जगह अब बन्नू कॉलेज ग्राउंड में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस के मुताबिक, इस कार्यक्रम के लिए 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, प्रवेश और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
संभावित भीड़ और राहुल गांधी की सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली से सुरक्षा प्रभारी के नेतृत्व में करीब 40 से 50 सुरक्षाकर्मियों की टीम पहुंची है। टीम ने बन्नू कॉलेज ग्राउंड और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम स्थल तय होने के बाद से सुरक्षा एजेंसियों ने वहां अपनी निगरानी बढ़ा दी है। वहीं, 6 ट्रकों में लाया गया कार्यक्रम का सामान भी स्थल पर व्यवस्थित कर दिया गया है।
कांग्रेस के अनुसार, राहुल गांधी मंच से छात्रों को संबोधित करेंगे और उनके साथ सीधा संवाद भी करेंगे। इसके लिए पंडाल में एक ओर विशेष मंच तैयार किया गया है, जहां केवल राहुल गांधी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम स्थल अपेक्षाकृत छोटा होने और बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए छात्रों के लिए स्टैंडिंग व्यवस्था की गई है।
छात्रों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में सहायता के लिए हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। साथ ही पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था की गई है। जिन छात्रों ने पहले पंजीकरण नहीं कराया है, उनके लिए कार्यक्रम स्थल पर क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि राहुल गांधी के साथ संवाद को लेकर छात्रों में काफी उत्साह है और इसी कारण 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि पंडाल में केवल पंजीकृत छात्रों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
राहुल गांधी के मंच के पास करीब 150 वरिष्ठ नेताओं के बैठने की व्यवस्था भी की गई है। यहां केंद्र और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक और अन्य पदाधिकारियों को सिर्फ पास के आधार पर प्रवेश मिलेगा। बिना पास किसी भी नेता को इस क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए