
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को दिन भर पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद आसमान में काले बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। इसके साथ ओलावृष्टि भी हो रही है।
Published: undefined
मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा पहले ही 30 अप्रैल के लिए पूर्वानुमान जारी किया गया था। जारी रिपोर्ट के अनुसार, इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का अनुमान था। वहीं, आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) का स्तर 48 प्रतिशत से 30 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना जताई गई थी।
मौसम विभाग ने साफ तौर पर चेतावनी दी थी कि दिन के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने यह भी बताया था कि दोपहर और शाम के समय 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। यही कारण रहा कि अचानक आई आंधी ने वातावरण को ठंडा कर दिया और उसके बाद बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया।
Published: undefined
आईएमडी के अनुसार, दोपहर में हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ बिजली कड़कने की संभावना जताई गई थी, जबकि शाम के समय भी इसी तरह का मौसम बने रहने की चेतावनी दी गई थी। यह पूर्वानुमान पूरी तरह सटीक साबित हुआ, जब शाम होते-होते एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।
वहीं, 1 मई के लिए मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इस दिन भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। पिछले कुछ दिनों से एनसीआर में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा था। स्कूलों के समय में बदलाव किया गया था और अस्पतालों में हीट स्ट्रोक व डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही थी।
Published: undefined
ऐसे में मौसम में आया यह बदलाव लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है, जिसमें बादलों की आवाजाही, हल्की बारिश और तेज हवाएं शामिल रहेंगी। इससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है और लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से कुछ राहत मिलती रहेगी।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined