हालात

राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने सात उम्मीदवारों की घोषणा की, खड़गे और पवन खेड़ा कर्नाटक से जाएंगे उच्च सदन

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन और राजस्थान से पार्टी के वर्तमान राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती और झारखंड से प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है।

राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने सात उम्मीदवारों की घोषणा की, खड़गे और पवन खेड़ा कर्नाटक से जाएंगे उच्च सदन
राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने सात उम्मीदवारों की घोषणा की, खड़गे और पवन खेड़ा कर्नाटक से जाएंगे उच्च सदन फोटोः सोशल मीडिया

कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार को अपने सात उम्मीदवारों की घोषणा की, जिनमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सबसे प्रमुख है। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, कांग्रेस ने कर्नाटक से खड़गे, पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को उम्मीदवार बनाया है।

खड़गे वर्तमान में भी अपने गृह प्रदेश से ही उच्च सदन के सदस्य हैं। वह राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष भी हैं। पवन खेड़ा पहली बार किसी सदन के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं मंसूर अली खान पूर्व केंद्रीय मंत्री के. रहमान खान के पुत्र हैं और लंबे समय से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी में अलग-अलग भूमिकाओं में सक्रिय हैं। वह पिछले लोकसभा चुनाव में बेंगलुरु सेंट्रल क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार थे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

Published: undefined

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया है। वह वर्तमान में पार्टी की तेलंगाना प्रभारी हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का राज्यसभा का कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है। हालांकि उन्होंने पहले ही राज्यसभा नहीं जाने की अपनी इच्छा जाहिर कर दी थी।

पार्टी ने राजस्थान से पार्टी के वर्तमान राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती को टिकट दिया है। वह वर्तमान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दो प्रकोष्ठों ‘प्रोफेशनल कांग्रेस’ और प्रोद्यौगिकी एवं डेटा विभाग के प्रमुख हैं। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ कांग्रेस का गठबंधन कराने में उनकी अग्रणी भूमिका मानी जाती है।

Published: undefined

टीवीके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने एआईएडीएमके के राज्यसभा सदस्य सी.वी. षणमुगम के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट कांग्रेस को देने की बुधवार को घोषणा की थी, जिसके बाद चक्रवर्ती को टिकट दिया गया है। इसके अलावा कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय सचिव प्रणव झा को झारखंड से उम्मीदवार बनाया है। झा मूल रूप से झारखंड के निवासी हैं और वर्तमान में कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय से संबंद्ध हैं।

Published: undefined

संसद के उच्च सदन की 24 सीट के लिए 18 जून को चुनाव होगा। राज्यसभा की इन सीटों के लिए चुनाव उन 10 राज्यों में होंगे जहां मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीट, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीट, झारखंड की दो सीट और मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश तथा मिजोरम की एक-एक सीट पर होंगे। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख आठ जून है।

Published: undefined