
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस की राष्ट्रीय आंदोलन आयोजन समिति के प्रमुख दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर हमला बोला है और उसे सत्ता भोगी संगठन बताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि संघ की हिंदुत्व की विचारधारा पर नफरत और हिंसा फैलाने वालों का कब्जा हो चुका है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक ट्वीट कर कहा, आरएसएस उन्मुखी संगठन के बजाय सत्ता भोगी संगठन हो चुका है। उनकी 'हिंदुत्व' विचारधारा पर नफरत और हिंसा फैलाने वालों का कब्जा हो चुका है। वे ही उनके लिए अब कमाउ पूत हो चुके हैं।
दिग्विजय सिंह के बयान पर बीजेपी ने हमले तेज कर दिए हैं। राज्य सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री भपेंद्र सिंह ने कहा कि हमें दिग्विजय सिंह के किसी प्रमाण पत्र की जरुरत नहीं है, ये प्रमाण पत्र जनता देती है। जहां तक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की बात है तो उसके त्याग और परिश्रम के बारे में दिग्विजय सपने में भी नहीं सोच सकते। संघ के त्याग के सामने दिग्विजय सिंह बहुत छोटे हैं।
गौरतलब है कि इन दिनों दिग्विजय सिंह महंगाई सहित अन्य समस्याओं को लेकर बीजेपी सरकार के खिलाफ जनजागरण अभियान पर निकले हुए हैं। वे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जा रहे हैं। उनके निशाने पर बीजेपी और उसकी सरकारें हैं। इसी बीच उन्होंने संघ पर हमला बोला है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए