हालात

बिहार: सोनपुर मेले में जा रहे हैं तो रास्ता जान लें, 25 नवंबर तक गाड़ियों की नो एंट्री, गंडक पुल पर भी रोक

सोनपुर में 25 नवंबर की सुबह तक सामान्य वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। पुराने गंडक पुल पर 26 नवंबर तक वाहनों की रोक और पैदल आवाजाही के नियम लागू हैं।

सोनपुर मेला
सोनपुर मेला 

  • सोनपुर मेला और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को देखते हुए 23 नवंबर से 25 नवंबर की सुबह तक सोनपुर शहर में सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

  • पुराने गंडक पुल पर 26 नवंबर की शाम 5 बजे तक चारपहिया और दोपहिया वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

  • हाजीपुर से सोनपुर जाने वाले श्रद्धालु पुल के मुख्य सड़क मार्ग और दोनों पैदल लेन का इस्तेमाल कर सकेंगे, लेकिन वापसी के लिए यह रास्ता बंद रहेगा।

  • 26 नवंबर दोपहर 12 बजे से पुल पर पैदल आवाजाही की दिशा बदलेगी। यह व्यवस्था 28 नवंबर तक लागू रहेगी।

बिहार के विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेले में पहुंचने और कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर है। आज 23 नवंबर से हाजीपुर और सोनपुर में यातायात व्यवस्था के विशेष नियम लागू हो गए हैं। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सोनपुर शहर में सामान्य वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई है। वहीं, हाजीपुर और सोनपुर को जोड़ने वाले पुराने गंडक पुल पर पैदल आने-जाने के लिए अलग व्यवस्था की गई है।

ऐसे में अगर आप आज या अगले दो दिनों में हाजीपुर, सोनपुर या हरिहरनाथ मंदिर जाने की योजना बना रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान समझ लेना जरूरी है। खासकर पुराने गंडक पुल से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को इस बात का ध्यान रखना होगा कि फिलहाल आवाजाही एकतरफा रहेगी और सोनपुर से हाजीपुर लौटने के लिए इस रास्ते का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

25 नवंबर की सुबह तक सोनपुर में गाड़ियों की नो एंट्री

कार्तिक पूर्णिमा स्नान और सोनपुर मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए 23 नवंबर के पूर्वाह्न से 25 नवंबर के पूर्वाह्न तक सोनपुर शहर में सामान्य वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान आम गाड़ियों को शहर में जाने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, मेला कार्य में लगे सरकारी वाहनों और एंबुलेंस को परिचालन की छूट दी गई है।

प्रशासन का यह फैसला स्नान घाटों और मेला क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लिया गया है। सारण और वैशाली जिला प्रशासन आपसी समन्वय से यातायात व्यवस्था संभाल रहा है। नए गंडक पुल यानी एनएच-19 पर छोटे वाहनों का परिचालन जारी रहेगा, जबकि पुराने गंडक पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

पुराने गंडक पुल पर सिर्फ हाजीपुर से सोनपुर जा सकेंगे श्रद्धालु

हाजीपुर और सोनपुर को जोड़ने वाले सौ साल से अधिक पुराने गंडक पुल पर कार्तिक पूर्णिमा के दौरान विशेष व्यवस्था लागू की गई है। पुल का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण पहले से ही इस पर भारी वाहनों का परिचालन बंद है। अब श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 23 नवंबर से 26 नवंबर की शाम 5 बजे तक पुल पर चारपहिया और दोपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।

इस अवधि में हाजीपुर से सोनपुर और हरिहरनाथ मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालु पुल के बीच वाले मुख्य सड़क मार्ग और दोनों तरफ बने पैदल यात्री लेन का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, यह व्यवस्था एकतरफा रहेगी। यानी सोनपुर से हाजीपुर लौटने वाले पैदल यात्रियों को पुराने गंडक पुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें वापसी के लिए प्रशासन की ओर से निर्धारित वैकल्पिक व्यवस्था अपनानी होगी।

26 नवंबर से फिर बदलेगा गंडक पुल पर आने-जाने का रास्ता

पुराने गंडक पुल पर 26 नवंबर को दोपहर 12 बजे से पैदल आवाजाही की व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इसके तहत पुल का बीच वाला मुख्य सड़क मार्ग सोनपुर से हाजीपुर आने वाले यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं, पुल के दोनों तरफ बने पैदल यात्री लेन हाजीपुर से सोनपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे।

यह व्यवस्था 28 नवंबर तक लागू रहेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रास्तों का ही इस्तेमाल करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। खासकर पुराने गंडक पुल से आने-जाने वाले लोग यात्रा से पहले अपनी दिशा और वैकल्पिक रास्ते की जानकारी जरूर रखें, ताकि स्नान और मेले के दौरान जाम या किसी दूसरी परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए