हालात

लखनऊ के KGMU में नॉनवेज बैन, सुरेंद्र राजपूत ने बीजेपी को घेरा, कहा- क्या अब लोगों के खानपान पर भी नियंत्रण करेगी

सुरेंद्र राजपूत ने बीजेपी पर देश में हिंदू-मुस्लिम की सियासत करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद का भोजन करने और पहनावा चुनने की स्वतंत्रता देता है लेकिन बीजेपी इस पर राजनीति कर रही है।

लखनऊ के KGMU में नॉनवेज बैन, सुरेंद्र राजपूत ने बीजेपी को घेरा, कहा- क्या अब लोगों के खानपान पर भी नियंत्रण करेगी
लखनऊ के KGMU में नॉनवेज बैन, सुरेंद्र राजपूत ने बीजेपी को घेरा, कहा- क्या अब लोगों के खानपान पर भी नियंत्रण करेगी फोटोः IANS

लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के सभी हॉस्टल मेस और कैंटीन में नॉनवेज खाना बनाने और परोसने पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या बीजेपी अब लोगों के खान-पान पर भी नियंत्रण करेगी।

कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने बीजेपी पर देश में हिंदू-मुस्लिम की सियासत करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद का भोजन करने और पहनावा चुनने की स्वतंत्रता देता है लेकिन बीजेपी इस पर राजनीति कर रही है।

सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि क्या अब लोगों के खान-पान पर भी सरकार या बीजेपी नियंत्रण करेगी। हिंदू समाज में भी वैष्णव शाकाहारी होते हैं, जबकि भगवान शिव के अनेक अनुयायी मांसाहारी हैं। ऐसे में किसी पर भी भोजन संबंधी प्रतिबंध थोपना उचित नहीं है।

नीट और युवाओं को सरकारी नौकरी न मिलने पर कांग्रेस नेता ने कहा कि 22 लाख परिवार और 22 लाख बच्चे विभिन्न समस्याओं से प्रभावित हुए हैं, जिससे छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। इसके साथ ही 69 हजार शिक्षकों को अब तक नौकरी नहीं मिल सकी जबकि देश में बेरोज़गारी लगातार बढ़ रही है। देश में लगातार अनियमिता देखने को मिल रही है।बीजेपी लोगों का ध्यान मुद्दों से भटकाने के लिए दूसरे विषयों को उछाल रही है।

राम मंदिर ट्रस्ट में सीईओ पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाने पर सुरेंद्र राजपूत ने सवाल उठाया कि जब ट्रस्ट में पहले कर्मचारियों की नियुक्ति हुई थी, तब आवेदन क्यों नहीं मांगे गए। घोटाले के बाद अब इस प्रक्रिया का केवल प्रचार किया जा रहा है। सीईओ का पद पहले से ही बीजेपी समर्थक विचारधारा के व्यक्ति के लिए तय किया गया है।

देवेंद्र फडणवीस और एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेताओं की कथित बैठक पर उन्होंने कहा कि अटकलों और कयासों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। शरद पवार एक अनुभवी नेता हैं और पिछले दो वर्षों से उनके खिलाफ इस तरह की बातें कही जाती रही हैं, जो सही साबित नहीं हुईं।

इसे भी पढ़ेंः चंदा चोरी विवाद के बीच राम मंदिर ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद के लिए मांगे आवेदन, 18 जुलाई आखिरी तारीख

दलबदल की राजनीति पर राजपूत ने बीजेपी पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अन्य दलों के सांसदों को तोड़ना लोकतंत्र के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने दावा किया कि जनता ऐसे नेताओं और उन्हें प्रोत्साहित करने वालों को समय आने पर जवाब देगी।

पश्चिम बंगाल में पिछड़ा वर्ग की सूची में 17 मुस्लिम जातियों को शामिल किए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और गुजरात सहित कई राज्यों में भी मुस्लिम समुदाय की कुछ जातियां पिछड़ा वर्ग में शामिल हैं। उनके अनुसार बीजेपी केवल हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रही है। धीरेंद्र शास्त्री के भाई से जुड़े मामले पर उन्होंने कहा कि यदि परिवार का कोई सदस्य अपराध करता है तो उसे कानून के अनुसार कठोर दंड मिलना चाहिए।