हालात

नोएडा में CBSE परीक्षा के दौरान मचा हड़कंप, कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते मौके पर

सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा बल, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंच गए। स्कूल परिसरों की सघन चेकिंग की जा रही है। हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु की पुष्टि की जा सके।

नोएडा के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
नोएडा के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी  फोटो: IANS

नोएडा में उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के एक दर्जन से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। यह धमकी ऐसे समय में दी गई, जब स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाएं चल रही हैं। परीक्षा के दौरान आई इस धमकी ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार सुबह कई निजी स्कूलों के आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरे संदेश भेजे गए। ईमेल में स्कूल परिसरों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन को इसकी जानकारी दी। एहतियात के तौर पर कुछ स्कूलों में छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जबकि कई जगहों पर परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षा घेरे में जारी रखा गया।

सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा बल, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंच गए। स्कूल परिसरों की सघन चेकिंग की जा रही है। हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु की पुष्टि की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी स्कूल से विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच पूरी होने तक सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस साइबर सेल की टीम भी धमकी भरे ईमेल की जांच में जुट गई है। ईमेल किस आईडी से भेजा गया, उसका सर्वर और लोकेशन क्या है, इसकी तकनीकी पड़ताल की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि पहले भी इस तरह की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया था। हालांकि, हर बार की तरह इस बार भी किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह धमकी वास्तविक थी या फिर किसी शरारती तत्व की करतूत। फिलहाल पूरे नोएडा में स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट को भेजे 9 नोटिस, चक्काजाम-पथराव के बाद अब नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने BJP दफ्तर को घेरा

  • ,
  • IND vs ENG: पांचवें T20 में दांव पर होगी टीम इंडिया की नंबर एक की कुर्सी, जानें कैसा रहेगा पिच और मौसम का हाल

  • ,
  • Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में पूरे सप्ताह 'नो वार्निंग', गर्मी और उमस के लिए हो जाइए तैयार!

  • ,
  • बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी: निलंबित कर्मचारी पहुंचा HC, याचिका पर कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब, 16 जुलाई को सुनवाई

  • ,
  • मेरठ छात्रा हत्याकांड: 'जिस राज्य का मुख्य ही महिलाओं के साथ...', पीड़ित परिवार से मिले अखिलेश, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल