हालात

आंध्र प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कमी के डर से हजारों लोग पेट्रोल पंपों पर उमड़े, डीएम बोले- घबराने की जरूरत नहीं

गुंटूर के ईंधन खुदरा विक्रेता संघ के सदस्य गोपाल कृष्ण ने बताया कि यह संकट पूरे राज्य में फैल चुका है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘केवल गुंटूर ही नहीं, पूरे राज्य में यही स्थिति है। हमारे डीलरों से हमें जानकारी मिल रही है कि हर जगह डीजल खत्म हो रहा है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS सांकेतिक फोटो

सरकार द्वारा ‘पेट्रोल और डीजल की कमी नहीं होने’ का आश्वासन दिए जाने के बावजूद, आंध्र प्रदेश में सोमवार को हजारों वाहन चालक पेट्रोल और डीजल की कमी के भय से पेट्रोल पंपों पर उमड़ पड़े। राजामुंदरी के एक पेट्रोल पंप पर कई दोपहिया वाहन, कार, ट्रक और अन्य वाहन कतार में लगे दिखे। लोग पेट्रोल और डीजल खरीदने के लिए प्लास्टिक के डिब्बे भी लिये हुए नजर आए।

Published: undefined

विजयवाड़ा के ऑटो नगर स्थित एक पेट्रोल पंप पर भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली, जहां कई वाहन कतार में लगे हुए थे। रविवार दोपहर को विजयवाड़ा के अजीत सिंह नगर और आसपास के सभी पेट्रोल पंपों पर यही हाल था।

गुंटूर के ईंधन खुदरा विक्रेता संघ के सदस्य गोपाल कृष्ण ने बताया कि यह संकट पूरे राज्य में फैल चुका है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘केवल गुंटूर ही नहीं, पूरे राज्य में यही स्थिति है। हमारे डीलरों से हमें जानकारी मिल रही है कि हर जगह डीजल खत्म हो रहा है। हमें उम्मीद है कि कल (28 अप्रैल) तक 70 से 80 प्रतिशत पेट्रोल पंपों पर ईंधन पहुंच जाएगा।’’

Published: undefined

उन्होंने दावा किया कि पिछले सप्ताह तेल कंपनियों ने डीलरों को कम ईंधन देने का इरादा किया और डीजल की आपूर्ति रोक दी, जिससे यह संकट पैदा हुआ। कृष्ण ने कहा कि जहां ईंधन उपलब्ध है, वहां लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे घबराएं नहीं और ईंधन का भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति की जाएगी और कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी।

इस बीच, पोलावरम जिले के कलेक्टर दिनेश कुमार ने कहा कि ‘‘पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है। ईंधन की कोई कमी नहीं है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।’’

Published: undefined

उन्होंने लोगों को अनावश्यक रूप से बड़ी मात्रा में ईंधन नहीं खरीदने की सलाह दी और कमी होने की स्थिति में जानकारी साझा करने का आह्वान किया।

इस बीच, परिवहन मंत्री एम राम प्रसाद रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में अस्थायी व्यवधान के बावजूद परिवहन सेवाएं प्रभावित न हों। परिवहन सेवाओं से सतर्क रहने का आह्वान करते हुए मंत्री ने कहा कि लोगों को असुविधा नहीं होनी चाहिए।

Published: undefined

उन्होंने कहा, "राज्य भर में सभी परिवहन सेवाओं को यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।’’ उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था करने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए, परिवहन विभाग और निजी ऑपरेटर के समन्वय से बसों और अन्य परिवहन वाहनों का संचालन अनिश्चित काल तक जारी रखा जाना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी और लोगों से सहयोग करने का अनुरोध किया।

Published: undefined