हालात

यूपी के उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, डबल डेकर बस पलटी, 6 की मौत, 21 घायल

यूपी के उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटने से 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 19 घायल हुए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 262 पर दिल्ली से गोरखपुर जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

चालक को आई नींद की झपकी, बेकाबू होकर पलटी बस

जानकारी के मुताबिक, डबल डेकर बस दिल्ली से गोरखपुर की ओर जा रही थी। मंगलवार सुबह जब बस उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले रेलिंग से टकराई, फिर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के शीशे टूट गए और कई यात्री बस से बाहर जा गिरे। बाहर गिरे यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।

राहत-बचाव में जुटी पुलिस और यूपीडा टीम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे में 6 यात्रियों की मौत हुई है, जबकि 19 लोग घायल हैं। मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया भयावह मंजर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस काफी तेज रफ्तार में चल रही थी। अचानक बस डगमगाई और रेलिंग से टकराते हुए पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग सीटों के नीचे दब गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: छात्रों के प्रदर्शन को सुप्रीम कोर्ट के वकीलों का मिला समर्थन, CJP बोली- मोदी का जवाब नाकाफी, प्रधान का इस्तीफा जरूरी

  • ,
  • मौसम अपडेट: दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा

  • ,
  • बड़े कर्जदारों पर नरमी, आम लोगों पर सख्ती क्यों? कॉर्पोरेट लोन राइट ऑफ पर शिवसेना (यूबीटी) का मोदी सरकार से सवाल

  • ,
  • राजा रघुवंशी हत्याकांड: आरोपी सोनम रघुवंशी को जाना होगा जेल, सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की जमानत याचिका

  • ,
  • 'पुलिस ने राहुल गांधी के साथ 'धक्का-मुक्की' की', कांग्रेस सांसद ने लोकसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया