
यूपी में विशेष पुनरीक्षण (SSR-2027) के दौरान किसी भी मतदाता की व्यक्तिगत जानकारी उसकी सहमति के बिना नहीं बदली जाएगी।
नाम, रिश्तेदारों का विवरण, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और फोटो में गड़बड़ी मिलने पर भी संशोधन के लिए हस्ताक्षरित Form-8 जरूरी होगा।
BLO मतदाताओं से संपर्क कर विसंगतियों की जानकारी देंगे और दस्तावेजों के आधार पर विवरण का भौतिक सत्यापन करेंगे।
Form-8 आवेदनों की जांच AERO और ERO करेंगे। जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद ही बदलाव होगा।
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। विशेष पुनरीक्षण के दौरान अगर किसी मतदाता के नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर या फोटो में गड़बड़ी सामने आती है, तब भी उसकी जानकारी अपने आप नहीं बदली जा सकेगी। इसके लिए संबंधित मतदाता की सहमति और विधिवत भरा हुआ हस्ताक्षरित Form-8 अनिवार्य होगा। यानी मतदाता की व्यक्तिगत जानकारी में संशोधन से पहले उसकी सहमति लेना जरूरी होगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने बुधवार को बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के दौरान जुटाई गई जानकारियों का मौजूदा मतदाता सूची में दर्ज विवरण से मिलान किया जाएगा। यह प्रक्रिया विशेष पुनरीक्षण (SSR)-2027 के तहत की जा रही है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में संभावित गलतियों और विसंगतियों की पहचान करना है।
इस प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम, उनके रिश्तेदारों के नाम, रिश्तों का विवरण, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और तस्वीरों समेत अन्य जानकारियों की जांच की जाएगी। अगर किसी जानकारी में अंतर मिलता है तो उसे सीधे बदलने के बजाय पहले उसका सत्यापन कराया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, जिन प्रविष्टियों में गड़बड़ी सामने आएगी, उनका अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (BLO) संबंधित मतदाताओं से संपर्क करेंगे और उन्हें उनकी जानकारी में मिली विसंगतियों के बारे में बताएंगे। इसके बाद उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर विवरण का सत्यापन किया जाएगा।
अगर जांच के बाद किसी जानकारी में सुधार की जरूरत पड़ती है तो BLO संबंधित मतदाता से विधिवत भरा हुआ और हस्ताक्षरित Form-8 प्राप्त करेंगे। इसके बाद इन आवेदनों की जांच सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) करेंगे। सहायक दस्तावेजों की जांच और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी मिलने के बाद ही मतदाता सूची में संशोधन किया जा सकेगा।
नवदीप रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने सत्यापन की प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाताओं की जनसांख्यिकीय जानकारी या तस्वीरों में अपने आप कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से और निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत पूरी होगी। इस निर्देश का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदाता सूची में किसी भी तरह का संशोधन संबंधित मतदाता की सहमति और निर्धारित प्रक्रिया के बिना न हो।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए