हालात

कर्नाटक बीजेपी में येदियुरप्पा के खिलाफ बगावत तेज, बागी विधायक ने फोन टैपिंग, पीछा करने का लगाया आरोप

बीजेपी विधायक अरविंद बेलाड ने कहा कि उनका विश्वास है कि उनका फोन टैप किया जा रहा है और उनका लगातार पीछा किया जा रहा है। बेलाड ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष और राज्य के गृहमंत्री बसवराज बोम्मई को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

कर्नाटक की बीजेपी सरकार के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ उनकी ही पार्टी में उठा विरोध राष्ट्रीय नेताओं के हस्तक्षेप के बाद भी शांत नहीं हो रहा है। येदियुरप्पा के मुख्य विरोधियों में से एक हुबली-धारवाड़ पश्चिम के बीजेपी विधायक अरविंद बेलाड ने अपना फोन टैप किये जाने और लगातार पीछा किये जाने का आरोप लगाकर नया विवाद खड़ा कर दिया है।

बीजेपी विधायक अरविंद बेलाड ने गुरुवार को कहा कि उनका 'विश्वास' है कि उनका फोन टैप किया जा रहा है और उनका लगातार पीछा किया जा रहा है। बेलाड ने कहा कि वह इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी और राज्य के गृहमंत्री बसवराज बोम्मई को पहले ही एक विस्तृत पत्र सौंप चुके हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मैंने इस संबंध में उनसे (बोम्मई और कागेरी) हस्तक्षेप की मांग की है।"

अरविंद बेलाड ने कहा कि उनके पिता चंद्रकांत बेलाड बीजेपी से पांच बार विधायक रहे हैं और वह खुद 2013 से विधायक हैं। दोनों ने सार्वजनिक जीवन में एक बेदाग रिकॉर्ड बनाए रखा है।
उन्होंने दावा किया, "यह सब तब शुरू हुआ जब मुझे कुछ समय पहले युवराज स्वामी का फोन आया। तब से मेरा दृढ़ विश्वास है कि मेरा फोन टैप किया जा रहा है और मेरा लगातार पीछा किया जा रहा है।"

एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ समय पहले एक अनजान नंबर से कॉल आया, जिसने कहा कि स्वामी बोल रहे हैं। बेलाड ने कहा, "शुरुआत में मुझे लगा कि यह कोई धार्मिक नेता हैं, लेकिन उसके बाद उन्होंने अपना परिचय युवराज स्वामी के रूप में दिया, जो किसी अपराध के लिए जेल में बंद थे और उन्होंने मुझे अस्पताल से फोन करके कहा था कि वह मुश्किल में हैं। यह महसूस करते हुए कि यह मेरे लिए एक जाल बिछाया गया था, मैंने तुरंत डिस्कनेक्ट कर दिया।

उन्होंने कहा कि यह सारा घटनाक्रम उन्हें चुप कराने और उन्हें बदनाम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बहुत कुछ बताता है। उन्होंने येदियुरप्पा का नाम लिए बिना कहा कि "मुझे नहीं पता कि यह साजिश कौन कर रहा है, लेकिन यह एक खतरनाक प्रवृत्ति है।"

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • अर्थतंत्र की खबरें: वैश्विक तनावों के चलते बाजार लाल निशान में बंद और अमेरिका में डीजल $6 प्रति गैलन के पार

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: 'UP सरकार के लोग कर रहे बड़े पैमाने पर अन्याय', विनोद साहनी की मौत पर अखिलेश यादव का तीखा हमला

  • ,
  • बंगाल में धीरेंद्र शास्त्री के विवादित बयान का विरोध करने वाले कांग्रेस नेता गिरफ्तार, आधी रात को पुलिस ने उठाया

  • ,
  • दिल्ली के सत्य निकेतन हादसा: 7 जिंदगियां लीलने वाले आरोपी शुभम ने किया सरेंडर, कोर्ट ने पुलिस कस्टडी में भेजा

  • ,
  • खेल: सिराज बोले- ब्रेक ने मेरी गेंदबाजी को प्रभावित किया और ईशान किशन ने DRS को लेकर वैभव सूर्यवंशी पर कसा तंज