
उत्तर प्रदेश में देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 14 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इनमें तीन जिलों के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के साथ अपर आयुक्त स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं। सहारनपुर के CDO रहे राजेश महाजन को अब CEO, यूपी स्टार्टअप मिशन बनाया गया है, जबकि उनकी जगह अपर आयुक्त, राज्य कर उत्तर प्रदेश के पद पर तैनात आईएएस डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया CDO बनाया गया है।
लखीमपुर में CDO रहे आईएएस अभिषेक कुमार का भी तबादला किया गया है। उन्हें अब आईटी एवं इलेक्ट्रोनिक्स विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं आईटी एवं इलेक्ट्रोनिक्स विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात अधिकारी को लोक निर्माण विभाग (PWD) का विशेष सचिव बनाया गया है।
अयोध्या में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर तैनात योगानंद पांडे को लखीमपुर का नया CDO बनाया गया है। वहीं अंबेडकर नगर के CDO आनंद कुमार शुक्ला को विशेष सचिव, रेशम विभाग और निदेशक, रेशम के पद पर भेजा गया है। उनकी जगह कुशीनगर में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के पद पर तैनात वैभव मिश्रा को अंबेडकर नगर का नया CDO बनाया गया है।
प्रयागराज में राजस्व परिषद के सदस्य (न्यायिक) रहे साहब सिंह को सचिव, सचिवालय प्रशासन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पद पर भेजा गया है। वहीं विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम को सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद, प्रयागराज नियुक्त किया गया है। विशेष सचिव, रेशम विभाग एवं निदेशक, रेशम के पद पर तैनात देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को भी सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद, प्रयागराज बनाया गया है।
इसके अलावा संयुक्त निदेशक, युवा कल्याण अशोक कुमार कनौजिया को विशेष सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी दी गई है। अपर आयुक्त, अलीगढ़ मंडल अरुण कुमार को विशेष सचिव, ग्राम्य विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पद पर तैनात किया गया है। वहीं सहारनपुर नगर निगम में अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अपर आयुक्त, अलीगढ़ मंडल बनाया गया है।
चिकित्सा शिक्षा के महानिदेशक के साथ सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन का काम संभाल रहीं नेहा शर्मा को सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। देर रात हुए इन तबादलों के बाद राज्य के कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर नई तैनाती की गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए