
उत्तरकाशी में गंगनानी के पास इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में गिरी।
हादसे के वक्त वाहन में सात यात्री सवार थे, अब तक चार शव बरामद हुए।
सभी यात्री गुजरात के साबरमती क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
लापता लोगों की तलाश में एसडीआरएफ, जल पुलिस और 27 सदस्यीय एनडीआरएफ टीम जुटी है।
उत्तराखंड में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के पास यात्रियों से भरी एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त गाड़ी में कुल सात लोग सवार थे। रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लापता यात्रियों की तलाश जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी यात्री गुजरात के साबरमती इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक यात्रियों के नाम और पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि हादसा गंगनानी में गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की तरफ हुआ। वाहन के नदी में गिरने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने नदी किनारे तलाशी अभियान चलाया, जिसमें चार लोगों के शव मिले।
वहीं, नदी के तेज बहाव को देखते हुए जल पुलिस और गोताखोरों की मदद से बाकी लापता लोगों की तलाश की जा रही है। अभियान को और तेज करने के लिए मनेरा से एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।
हादसे के बाद आपदा कंट्रोल रूम और पुलिस की टीमें यात्रियों की पहचान से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी हैं। प्रशासन पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए है।
इसके साथ ही आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा दल को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी घायल व्यक्ति के मिलने पर उसे बिना देरी के अस्पताल पहुंचाया जा सके।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए