
उत्तराखंड में SIR के दौरान ड्राफ्ट मतदाता सूची से नाम कटने वाले पुराने वोटर भी दोबारा फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं।
चुनाव आयोग ने साफ किया है कि पहले से मतदाता होने के बावजूद फॉर्म-6 भरना गलत घोषणा नहीं माना जाएगा।
दिल्ली हाईकोर्ट के 14 अक्टूबर के फैसले का हवाला देते हुए आयोग ने कानूनी कार्रवाई की आशंका दूर की है।
हालांकि, आवेदक का नाम किसी दूसरे लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए।
उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान अगर आपका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से कट गया है या किसी वजह से शामिल नहीं हो पाया है तो घबराने की जरूरत नहीं है। पहले से मतदाता रहे लोग भी अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। खास बात यह है कि ऐसा करने पर उनके खिलाफ गलत घोषणा करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई नहीं होगी। चुनाव आयोग ने इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए पुराने मतदाताओं की एक बड़ी चिंता दूर कर दी है।
दरअसल, SIR के बाद जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में कई ऐसे लोगों के नाम नहीं थे, जो पहले से वोटर थे। ऐसे मतदाता दोबारा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने से हिचकिचा रहे थे। उनकी परेशानी की वजह फॉर्म-6 में दी जाने वाली घोषणा थी। इसमें आवेदक को यह बताना होता है कि उसका नाम पहली बार मतदाता सूची में शामिल किया जा रहा है। ऐसे में पुराने मतदाताओं को आशंका थी कि दोबारा फॉर्म भरने पर उनकी घोषणा गलत मानी जा सकती है और उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
पुराने मतदाताओं की चिंता जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 से जुड़ी थी। इस धारा के तहत गलत घोषणा करने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। चूंकि फॉर्म-6 में पहली बार मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की घोषणा करनी होती है, इसलिए पहले से वोटर रहे लोगों को लग रहा था कि दोबारा आवेदन करने पर उनके खिलाफ गलत जानकारी देने का मामला बन सकता है।
इसी स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को पत्र भेजकर अपना रुख स्पष्ट किया है। आयोग ने दिल्ली हाईकोर्ट के 14 अक्टूबर के फैसले का भी हवाला दिया है। अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया था कि पहले मतदाता रहे किसी व्यक्ति का नाम ड्राफ्ट सूची से छूट जाने पर फॉर्म-6 भरना गलत घोषणा नहीं माना जा सकता। ऐसे आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि अगर किसी पुराने मतदाता का नाम SIR के बाद जारी ड्राफ्ट सूची में नहीं है तो अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए उसे नए सिरे से फॉर्म-6 भरना होगा। पहले मतदाता रह चुका होना इस आवेदन को गलत नहीं बनाता।
आयोग ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को भी निर्देश दिए हैं कि केवल इस आधार पर किसी आवेदक के खिलाफ कार्रवाई न की जाए कि वह पहले भी मतदाता रह चुका है। हालांकि, इसके साथ एक जरूरी शर्त भी रखी गई है। आवेदन करने वाले व्यक्ति का नाम किसी अन्य लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए।
इस तरह SIR के दौरान ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम छूट जाने वाले पुराने मतदाताओं के लिए दोबारा नाम जुड़वाने का रास्ता साफ हो गया है। अब उन्हें सिर्फ पहले से वोटर होने के कारण फॉर्म-6 भरने या कानूनी कार्रवाई होने की आशंका से परेशान होने की जरूरत नहीं है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए