
उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित जिला कचहरी परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। यह धमकी ईमेल के माध्यम से सीधे जिला जज को भेजी गई थी। मेल की जानकारी मिलते ही न्यायिक और प्रशासनिक तंत्र में हलचल तेज हो गई और सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया।
Published: undefined
मिली जानकारी के अनुसार, जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें कचहरी परिसर सहित लगभग 18 से 20 स्थानों पर बम रखे होने का दावा किया गया था। मेल की गंभीरता को देखते हुए जिला जज ने तुरंत सेंट्रल बार के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
Published: undefined
सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स, वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। पूरे कचहरी परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन जांच अभियान शुरू किया गया। अदालत भवन, रिकॉर्ड रूम, अधिवक्ताओं के चैंबर और आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी ली गई।
वरुणा जोन के डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि ईमेल में जिन स्थानों का उल्लेख किया गया है, उनकी विशेष रूप से जांच की जा रही है। डॉग स्क्वायड की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की पड़ताल की जा रही है और हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।
Published: undefined
एहतियातन खाली कराया गया परिसर
सुरक्षा कारणों से बार एसोसिएशन के माध्यम से वकीलों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। एहतियात के तौर पर हजारों अधिवक्ता और वादकारी कुछ समय के लिए कचहरी परिसर से बाहर निकल गए। इससे न्यायालय का कामकाज अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ।
Published: undefined
डीसीपी प्रमोद कुमार ने स्पष्ट किया कि जिला जज की ओर से औपचारिक तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल को भी इस मामले में लगाया गया है, ताकि ईमेल के स्रोत और उसे भेजने वाले की पहचान की जा सके।
फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined