हालात

मौसम अपडेट: दिल्ली-NCR, यूपी, हरियाणा और बिहार में बदलेगा मौसम, 21 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 21 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। यूपी, बिहार, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में मौसम बदलेगा, जबकि कई इलाकों में लू का खतरा बरकरार है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी समेत पूरे एनसीआर में ठंडी हवाएं चल रही हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। देश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ने से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 17 जून को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत 21 राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है।

Published: undefined

दिल्ली-NCR से लेकर पहाड़ों तक बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 17 जून को दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

बारिश और आंधी का अलर्ट जिन राज्यों के लिए जारी किया गया है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, सिक्किम, ओडिशा, तमिलनाडु, त्रिपुरा, असम, नागालैंड, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक शामिल हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक कई क्षेत्रों में मौसम का यही बदला हुआ रुख बना रह सकता है।

Published: undefined

यूपी, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों के लिए विशेष चेतावनी

उत्तर प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 से 19 जून और 22 जून को, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17-18 जून और 21-22 जून को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। प्रयागराज के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हरियाणा के सभी 23 जिलों में भी 17 जून के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि 18 जून के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और दिन के समय तापमान फिर बढ़ सकता है।

वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश में 17 जून को तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 18 और 19 जून को मौसम अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। उत्तराखंड में 19 और 20 जून को तेज बारिश और तूफान का अनुमान है। इसके अलावा 16 और 19 जून को राज्य के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

Published: undefined

कई राज्यों में बारिश के साथ हीटवेव का भी खतरा

एक ओर जहां देश के कई हिस्सों में बारिश राहत लेकर आ रही है, वहीं कुछ राज्यों में गर्मी और लू की स्थिति अभी भी बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 जून, छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 18-19 जून, ओडिशा में 16 से 18 जून और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 19 से 22 जून के बीच लू चलने की संभावना जताई गई है। ऐसे में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की दोहरी तस्वीर देखने को मिल रही है, जहां एक तरफ बारिश राहत दे रही है तो दूसरी ओर कई क्षेत्रों में गर्मी अभी भी चुनौती बनी हुई है।  

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined