
मॉनसून की बारिश ने देश के कई हिस्सों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार, 14 सितंबर को 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में गंगा के उफान से 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं, जबकि बिहार के 14 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और 44 लाख से ज्यादा लोग इससे घिरे हुए हैं। उत्तराखंड में चीरबासा इलाके में लैंडस्लाइड और लगातार पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ यात्रा फिलहाल रोक दी गई है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के चलते उत्तर पश्चिमी भारत और मध्य भारत में बारिश का दौर जारी है। गंगा, गंडक, नर्मदा और कोसी समेत कई नदियां उफान पर हैं।
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण गंगा नदी उफान पर है। राज्य के 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को भी 25 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मेरठ, अलीगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, उन्नाव, सुल्तानपुर, गाजीपुर, बांदा, प्रयागराज, वाराणसी, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, लखनऊ, इटावा, कानपुर और झांसी समेत आसपास के कुछ जिलों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
बिहार में भी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। राज्य के 14 जिलों में बाढ़ का असर है और 44 लाख से ज्यादा लोगों की आबादी बाढ़ से घिरी हुई है। सोमवार को लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सीवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया, दरभंगा और मधुबनी समेत कई जिलों में अच्छी बारिश के आसार हैं।
उत्तराखंड में बीती रात से लगातार भारी बारिश हो रही है। चीरबासा इलाके में लगातार पत्थर गिरने और लैंडस्लाइड की वजह से केदारनाथ यात्रा पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। सभी यात्रियों को गौरीकुंड, रुद्रप्रयाग के पास सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। लगातार बारिश के कारण यहां लैंडस्लाइड की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने सोमवार को रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, हरिद्वार, ऋषिकेश और नैनीताल में झमाझम बारिश की संभावना जताई है।
महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी की शुरुआत से पहले ही भारी बारिश का दौर जारी है। मुंबई, पुणे समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। मुंबई में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से गणेश प्रतिमा लाते समय सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में दिनभर तेज बारिश की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश पर ब्रेक लगने के बाद उमसभरी गर्मी का असर फिर बढ़ने लगा है। हालांकि सोमवार सुबह से दिल्ली के कुछ इलाकों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज हल्की बारिश की संभावना जताई है।
IMD के मुताबिक सोमवार को हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत में भारी बारिश का दौर जारी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए