हालात

मौसम अपडेट: यूपी-बिहार, MP समेत 19 राज्यों में आज बारिश के आसार, कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान

देश में मॉनसून सक्रिय होने से 2 जुलाई को 19 राज्यों में बारिश का अनुमान है। कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब देश के ज्यादातर हिस्सों में पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार (2 जुलाई) को देश के करीब 19 राज्यों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले दो दिनों में इसके गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों, पंजाब और राजस्थान के कई अन्य इलाकों तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

Published: undefined

यूपी, बिहार और झारखंड में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में गुरुवार को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब से उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक समुद्र तल पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे इन इलाकों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। वहीं, दक्षिणी गुजरात से कर्नाटक तक फैला ट्रफ भी वर्षा को बढ़ावा दे रहा है।

Published: undefined

महाराष्ट्र, गुजरात और तटीय राज्यों पर सबसे ज्यादा नजर

मौसम विभाग ने दक्षिण गुजरात, कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, तटीय कर्नाटक के कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। महाराष्ट्र, विशेष रूप से घाट क्षेत्रों और मुंबई के कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि इन क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Published: undefined

मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी बरसेंगे मेघ

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 2 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मॉनसून के सक्रिय रहने से इन इलाकों में भी मौसम पूरी तरह बदला रहेगा और कई जगहों पर तेज बारिश देखने को मिल सकती है।

Published: undefined

पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट

IMD ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गुरुवार को बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि देशभर में बने मौसमी सिस्टम के चलते अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं।   

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined