हालात

मौसम अपडेट: विदाई से पहले मॉनसून ने बदला रुख, UP-बिहार से ओडिशा तक बारिश, दिल्ली में भी बदलेगा मौसम

बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के असर से बिहार, यूपी और ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

  • 15 राज्यों में आज हल्की से भारी बारिश के साथ आंधी, बिजली और 40 से 85 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं।

  • ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और तटीय आंध्र प्रदेश में अचानक बाढ़ का खतरा जताया गया है।

  • दिल्ली में आज आंशिक बादल रहेंगे, जबकि 26 और 27 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

  • यूपी, बिहार और उत्तराखंड में बारिश का असर ज्यादा रहेगा, जबकि हिमाचल में 26 सितंबर से भारी बारिश की संभावना है।

देश के कई हिस्सों में मॉनसून की विदाई के बीच बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 सितंबर को 15 राज्यों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगह आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने और 40 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ आने की चेतावनी भी दी है। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के असर से पश्चिम-मध्य और उससे सटी उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चल रही हैं। दक्षिण ओडिशा, उत्तर आंध्र प्रदेश और यनम के तटों के पास हवा की रफ्तार 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक है, जबकि झोंकों के साथ यह 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी भी शुरू हो गई है। मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर और नलिया से होकर गुजर रही है।

दिल्ली में आज आंशिक बादल, 26-27 सितंबर को बारिश

दिल्ली-एनसीआर में 25 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसके बाद 26 सितंबर को कई जगह बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

27 सितंबर को भी दिल्ली में सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 25 सितंबर को कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, चंदौली और मिर्जापुर समेत पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।

बारिश का ज्यादा असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में रहने का अनुमान है, जहां भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। IMD के अनुसार, प्रदेश में बारिश का यह दौर 27 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है।

बिहार में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना

बिहार के कई हिस्सों में 25 सितंबर को भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार में बारिश का यह दौर 26 सितंबर को भी जारी रहेगा।

उत्तराखंड और हिमाचल: पहाड़ों पर बदलेगा मौसम

उत्तराखंड में 25 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 26 सितंबर को राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार, गरज-चमक के साथ उत्तराखंड के अधिकतर जिलों में भारी बारिश की संभावना 28 सितंबर तक बनी रहेगी।

वहीं हिमाचल प्रदेश में 25 सितंबर को कोई बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि 26 सितंबर को कांगड़ा, मंडी, शिमला समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। 27 और 28 सितंबर को भी राज्य में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 28 सितंबर को भी हिमाचल में भारी बारिश का अनुमान है।

ओडिशा में भारी बारिश के बीच बाढ़ और भूस्खलन का खतरा

ओडिशा के कई हिस्सों में गुरुवार को भारी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। गहरे दबाव के असर से कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हैं। मुख्य नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही भूस्खलन के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में ओडिशा के कई दक्षिणी जिलों में भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी है। हालांकि 26 सितंबर तक हालात सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए