हालात

मौसम अपडेट: दिल्ली-NCR में फिर होगी बारिश, जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश से हालात बिगड़े, केरल के 8 जिलों में रेड अलर्ट

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 6 अगस्त तक मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।

मौसम अपडेट: दिल्ली-NCR में फिर होगी बारिश, जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश से हालात बिगड़े, केरल के 8 जिलों में रेड अलर्ट (फाइल फोटो)
मौसम अपडेट: दिल्ली-NCR में फिर होगी बारिश, जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश से हालात बिगड़े, केरल के 8 जिलों में रेड अलर्ट (फाइल फोटो) फोटोः IANS

दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी पूरे सप्ताह मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा। आसमान में लगातार बादलों की आवाजाही के साथ कई स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके चलते लोगों को तेज धूप और लू जैसी परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण उमस पूरी तरह खत्म नहीं होगी, लेकिन तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण लोगों को राहत महसूस होगी।

दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश की संभावना 

मौसम विभाग के अनुसार, 1 अगस्त 6 अगस्त के बीच दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान में यानी सामान्य रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों का हाल

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 6 अगस्त तक मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। वहीं बिहार में 1 से 5 अगस्त और ओडिशा में 2 से 5 अगस्त के दौरान भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट, कोझिकोड में बंद किए गए शैक्षणिक संस्थान

 केरल में शनिवार को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 31 जुलाई और 1 अगस्त 2026 को केरल और लक्षद्वीप में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। इसके मद्देनजर कोझिकोड जिले के पहाड़ी इलाकों में सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित की गई है।

 मौसम विभाग के अनुसार, केरल के कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। यहां 24 घंटे में 7 सेमी से 11 सेमी तक भारी बारिश और 12 सेमी से 20 सेमी तक अति भारी बारिश हो सकती है। 2 अगस्त को केरल में कुछ जगहों पर 7 से 11 सेमी बारिश और लक्षद्वीप में 31 जुलाई व 1 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना है।

पथानमथिट्टा रीजन के लाहा में 236 मिमी, वेंकुरिंजी में 198.5 मिमी और रन्नी चेथक्कल में 182.5 मिमी बारिश हुई। एर्नाकुलम क्षेत्र के नेरियामंगलम में 171.5 मिमी और कूथट्टुकुलम में 114.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। तिरुवनंतपुरम के पालोडे में 148.5 मिमी और थट्टाथुमाला में 92.0 मिमी दर्ज हुई। इसके अलावा, कोल्लम के पुनालुर में 119.0 मिमी, तेनमला में 69.0 मिमी, कन्नूर के अय्यनकुन्नु में 95.0 मिमी, चेंबेरी में 88.0 मिमी हुई।

जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश से हालात बिगड़े

जम्मू-कश्मीर में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसी बीच शोपियां जिले के पेहलीपोरा गांव में बादल फटने की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।

 शोपियां के पेहलीपोरा गांव में अचानक बादल फटने से तेज बहाव के साथ पानी आया। इस वजह से कई घर और पशुशालाएं पानी में डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ के जवान और स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। राहत दल गांव के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं।

मौसम विभाग की मानें तो 4 अगस्त तक जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में लगातार हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर थोड़े समय के लिए तेज बारिश भी हो सकती है। ऐसे में प्रशासन की टीमें सभी संवेदनशील इलाकों में तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

तमिलनाडु के पश्चिमी जिलों में 6 अगस्त तक भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना

 भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, विशेष रूप से पश्चिमी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है, क्योंकि राज्य के तटीय क्षेत्रों में एक कमजोर निम्न दबाव का परिसंचरण बना हुआ है।

 मौसम विभाग के अनुसार, कोयंबटूर, तिरुनेलवेली, नीलगिरी, थेनी और कन्याकुमारी जिलों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है, जबकि पहाड़ी और घाट क्षेत्रों में भारी बारिश की उम्मीद है।

बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चलने की भी आशंका है, जिसके चलते अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि तमिलनाडु तट पर मौजूद कमजोर निम्न दबाव प्रणाली के कारण आने वाले दिनों में पश्चिमी घाट जिलों में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी रहने की संभावना है।

इसके परिणामस्वरूप, इन जिलों में 6 अगस्त तक मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए