हालात

'वेलकम' फेम अभिनेता मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे

छोटी सी जगह से निकलकर मुश्ताक खान ने मुंबई जैसे अनिश्चितताओं के शहर में अपना खास नाम और मुकाम बनाया। उन्हें कई दशकों तक फिल्मों और टेलीविजन में अलग-अलग यादगार चरित्र और हास्य भूमिकाओं के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

'वेलकम' फेम अभिनेता मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे
'वेलकम' फेम अभिनेता मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे फोटो सौजन्यः ANI

हिंदी सिनेमा के जाने-माने चरित्र और हास्य अभिनेता मुश्ताक खान का गुरुवार को 56 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। मुश्ताक खान के निधन की पुष्टि कॉमेडियन सुनील पाल ने की है। वहीं, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने भी उनके निधन की पुष्टि की।

लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे

रिपोर्ट के मुताबिक, मुश्ताक खान कैंसर से पीड़ित थे। उनका लंबे समय से इलाज चल रहा था। कैंसर आखिरी स्टेज में पहुंच चुका था। अपनी कॉमेडी से लोगों को गुदगुदाने वाले मुश्ताक खान ने गुरुवार शाम करीब 7 बजे दुनिया को अलविदा कह दिया। मुश्ताक खान अपने पीछे पत्नी और दो बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

परिवार में पत्नी और दो बेटे

मुश्ताक खान का जन्म 31 दिसंबर 1969 को मध्य प्रदेश में हुआ था। उनका परिवार मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर से जुड़ा रहा है। उनकी पत्नी का नाम सलमा खान है और उनके दो बेटे हैं। छोटी सी जगह से निकलकर मुश्ताक खान ने मुंबई जैसे शहर में अपना खास नाम और मुकाम बनाया। उन्हें कई दशकों तक फिल्मों और टेलीविजन में अलग-अलग यादगार चरित्र और हास्य भूमिकाओं के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर थे

मुश्ताक खान ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई बड़ी और हिट फिल्मों में काम किया। वह खासतौर पर अपने सपोर्टिंग किरदारों और जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग के लिए पहचाने जाते थे। उन्होंने 'आशिकी', 'हम हैं राही प्यार के', 'हेरा फेरी', 'जोड़ी नंबर 1', 'मुझसे शादी करोगी', 'वेलकम' और 'राउडी राठौर' जैसी फिल्मों में अभिनय किया और अपनी छाप छोड़ी। हाल के वर्षों में वह 'गदर 2', 'बधाई दो' और 'स्त्री 2' जैसी फिल्मों में भी दिखाई दिए थे।

'वेलकम' का बल्लू का किरदार बना यादगार

मुश्ताक खान की सबसे यादगार भूमिकाओं में 2007 में आई अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ स्टारर फिल्म 'वेलकम' का बल्लू का किरदार शामिल था। फिल्म में उनका 'मेरी एक टांग नकली है...' वाला कॉमिक सीन बेहद लोकप्रिय हुआ और वर्षों बाद भी सोशल मीडिया और मीम्स के जरिये चर्चा में रहता है। हालांकि, इसे उनकी अकेली उपलब्धि मानना उनके लंबे करियर को सीमित करना होगा।

टेलीविजन पर भी काफी काम किया

कई दशकों तक फिल्मों और टेलीविजन में अलग-अलग चरित्र भूमिकाएं निभाना और छोटे किरदारों को अपनी कॉमिक टाइमिंग से यादगार बना देना उनकी अभिनय यात्रा की बड़ी पहचान रही। उनका स्क्रीन डेब्यू 1980 की फिल्म 'अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है' से हुआ था। फिल्मों के अलावा मुश्ताक खान ने टेलीविजन पर भी काफी काम किया। वह लोकप्रिय टीवी शो 'कुछ रंग प्यार के ऐसे भी' में नजर आए थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • दुनिया की खबरें: ट्रंप की चेतावनी पर पेजेश्‍क‍ियन का जवाब, परमाणु प्रौद्योगिकी के शांतिपूर्ण उपयोग का अधिकार नहीं छोड़ेंगे

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार फौरन इस्तीफा दें, पीएम और गृहमंत्री की साजिश के लिए जांच हो

  • ,
  • पंजाब कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव खत्म होने तक एसआईआर पर रोक लगाने की मांग की, बोले- मौजूदा लिस्ट पर हो चुनाव

  • ,
  • महाराष्ट्र सूखा संकट: उद्धव ठाकरे ने फडणवीस सरकार पर साधा निशाना, विशेष सत्र की मांग

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: चौतरफा बिकवाली से सेंसेक्स 1,247 अंक टूटा, निफ्टी पांच महीने के निचले स्तर पर और रुपया हुआ कमजोर