हालात

योगी का 1.27 करोड़ हिंदू वोटर के नाम गायब होने का दावा षड्यंत्र, समाज में भय फैलाना मकसदः अखिलेश यादव

अखिलेश ने कहा कि एक सीएम जो शपथ लेता है, यह कभी नहीं कह सकता कि 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से कटे हैं। निर्वाचन आयोग ने उन्हें कैसे यह सूचना दी, यह रहस्य है। असली रहस्य यह है कि उन्हें कैसे पता चला कि 1.27 करोड़ हिंदू वोटर के नाम हटाए गए हैं।

योगी का 1.27 करोड़ हिंदू वोटर के नाम गायब होने का दावा षड्यंत्र, समाज में भय फैलाना मकसदः अखिलेश यादव
योगी का 1.27 करोड़ हिंदू वोटर के नाम गायब होने का दावा षड्यंत्र, समाज में भय फैलाना मकसदः अखिलेश यादव फोटोः वीडियोग्रैब

समाजवादी पार्टी (एसपी) के प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने षड्यंत्र के तहत और समाज में भय फैलाने के लिए मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने की बात कही है।

योगी ने गहरे षड्यंत्र के तहत यह बात कही

लखनऊ में पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “मुख्यमंत्री को किसी तरह पहले से पता है कि कितने वोट मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। मुझे लगता है कि उन्होंने एक गहरे षड्यंत्र के तहत यह बात कही। उन्होंने बहुत समझदारी से यह बात कही ताकि समाज में भय फैले जिससे उन्हें लाभ हो सके।” उन्होंने कहा, “एक सीएम जो शपथ लेता है, यह कभी नहीं कह सकता कि 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से कटे हैं। निर्वाचन आयोग ने उन्हें कैसे यह सूचना दी, यह रहस्य है।”

कैसे पता चला कि हिंदू वोटर के नाम हटाए गए हैं

एसपी के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) नारे का उल्लेख करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “असली रहस्य यह है कि उन्हें कैसे पता चला कि 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। यदि हमें कहना होता तो हम कहते कि 90 प्रतिशत ‘पीडीए’ वोट कटे हैं या एक करोड़ ‘पीडीए’ वोट काटे गए हैं।”

पिछले दो दिन से योगी इस बारे में नहीं बोल रहे

उन्होंने कहा, “मैं यह पक्के विश्वास के साथ कह रहा हूं क्योंकि मुझे लगता है कि निर्वाचन आयोग ने उन्हें धमकाया है। पिछले दो दिन से मैं उनके भाषण सुन रहा हूं और यह समझने की कोशिश कर रहा हूं कि वह अपने भाषण में 1.27 करोड़ (हिंदू मतदाताओं के नाम कटने) के बारे में क्यों नहीं बोल रहे हैं।”

चुनाव आयोग से योगी को नोटिस भेजने की मांग

इससे पहले समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को निर्वाचन आयोग को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को उनके दावे को लेकर नोटिस भेजकर जवाब मांगने का आग्रह किया था। चुनाव अधिकारी को सौंपे एक ज्ञापन में एसपी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने निर्वाचन आयोग पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा उठाने वाले विपक्षी नेताओं से हलफनामा मांगा जाता है, जबकि मुख्यमंत्री के बयान पर चुप्पी साधी जाती है।