विचार

बुकस्टोर्स की कतार से क्विक कामर्स की डिलीवरी तक- ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर पाठकों में जबरदस्त क्रेज़

लांच के पहले ही दिन देश के विभिन्न हिस्सों के बुक स्टोर्स पर खास इस किताब के लिए अलग से डिस्प्ले ज़ोन बनाए गए और शुरुआती मांग अपेक्षा से कहीं ज्यादा रही।

Getty Images
Getty Images ARUN SANKAR

भारतीय प्रकाशन जगत के इतिहास में 10 नवंबर 2026 की तारीख एक नए और बेहद दिलचस्प मोड़ के रूप में दर्ज हो गई है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) बाजार में आते ही न सिर्फ देश के सियासी गलियारों का तापमान बढ़ गया, किताबों के वितरण (डिस्ट्रिब्यूशन) का दशकों पुराना पारंपरिक गणित भी पूरी तरह बदल गया।

पेंगुइन रैंडम हाउस के साथ संपादकीय मतभेदों के बाद हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित इस 544 पन्नों की हार्डकवर किताब ने एक ही झटके में यह मिथक तोड़ दिया कि डिजिटल और सोशल मीडिया के इस दौर में गंभीर किताबों के प्रति पाठकों की रुचि कम हो रही है।

जब ‘ब्लिंकिट’ से 8 मिनट में घर पहुंची किताब

अब तक किसी भी चर्चित किताब के विमोचन के बाद पाठकों के पास दो ही मुख्य विकल्प होते थे। वे शहर के नामी बुकस्टोर्स का रुख करते, या फिर अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे पारंपरिक ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर ऑर्डर देकर 24 से 48 घंटे तक इंतजार करते। लेकिन इस बार ‘क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म’ ब्लिंकिट (Blinkit) ने प्रकाशन उद्योग में अपनी धमाकेदार एंट्री दर्ज कराते हुए किताबों की बिक्री का एक नया मानक तय कर दिया है।

1,299 रुपये की MRP वाली इस किताब को ब्लिंकिट ने लगभग 35 प्रतिशत की भारी छूट के साथ महज 849 रुपये में अपने प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध किया। नतीजा यह रहा कि दिल्ली के मध्य इलाकों में ऑर्डर करने के महज 8 से 20 मिनट के भीतर किताब पाठकों के दरवाजे पर पहुंच गई। बेंगलुरु में भी ऐसा ही दिखाई दिया। अब तक दूध, ब्रेड और रोजमर्रा का राशन पहुंचाने वाले ऐप्स के जरिए एक गंभीर राजनीतिक आत्मकथा की इतनी तेज डिलीवरी ने पाठकों, समीक्षकों और प्रकाशकों सभी को चौंका दिया।

पाठक और एक्टिविस्ट प्रभात कुमार कहते हैं कि ‘यह बदलाव इस बात का संकेत है कि आज का पाठक अपने सवालों का जवाब पाने को आतुर है और इसकी ख़ातिर पसंदीदा विषय को पढ़ने के लिए एक दिन का भी इंतजार करने को तैयार नहीं है।’

युवा पीढ़ी में यह रुझान 'अभूतपूर्व' क्यों है?

सोनिया गांधी की किताब को लेकर आम तौर पर समाज के विभिन्न वर्गों में आकर्षण दिखाई दिया जिसे आसानी से समझा जा सकता है, लेकिन युवाओं में इस कदर रुझान पैदा होने के पीछे कुछ बेहद खास और नए किस्म के कारण हैं।

सोशल मीडिया पर चर्चा: राजनीति के फलक पर सोनिया गांधी की अपनी ‘निजता की गोपनीयता’ हमेशा चर्चा में रही और यह चर्चा दशकों तक मीडिया से दूर ही रही है। यह अपने आप में दुर्लभ सच है। लेकिन यह भी सच है कि इस किताब के लांच के काफ़ी पहले (22 अक्टूबर 2026 ) उन्होंने पहली बार इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स (X) जैसे प्लेटफॉर्म्स पर डेब्यू करते हुए एक वीडियो शेयर किया। यह डिजिटल कनेक्ट सीधे तौर पर सोशल मीडिया पर सक्रिय युवा पीढ़ी को आकर्षित करने के लिए पर्याप्त था।

फोटो : विपिन

लम्बी खामोशी के बाद...

सोनिया गांधी ने खुद कहा है कि अब तक उनकी कहानी दूसरों ने लिखी थी, लेकिन यह पहली बार है जब वह अपनी कहानी खुद बयां कर रही हैं। ऐसे में बाबरी मस्जिद विध्वंस, 1984 के दंगे, आपातकाल, और 2004 में प्रधानमंत्री का पद ठुकराने जैसे बड़े फैसलों पर उनके निजी विचारों को जानने के लिए युवा वर्ग का उत्सुक होना स्वाभाविक ही लगता है। 

किताबों की दुनिया और प्रकाशन से सीधे तौर पर जुड़े अविनाश चंद्र कहते हैं, ‘गौर करना चाहिए कि यह किताब सिर्फ एक ‘पॉलिटिकल थ्रिलर’ नहीं एक ‘लव स्टोरी’ भी है। यही कारण है कि युवा पीढ़ी इस किताब को महज़ एक राजनीतिक दस्तावेज नहीं, बल्कि एक भावुक कहानी के रूप में भी देख रही है। कहना न होगा कि इटली के एक छोटे से कस्बे से कैंब्रिज, फिर भारत की बहू बनना, राजीव गांधी के साथ उनकी प्रेम कहानी और कई निजी त्रासदियों को उन्होंने बेहद कैंडिड अंदाज में साझा किया है।’  

निश्चित रूप से, प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में इस किताब को लेकर बना हाइप यह साबित करता है कि अगर विषय प्रामाणिक और उत्सुकता से लबरेज़ हो, तो आज की युवा पीढ़ी भी किताबों की ओर उतनी ही शिद्दत से खिंची चली आती है। 

लुटियन ज़ोन ही उत्सुक और सक्रिय नहीं

सोनिया गांधी की इस किताब को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसका लुटियन ज़ोन ही उत्सुक और सक्रिय नहीं है। इसके बाहर भी देश के लगभग सभी प्रमुख महानगरों में वैसा ही जबरदस्त और अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दिया है। सही-सही आंकड़े अभी भले न सामने आए हों, देश के अलग-अलग हिस्सों में बुकस्टोर्स ने एडवांस बुकिंग और प्री-ऑर्डर के ऐतिहासिक आंकड़े तो दर्ज किए ही हैं। अभी-अभी बाजार में आने के कारण इसकी कुल बिक्री के अंतिम आंकड़े सार्वजनिक नहीं हुए हैं लेकिन दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के अनुसार ‘इसके प्रथम संस्करण (First print run) में एक लाख प्रतियां छापी गई हैं’।    

इंटरनेट पर छानबीन बता रही है कि लांच के पहले ही दिन देश के विभिन्न हिस्सों के बुक स्टोर्स पर खास इस किताब के लिए अलग से डिस्प्ले ज़ोन बनाए गए और शुरुआती मांग अपेक्षा से कहीं ज्यादा रही। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पाठकों में भारी क्रेज दिखा। मुंबई के प्रतिष्ठित ‘किताबखाना’, ‘क्रॉसवर्ड’ और ‘व्हाइट क्रो’ जैसे बुक स्टोर्स पर मंगलवार की सुबह से ही पाठकों की सक्रियता दिखी। यहां युवा कॉरपोरेट प्रोफेशनल्स और कॉलेज जाने वाले छात्रों के बीच इसकी प्री-बुकिंग के लिए खासा उत्साह देखने में आया। 

Getty Images

तकनीक की राजधानी बेंगलुरु के प्रमुख बुकस्टोर्स, खासकर चर्च स्ट्रीट, विजय नगर और इंदिरानगर के प्रतिष्ठित स्टोरों में भारी भीड़ उमड़ी। कन्नड़ साहित्य के लिए ख्यात बीटल बुक शाप (विजयनगर) में युवा जिस तरह किताब के लिए छानबीन करते दिखे उसके बाद वेंकट नरेंद्र भले ही यह कहें कि ‘चूंकि दक्षिण भारत में कांग्रेस का मजबूत राजनीतिक आधार रहा है (विशेषकर सोनिया गांधी का बेल्लारी से पुराना जुड़ाव), इसलिए भी यहां के पाठकों में इस आत्मकथा को लेकर एक भावनात्मक उत्सुकता है’। लेकिन बात सिर्फ इतनी ही नहीं  है।

बेंगलुरु की एक बड़ी निजी कम्पनी के शीर्ष पद पर काम करने और किताबों में खासी रुचि रखने वाले स्वप्निल अपना निजी अनुभव बताते हैं कि, ‘यहां ब्लिंकिट (Blinkit) जैसे क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर हर दो-तीन घंटे पर ‘आउट ऑफ़ स्टॉक’ और ‘नोटिफाई सून’ के संदेश भी आते रहे और किताबें डिलीवर भी होती रहीं। यह सब हिन्दी पट्टी वालों को शायद अजूबा लगे लेकिन ज़मीनी सच यही है और ऐसी किताबों के प्रति इस तरह के आकर्षण के पीछे मीडिया द्वारा फैलाए गए दुष्प्रचारों का दूसरा पहलू जानने की भूख बड़ा कारण है।’

भारत की सांस्कृतिक और साहित्यिक राजधानी कहे जाने वाले कोलकाता के ऐतिहासिक ‘कॉलेज स्ट्रीट’ (College Street) की किताब दुकानों और ‘ऑक्सफोर्ड बुकस्टोर’ पर इस किताब को लेकर बुद्धिजीवियों और युवाओं में उत्साह देखने को मिला। कोलकाता में साहित्य-कला और विचार जगत से गंभीर जुड़ाव रखने वाले लेखक प्रभात पांडेय कहते हैं कि कोलकाता में राजनीतिक इतिहास और संस्मरणों को पढ़ने की एक पुरानी संस्कृति रही है, जिसके चलते भी मांग होनी ही थी। वैसे भी इस देश के सत्ता प्रतिष्ठान ने अपने इको सिस्टम पर जैसा डिसकोर्स और जैसे सवाल चस्पां कर रखे हैं, उनके जवाब पाने की उत्सुकता भी ऐसी किताबों के क़रीब ले जाती है। वह उदाहरण देते हैं कि ‘डिस्कवरी ऑफ़ इंडिया’ जैसी किताबें या गांधी, भगत सिंह और अम्बेडकर पिछले दस-बारह सालों में जितना पढ़े गए, उतना इसके पूर्व के कई दशकों में नहीं पढ़े गए थे, तो इसका कारण समझा जाना चाहिए। 

एस. हनुमंत राव हिन्दी पत्रकार हैं और इन दिनों हैदराबाद में रहते हैं। बताते हैं कि हैदराबाद के युवाओं, खासकर आईटी प्रोफेशनल्स के बीच इस किताब के प्रति जैसा आकर्षण या लांचपूर्व चर्चा देखने को मिली, वह एकदम नया अनुभव था। शायद यही कारण रहा कि शहर के प्रसिद्ध बुकस्टोर्स और ऑनलाइन बुक डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स पर इस किताब की कॉपियां रिलीज के पहले दिन ही ‘आउट ऑफ स्टॉक’ होने की कगार पर पहुंच गईं। इंटरनेट सर्फ़िंग का रिज़ल्ट बता रहा कि चंडीगढ़ और उत्तर भारत के अन्य कई शहरों, मसलन चंडीगढ़, लखनऊ और जयपुर जैसे शहरों के स्थानीय और प्रमुख बुकस्टोर्स में भी युवाओं के बीच किताब को लेकर खासी उत्सुकता दिखाई दी।

बीते चार दशकों में भारत में किताबों की अनुमानित बिक्री के आंकड़ों पर नज़र डालें तो साफ दिखता है कि भारत में पढ़ने की संस्कृति कभी खत्म नहीं हुई, समय के साथ इसका स्वरूप जरूर बदला है। 1980 के दशक तक जहां साहित्य एक सीमित बौद्धिक वर्ग तक सिमटा रहता था, वहीं 2000 के दशक में इसने विस्तार लिया और नए माध्यमों के ज़रिए आम जनमानस के बीच पैठ बनाई। आज 2026 में सोनिया गांधी की आत्मकथा ने यह साबित कर दिया है कि जब किसी किताब में राजनीतिक उत्सुकता और मानवीय संवेदना का मेल होता है, तो पाठक न सिर्फ किताबों की दुकानों पर लौटते हैं, बल्कि आधुनिक तकनीक के जरिए महज 8 मिनट में भी इतिहास और साहित्य को अपने ड्राइंग रूम तक बुला लेते हैं।

कभी इन किताबों के लिए दिखी थी ऐसी ही दीवानगी

भारत में अंग्रेजी और हिन्दी दोनों ही भाषाओं में राजनीतिक आत्मकथाओं और संस्मरणों को लेकर पहले भी बड़ा क्रेज रहा है। मसलन, आज़ादी से पहले जब नेहरू जी की किताब ‘एन ऑटोबायोग्राफी’ आई, देश के युवाओं और बुद्धिजीवियों में इसे पढ़ने की वैसी ही होड़ मची थी, जैसी आज देखी जा रही है। वह क्रेज़ आज भी क़ायम है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल पर लिखी गई किताब ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ के रिलीज होते ही भारतीय बाजार में तहलका मचा दिया था। किताब की मांग इतनी ज्यादा थी कि प्रकाशकों को रातों-रात नए एडिशन छापने पड़े थे।

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की ‘द ड्रामाटिक डिकेड’ और अन्य संस्मरण के लिए भी पाठकों में उत्सुकता थी, क्योंकि लोग परदे के पीछे की राजनीति को करीब से जानना चाहते थे।

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की किताब ‘विंग्स ऑफ फायर’ भले ही पूरी तरह राजनीतिक किताब नहीं थी, लेकिन देश के युवाओं और युवा पीढ़ी के बीच कलाम साहब की इस जीवनी को लेकर जो दीवानगी देखी गई, वह भारतीय प्रकाशन जगत के इतिहास में अमर है। सूची लम्बी है।

फिक्शन (उपन्यास) की बात करें तो अंग्रेजी में चेतन भगत के उपन्यासों (फाइव पॉइंट समवन, टू स्टेट्स) और अमिश त्रिपाठी की शिव ट्रायोलाजी के लिए युवाओं में ऐसा ही जबरदस्त क्रेज देखा गया था, जब बुकस्टोर्स के बाहर लंबी कतारें लगती थीं।

एआई सर्च से मिले आंकड़े बीते 4 दशकों के 10 भारतीय 'मेगा-बेस्टसेलर्स' की सूची निम्न प्रकार देते हैं:

  • 1 करोड़+ प्रतियां: विंग्स ऑफ फायर (डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम और अरुण तिवारी, 1999) — सभी भाषाओं में।

  • 60 लाख+ प्रतियां: द गॉड ऑफ स्मॉल थिंग्स (अरुंधति रॉय, 1997) — बुकर पुरस्कार विजेता।

  • 35-40 लाख+ प्रतियां: फाइव पॉइंट समवन (चेतन भगत, 2004) — कमर्शियल फिक्शन की शुरुआत।

  • 25 लाख+ प्रतियां: द इम्मोर्टल्स ऑफ मेलुहा (अमीश त्रिपाठी, 2010) — पूरी 'शिवा ट्राइलॉजी' की बिक्री 80 लाख के पार।

  • 20 लाख+ प्रतियां: मिडनाइट्स चिल्ड्रन (सलमान रुश्दी, 1981) — वैश्विक बिक्री।

  • 15 लाख+ प्रतियां: द नेमसेक (झुम्पा लाहिड़ी, 2003)।

  • 10 लाख+ प्रतियां: अ सूटेबल बॉय (विक्रम सेठ, 1993)।

  • 10 लाख+ प्रतियां: द पैलेस ऑफ इल्यूजन्स (चित्रा बनर्जी दिवाकरुनी, 2008)।

  • 10 लाख+ प्रतियां: द व्हाइट टाइगर (अरविंद अडिगा, 2008) — पहले साल में 1.5 लाख हार्डकवर प्रतियां।

  • 5 लाख+ प्रतियां: द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर (संजय बारू, 2014) — सबसे चर्चित राजनीतिक संस्मरणों में से एक।