
कोलकाता पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (टीएमसीपी) के एक कार्यक्रम के संबंध में उच्च न्यायालय के आदेश के कथित उल्लंघन को लेकर राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्यक्रम राजधानी में शुक्रवार को आयोजित किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि यह प्राथमिकी यहां तृणमूल कांग्रेस की छात्र इकाई तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस कार्यक्रम के आयोजन के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा लगाई गई शर्तों के कथित उल्लंघन को लेकर शुक्रवार को दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख बनर्जी के साथ-साथ तृणमूल छात्र परिषद की बैठक के आयोजकों के खिलाफ हेस्टिंग्स पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘अदालत के आदेश के कथित उल्लंघन को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के दौरान आदेश के उल्लंघन में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत 28 अगस्त को मामला दर्ज किया गया।’’ मामला शुक्रवार को मध्य कोलकाता के कैथेड्रल रोड पर बैठक आयोजित करने के लिए अदालत द्वारा लगाई गई शर्तों की जांच के बाद दर्ज किया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘प्राथमिकी हेस्टिंग्स पुलिस थाने में तैनात उप-निरीक्षक अपू बैद्य द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर दर्ज की गई। आरोप लगाया गया कि बनर्जी और आयोजकों ने आपराधिक साजिश रची और उस साजिश को आगे बढ़ाते हुए उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन किया।’’
अधिकारी ने दावा किया कि ‘‘कार्यक्रम के दौरान टीएमसीपी समर्थकों ने बैरिकेड तोड़ दिए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे अराजक स्थिति पैदा हो गई।’’ उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल लोगों ने कैथेड्रल रोड की एक ओर वाहनों की आवाजाही कथित तौर पर बाधित की। अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपों में उच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन, यातायात में बाधा डालना और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से जुड़ी घटनाएं शामिल हैं।’’
इसे भी पढ़ेंः ममता बनर्जी का दावा- बीजेपी की ज्यादतियों से बंगाल में TMC की बहुत जल्द वापसी होगी
पुलिस को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था कि सड़क की एक ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने मंगलवार को आदेश दिया था कि उपस्थित लोगों की संख्या 1,500 के भीतर रखने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि टीएमसीपी के कार्यक्रम के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो।
इसे भी पढ़ेंः राजनीतिक ‘संन्यास’ नहीं लूंगी, बीजेपी को हाशिये पर धकेलने तक नहीं रुकूंगीः ममता बनर्जी
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए