
केंद्र की मोदी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच बिहार में बीजेपी के साथ मिलकर सरकार चला रही जेडीयू ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने की मांग कर दी है। जेडीयू के अध्यक्ष आर सी पी सिंह ने शनिवार को पटना में कहा कि जेडीयू गठबंधन में शामिल है और उसे भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
आरसीपी सिंह ने पटना में पत्रकारों से कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा हमने भी सुनी है। उन्होंने कहा, "हम लोग एनडीए के केंद्र में भी राज्य में भी सहयोगी हैं। स्वभाविक है कि राजग की सरकार है और जब सहयोगी हैं तो सबको हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।"
इस संबंध में मांग करने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "मांग क्या होती है? हम लोग एनडीए में हैं, एनडीए में एक समझ होती है। हमलोग एक गठबंधन में हैं और गठबंधन में एक-दूसरे का मान सम्मान किया जाता है। यह स्वभाविक है।"
गौरतलब है कि इन दिनों बिहार एनडीए में बयानबाजी तेज है। ऐसे में आरसीपी सिंह के इस बयान के कई मायने निकाले जाने लगे हैं। बिहार में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी और जेडीयू के अलावा हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और विकासशील इंसान पार्टी मिलकर चुनाव लड़ी थी और बहुमत मिलने के बाद सरकार बनाई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए