
महेंद्र सिंह धोनी भले ही चोटिल होने के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में अभी तक नहीं खेल पाए हैं लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के प्रदर्शन में उनका प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है जिसकी एक बानगी स्पिनर नूर अहमद के कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच विजेता प्रदर्शन में देखने को मिली।
अफगानिस्तान के बाएं हाथ की कलाई के स्पिनर नूर इस मैच से पहले तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे और उन्होंने चार मैचों में केवल एक विकेट लिया था। लेकिन नेट पर अभ्यास के दौरान धोनी से लंबी बातचीत के बाद उनके खेल में बदलाव देखने को मिला।
उन्होंने केकेआर के खिलाफ चार ओवरों में 21 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने बीच के ओवरों में अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह और कैमरन ग्रीन के विकेट लेकर सीएसके की 32 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पिच से गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी, लेकिन नूर बल्लेबाजों पर हावी होने में कामयाब रहे। सीएसके के सहायक कोच श्रीधरन श्रीराम ने नूर की मैच से पहले धोनी के साथ हुई बातचीत के बारे में बात की। धोनी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण नहीं खेल पा रहे हैं।
Published: undefined
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
केकेआर को मंगलवार को खेले गए इस मैच में 32 रन से हार का सामना करना पड़ा। उसकी टीम वर्तमान सत्र में अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है और अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है।
आईपीएल के बयान के अनुसार, ‘‘ कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के मैच के दौरान उनकी टीम की धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया गया है।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘आईपीएल की न्यूनतम ओवर गति से संबंधित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह उनकी टीम का इस सत्र का पहला अपराध था, इसलिए रहाणे पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।’’
केकेआर का अगला मुकाबला शुक्रवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स से होगा।
Published: undefined
भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में लगातार दो जीत से कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर दबाव कम होगा।
उन्होंने इसके अलावा खराब फॉर्म में चल रहे इस सलामी बल्लेबाज को पारी की शुरुआत में अपने दृष्टिकोण में थोड़ा बदलाव करने की सलाह भी दी।
पांच बार की चैंपियन सीएसके ने शुरुआत में लगातार तीन हार झेली लेकिन इसके बाद उसने दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर शानदार वापसी की।
अश्विन ने जियोस्टार पर कहा, ‘‘कप्तान के तौर पर उन्हें दो जीत मिल चुकी हैं, जिससे वह सहज महसूस करेंगे। सच कहूं तो अगर मैं डगआउट में होता या रुतुराज गायकवाड़ होता तो ज्यादा चिंता नहीं करता। टी20 प्रारूप ऐसा है जहां आपको लगातार इरादा दिखाना होता है।’’
गायकवाड़ रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। उन्होंने पांच मैचों में केवल 63 रन बनाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 28 है। उनकी असफलता के कारण युवा आयुष म्हात्रे के संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने की भी चर्चा बढ़ रही है। ऐसे में गायकवाड़ के तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है।
अश्विन ने गायकवाड़ को अपनी पारी की शुरुआत में हवा में शॉट नहीं खेलने की सलाह दी।
Published: undefined
टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य अभिषेक शर्मा और अक्षर पटेल को इस साल की दूसरी तिमाही के लिए राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) के पंजीकृत परीक्षण पूल (आरटीपी) में शामिल किया गया है।
आरटीपी में शामिल 348 खिलाड़ियों की नवीनतम सूची में अभिषेक और अक्षर ने स्मृति मंधाना और श्रेयस अय्यर की जगह ली है। इन सभी खिलाड़ियों को डोपिंग रोधी एजेंसी को अपने ठिकाने की जानकारी देनी होगी और प्रतिदिन एक निश्चित समय में परीक्षण के लिए उपलब्ध रहना होगा।
अपने ठिकाने की जानकारी देने में तीन बार विफल रहना डोपिंग का उल्लंघन माना जाता है।
टेस्ट और वनडे के कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा पहले की तरह इस सूची में बने रहेंगे।
Published: undefined
भारत के हरफनमौला वॉशिंगटन सुंदर का मानना है कि क्रिकेट का कैलेंडर अति व्यस्त होने के कारण हर प्रारूप में खेलने वाले खिलाड़ी अब बिरले होते हैं लेकिन इस जमात का हिस्सा बनना खूबसूरत वरदान है, बड़ी चुनौती नहीं ।
भारत के लिये 2017 में पहली बार खेलने वाले सुंदर को कैरियर में कई बार चोटों का सामना करना पड़ा है । वह हालांकि पिछले 18 महीने से भारतीय टीम के नियमित सदस्य हैं ।
उन्होंने पीटीआई को दिये इंटरव्यू में कहा ,‘‘ भारतीय क्रिकेट के लिये हर प्रारूप खेलना बड़ा वरदान है । हम सभी को पता है कि भारतीय टीम हमेशा किस तरह का क्रिकेट खेलती है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ तीनों प्रारूप में खेलने का सौभाग्य मुझे मिला और आगे भी मैं अपनी ओर से योगदान देकर भारत के लिये अधिक से अधिक मैच जीतना चाहूंगा ।’’
सुंदर ने टी20 विश्व कप में कुछ ही मैच खेले लेकिन टेस्ट क्रिकेट में अच्छा योगदान दिया है ।
पीटीआई के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined