अपने जमाने के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का कहना है कि संजू सैमसन इतने अच्छे इंसान हैं कि हर कोई चाहता है कि वह अच्छा प्रदर्शन करें और वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 विश्व कप में खेली गई उनकी निर्णायक पारी ने उनके प्रशंसकों पर से भी दबाव कम कर दिया होगा।
सैमसन ने रविवार रात कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में नाबाद 97 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की।
गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘97 रन की इस नाबाद पारी ने न सिर्फ संजू सैमसन पर से बड़ा बोझ हटा दिया है बल्कि उन लोगों पर से भी बोझ उतार दिया है जो जानते हैं कि वह कितने बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं। उनके करियर में उतार-चढ़ाव आए हैं। वह बहुत ही अच्छे इंसान हैं। हर कोई चाहता है कि वह अच्छा प्रदर्शन करें।’’
विश्व कप से पहले सैमसन का प्रदर्शन खराब रहा था। वह बड़ी पारी नहीं खेल पा रहे थे।
गावस्कर नेकहा, ‘‘सभी भारतीय प्रशंसक इस बात से खुश होंगे कि इस ईमानदार क्रिकेटर को वह सफलता मिली है जिसका वह हकदार है।’
Published: undefined
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूर्व भारतीय दिग्गज जहीर खान और हरभजन सिंह से बेंगलुरु स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (सीओई) में विशेष शिविरों में अपनी सेवाएं देने के लिए संपर्क किया है।
बीसीसीआई ने इन शिविरों के कुछ खिलाड़ियों की सूची तैयार की है। इस सूची में ऐसे खिलाड़ी शामिल किए गए हैं जो भविष्य में भारत की तरफ से खेल सकते हैं। इन खिलाड़ियों में आयु वर्ग और प्रथम श्रेणी क्रिकेट के अलावा भारत ए और भारत की सीनियर टीम की तरफ से कुछ मैच खेलने वाले खिलाड़ी शामिल हैं।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान युवा तेज गेंदबाजों के साथ पांच दिवसीय शिविर के लिए पहले ही बेंगलुरु पहुंच चुके हैं। ये युवा गेंदबाज सीनियर टीम में जगह बनाने के करीब हैं या उसके लिए कुछ मैच खेल चुके हैं। पता चला है कि सीओई के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने भारतीय क्रिकेट की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करने के लिए अपने पूर्व साथियों से चार से पांच दिन के विशेष शिविरों के लिए संपर्क किया था।
इस घटनाक्रम से अवगत बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, ‘‘लक्ष्मण ने विशेष शिविरों के लिए जहीर, हरभजन और अनिल कुंबले से संपर्क किया है। हरभजन ऑफ स्पिनरों के लिए चार या पांच दिवसीय शिविर के लिए अपना कार्यक्रम तैयार कर रहे हैं। वह उन उभरते हुए खिलाड़ियों की मदद करने के लिए उत्सुक हैं जिन्होंने आयु वर्ग और भारत ए स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया है।’’
Published: undefined
भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। संजू सैमसन की विस्फोटक 97 रन की पारी की बदौलत भारतीय टीम ने रविवार को वेस्टइंडीज को कोलकाता में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। टीम इंडिया की चिंता सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फॉर्म है, जो पूरे टूर्नामेंट में अब तक एक अर्धशतक लगा सके हैं।
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने ईएसपीएनक्रिकइंफों पर बात करते हुए कहा, "अभिषेक का दिमाग इस समय थोड़ा उलझा हुआ लग रहा है और उनमें आत्मविश्वास की साफ कमी है। आप चाहते हैं कि दूसरे दबाव कम करें। इंडिया ने अच्छा किया है। जब इंडिया जीत गया है, तो वह कहेगा कि मुझे योगदान देना होगा।"
हालांकि, कुंबले ने यह भी कहा कि अभिषेक को सेमीफाइनल के लिए टीम से बाहर नहीं किया जाना चाहिए।
अभिषेक शर्मा मौजूदा समय में टी20 फॉर्मेट के नंबर 1 बल्लेबाज हैं, लेकिन यह विश्व कप उनके लिए बेहद निराशाजनक साबित हुआ है। लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट होने वाले अभिषेक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक लगाया था, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए अहम मैच में वे फिर फ्लॉप रहे और मात्र 10 रन बनाकर आउट हो गए।
Published: undefined
अफगानिस्तान की टीम भारत के अपने आगामी दौरे में एक टेस्ट मैच और तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘अफगानिस्तान एक टेस्ट मैच खेलेगा जिसके बाद तीन वनडे मैचों की श्रृंखला होगी। टेस्ट मैच छह से 10 जून, 2026 तक न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।’’
यह टेस्ट मैच हालांकि भारत के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा नहीं है। ऐसा माना जा रहा है कि 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए भारत इस प्रारूप पर ध्यान केंद्रित करना चाहता है और इसलिए उसने तीन वनडे मैच का कार्यक्रम बनाया है।
वनडे श्रृंखला का पहला मैच 14 जून को धर्मशाला में शुरू होगा, जिसके बाद के मैच लखनऊ (17 जून) और चेन्नई (20 जून) में खेले जाएंगे। सभी वनडे मैच भारतीय समयानुसार दोपहर एक बजकर 30 मिनट पर शुरू होंगे।
Published: undefined
टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। पीसीबी ने खराब प्रदर्शन के बाद टीम के खिलाड़ियों पर एक्शन लिया है और भारी जुर्माना लगाया है।
पाकिस्तान की एक्सप्रेस ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन और सुपर-8 से आगे न बढ़ पाने की वजह से टीम के खिलाड़ियों पर 50-50 लाख का जुर्माना लगाया है। माना जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर भारत के खिलाफ मिली हार के बाद ही जुर्माना लगाने का फैसला कर लिया गया था।
हालांकि पीसीबी की तरफ से इससे जुड़ा कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी विश्व कप में पाकिस्तान के प्रदर्शन से नाराज हैं। नकवी सलमान आगा को पाकिस्तान टी20 टीम की कप्तानी से हटा सकते हैं। इसके अलावा, बाबर आजम, उस्मान खान, शादाब खान और सलमान आगा के टी20 करियर पर भी कोई निर्णय लिया जा सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हेड कोच माइक हेसन ने सलाह दी है कि पाकिस्तान को कुछ सीनियर खिलाड़ियों से आगे बढ़ते हुए युवा प्रतिभाओं में निवेश करना चाहिए और मॉडर्न टी20 क्रिकेट की बदलती जरूरतों के अनुरूप टीम का पुनर्गठन करना चाहिए।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined