खेल

खेल: BCCI ने पुरुषों का घरेलू शेड्यूल जारी किया और LSG के कप्तान पंत की कप्तानी को लेकर आई बड़ी खबर

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 2026-27 सीजन के लिए भारत (सीनियर पुरुष) के इंटरनेशनल घरेलू मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया है। लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने कप्तान ऋषभ पंत को लेकर चल रही सभी अफवाहों को गलत बताया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

बीसीसीआई ने पुरुषों का घरेलू शेड्यूल जारी किया, गुवाहाटी में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी मैच

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 2026-27 सीजन के लिए भारत (सीनियर पुरुष) के इंटरनेशनल घरेलू मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया है। आगामी घरेलू सीजन काफी रोमांचक होगा, जिसमें चार मेहमान टीमें वेस्टइंडीज, श्रीलंका, जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया अलग-अलग फॉर्मेट में मैच खेलेंगी। इस सीजन 17 शहरों में कुल 22 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे, जिससे देशभर के क्रिकेट प्रेमियों को बेहतरीन इंटरनेशनल क्रिकेट देखने का मौका मिलेगा।

इस सीजन की शुरुआत वेस्टइंडीज के भारत दौरे से होगी। 27 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच दोनों टीमें तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज और उसके बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। वनडे मैच तिरुवनंतपुरम, गुवाहाटी और न्यू चंडीगढ़ में आयोजित होंगे, जबकि टी20 मुकाबले लखनऊ, रांची, इंदौर, हैदराबाद और बेंगलुरु में खेले जाएंगे।

इसके बाद भारत 13 से 27 दिसंबर के बीच श्रीलंका की मेजबानी करेगा। यह एक 'व्हाइट-बॉल' सीरीज होगी, जिसमें तीन वनडे और इतने ही टी20 मैच खेले जाएंगे। सीरीज के वनडे मैच दिल्ली, बेंगलुरु और अहमदाबाद में होंगे, जबकि टी20 मुकाबले राजकोट, कटक और पुणे में आयोजित होंगे।

नए साल की शुरुआत में जिम्बाब्वे की टीम भारत का दौरा करेगी। इस दौरान 3 से 9 जनवरी के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई में खेल जाएगी।

 2026-27 सीजन का समापन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 'बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी' के साथ होगा। यह सीरीज 21 जनवरी से 3 मार्च तक खेली जाएगी। इस बहुप्रतीक्षित टेस्ट सीरीज का पहला मैच नागपुर में खेला जाएगा। इसके बाद चेन्नई, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद में दोनों देशों के बीच मुकाबले होंगे।

चेन्नई के लिए आईपीएल 2026 में कौन करेगा ओपनिंग? कप्तान ऋतुराज ने खत्म किया सस्पेंस

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। पिछले सीजन सबसे निचले पायदान पर रही चेन्नई सुपरकिंग्स इस साल बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी। टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने उन दो बल्लेबाजों का नाम बताया है, जो आगामी सीजन में टीम की ओर से पारी का आगाज करते हुए नजर आएंगे।

कप्तान ऋतुराज से 'स्टार स्पोर्ट्स' के शो पर जब पूछा गया कि आईपीएल 2026 में चेन्नई के सलामी बल्लेबाज कौन होंगे? इसके जवाब में चेन्नई के कप्तान ने बताया कि वो और संजू सैमसन इस सीजन पारी की शुरुआत करते नजर आएंगे। उन्होंने बताया कि आयुष म्हात्रे नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए दिखाई दे सकते हैं। संजू सैमसन को चेन्नई ने राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड करते हुए टीम में शामिल किया है।

संजू सैमसन की हालिया फॉर्म शानदार है। हाल ही में खत्म हुए टी-20 विश्व कप 2026 में संजू प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। उन्होंने महज पांच मुकाबलों में 199 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 321 रन बनाए थे। उन्होंने सेमीफाइनल और फाइनल दोनों ही मुकाबलों में दमदार पारी खेली थी। चेन्नई संजू से आईपीएल 2026 में भी ऐसे ही धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

आईपीएल 2026: पंत की कप्तानी को लेकर चल रही अफवाहों को संजीव गोयनका ने किया खारिज

लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने कप्तान ऋषभ पंत को लेकर चल रही सभी अफवाहों को गलत बताया है। हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि आईपीएल 2026 से पहले पंत को कप्तानी से हटाया जा सकता है, लेकिन गोयनका ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया।

उन्होंने साफ कहा कि ये सिर्फ 'फेक रिपोर्ट्स' हैं और टीम का पंत पर पूरा भरोसा है। गोयनका ने पंत के स्वभाव और समर्पण की तारीफ करते हुए उन्हें आने वाले सीजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, "ऋषभ पंत की कप्तानी के बारे में अटकलों को पढ़ा था और मुस्कुराया था। हमने उनके कैरेक्टर और कमिटमेंट को जानने के लिए साथ में काफी समय बिताया है। आपका सीजन शानदार हो, कप्तान।"

दरअसल, आईपीएल 2025 में पंत का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। लखनऊ ने उन्हें मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिसके चलते उनसे काफी उम्मीदें थीं। हालांकि, पंत बल्ले से बुरी तरह से संघर्ष करते हुए नजर आए थे। वह 13 मैचों में सिर्फ 269 रन ही बना सके थे और उनके प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए गए थे। यही कारण था कि ऐसी भी अटकलें लगाई जा रही थीं कि लखनऊ टीम आईपीएल 2026 में पंत की जगह पर नया कप्तान चुन सकती है।

शमी मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं: मुकेश

भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने अपने विकास में अनुभवी मोहम्मद शमी की अहम भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा कि यह दिग्गज खिलाड़ी लगातार उन्हें मार्गदर्शन देते रहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे बहुत कुछ सीखता हूं। वह कई वर्षों से भारत के लिए खेल रहे हैं और अब भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। जब भी मैं किसी मुश्किल में होता हूं या चीजें ठीक नहीं चल रही होतीं, तो मैं उनके पास जाता हूं और सवाल पूछता हूं। वह हमेशा मेरी मदद करते हैं।’’

बंगाल के इस तेज गेंदबाज का 2025-26 घरेलू सत्र शानदार रहा, जिसमें उन्होंने सभी प्रारूपों में 30 से अधिक विकेट लेकर अपनी अनुशासित गेंदबाजी और क्षमता से प्रभावित किया।

मुकेश ने पिछली बार 2023 के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय मैच में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। तब से वह परिणामों के बजाय प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करते हुए टीम में वापसी की कोशिश कर रहे हैं।

गंभीर की आक्रामक प्रतिस्पर्धा ने केकेआर को बनाया मजबूत: डु प्लेसी

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी ने गौतम गंभीर की तीखी प्रतिस्पर्धात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि इसी गुण ने उन्हें कई बार “कहानी का खलनायक” बनाया, लेकिन यही रवैया उनकी टीमों के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित हुआ।

डु प्लेसी ने कहा कि गंभीर की इसी विशेषता ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) जैसी टीम को मजबूती दी। गंभीर की कप्तानी में केकेआर ने 2012 और 2014 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खिताब जीता, जबकि मेंटोर के रूप में उनके मार्गदर्शन में टीम 2024 में तीसरी बार चैंपियन बनी।

वह अब कोच के तौर पर भारतीय टीम को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और इस साल के टी20 विश्व कप में जीत दिला चुके हैं।

डु प्लेसी ने जियोहॉटस्टार से कहा, “गंभीर को लेकर मेरा नजरिया उन खिलाड़ियों से अलग है, जो उनके साथ खेलते हैं। उनके खिलाफ खेलते समय वह हमेशा कहानी के खलनायक होते हैं, लेकिन आप उनका सम्मान करते हैं।”

उन्होंने कहा, “गौतम गंभीर की सबसे बड़ी खासियत यही है कि वह बेहद प्रतिस्पर्धी हैं। उन्हें इस बात की जरा भी चिंता नहीं होती कि कोई उन्हें पसंद करता है या नहीं। एक नेतृत्वकर्ता के तौर पर उनका काम ऊंचे मानक तय करना और ड्रेसिंग रूम में जवाबदेही सुनिश्चित करना है।”

डु प्लेसी के मुताबिक, गंभीर किसी भी ड्रेसिंग रूम में उच्च मानक और जवाबदेही स्थापित करते हैं, जो विरोधी कप्तान के लिए भी प्रेरणा का कारण बनता है।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • हेमंत सोरेन ने विधानसभा में बीजेपी की खोली पोल! बोले- ये छात्र का चोला पहनकर राजनीतिक स्वार्थ साधने में लगे हैं

  • ,
  • खेल: जोंटी रोड्स ने ODI क्रिकेट को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी और राशिद खान ने दिलाया अफगानिस्तान को वनडे विश्व कप का टिकट

  • ,
  • IPL क्रिकेटर अभिषेक पोरेल की बढ़ीं मुश्किलें, रेप केस में जमानत रद्द, कोर्ट ने 3 दिन की हिरासत में भेजा

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: पवन खेड़ा ने पूछा- केंद्रीय गृह मंत्री किस बात से डर रहे हैं? युवाओं का सामना करने से...

  • ,
  • सिनेजीवन: एक फ्रेम में दिखीं कपूर परिवार की 4 पीढ़ियां और 'हैवान' में साथ आए अक्षय कुमार और सैफ अली खान