खेल

खेल: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत को कप्तान रजा ने बताया 'अविश्वसनीय' और RR ने रियान पराग को बनाया टीम का कप्तान

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने अपनी टीम के ऑलराउंडर प्रदर्शन पर बेहद गर्व जताया है। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने आईपीएल 2026 के लिए रियान पराग को अपना नया कप्तान बनाया है।

फोटो: आईएएनएस
फोटो: आईएएनएस 

'मुझे बहुत गर्व और खुशी है', ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक जीत को कप्तान रजा ने 'अविश्वसनीय' बताया

जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ा उलटफेर करते हुए 23 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने अपनी टीम के ऑलराउंडर प्रदर्शन पर बेहद गर्व जताया है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 2 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 19.3 ओवरों में सिर्फ 146 रन पर सिमट गई। इस पारी में जिम्बाब्वे की तरफ से ब्लेसिंग मुजारबानी ने 17 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए।

कप्तान रजा ने इसे खास पल बताते हुए कहा, "मैं बहुत खुश हूं, लेकिन सबसे बढ़कर, मुझे बहुत गर्व है, एक भाई की फीलिंग जिसका छोटा भाई है जो साथ मिलकर बहुत कुछ हासिल कर रहा है। इसलिए यह देखना अच्छा लगा कि टीम अपना काम कैसे कर रही है। यह अविश्वसनीय है।"

दूसरी पारी में क्रैम्प्स से जूझते हुए रजा मैदान से बाहर चले गए थे, उन्होंने अपनी फिटनेस पर अपडेट देते हुए कहा, "मेरे साथ पहले भी ऐसा हो चुका है। श्रीलंका में, ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, लेकिन कभी-कभी, आप जानते हैं, बस मैच का दबाव और एक टीम को लीड करना, वर्कलोड और सब कुछ, ये चीजें हो सकती हैं। लेकिन मैं आपको बस इतना बता सकता हूं कि, ये बस क्रैम्प्स हैं। मुझे पता है कि अगले एक-दो दिन में अच्छी रिकवरी के साथ सब ठीक हो जाएगा।"

Published: undefined

जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर, बेन कुरेन लेंगे उनकी जगह

जिम्बाब्वे के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर एक ग्रुप मैच के दौरान लगी चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह टीम में बेन कुरेन को शामिल किया गया।

चालीस वर्षीय टेलर नौ फरवरी को ओमान के खिलाफ खेले गए मैच में चोटिल होने के कारण मैदान से लंगड़ाते हुए बाहर चले गए थे। जिम्बाब्वे ने यह मैच आठ विकेट से जीता था।

जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुक्रवार को मैच से पहले टॉस के दौरान कप्तान सिकंदर रजा ने कहा, ‘‘ब्रेंडन टेलर को चोट लग गई है और वह टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल पाएंगे। ’’

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 की टूर्नामेंट की तकनीकी समिति ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम के भाई शीर्ष क्रम के बल्लेबाज बेन कुरेन को टेलर की जगह लेने की मंजूरी दी।

आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘नौ फरवरी को ओमान के खिलाफ मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के बाद टेलर के बाहर होने पर बेन कुरेन को उनकी जगह चुना गया। ’’

किसी खिलाड़ी की जगह लेने के लिए हालांकि टूर्नामेंट की तकनीकी समिति की मंजूरी जरूरी है, इसके बाद ही आधिकारिक रूप से उसकी जगह दूसरे खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जा सकता है।

Published: undefined

आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर

आयरलैंड को ओमान के खिलाफ ग्रुप मैच से पहले करारा झटका लगा जब उसके कप्तान पॉल स्टर्लिंग घुटने की चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हो गए ।

स्टर्लिंग को आस्ट्रेलिया के खिलाफ बुधवार को हुए मैच में एक कैच लेते हुए दाहिने घुटने में चोट लगी थी । इसके बाद बल्लेबाजी करते हुए तेजी से एक रन लेने के प्रयास में वह चोट और गंभीर हो गई ।

टी20 विश्व कप इवेंट तकनीकी समिति ने स्टर्लिंग की जगह सैम टॉपिंग को आयरलैंड की 15 सदस्यीय टीम में शामिल करने को मंजूरी दे दी है ।

आयरलैंड ग्रुप बी के मैच में शनिवार को ओमान से खेलेगा ।

टॉपिंग बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज हैं जिन्होंने पिछले साल अफगानिस्तान ए के खिलाफ अबुधाबी में आयरलैंड ए के लिये खेला था ।

आयरलैंड के हाई परफॉर्मेंस निदेशक ग्रीम वेस्ट ने कहा कि स्टर्लिंग का बाहर होना बड़ा झटका है हालांकि टीम को टॉपिंग से काफी उम्मीदें हैं ।

Published: undefined

उपमहाद्वीप की पिचों को लेकर शिकायत नहीं करनी चाहिये, हम अच्छा नहीं खेले : रेनशॉ

आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मेट रेनशॉ ने जिम्बाब्वे के हाथों टी20 विश्व कप में मिली 23 रन से हार का ठीकरा आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच पर नहीं फोड़ा और कहा कि उपमहाद्वीप की टीमें आस्ट्रेलिया दौरे पर रफ्तार और उछाल वाली पिचों को लेकर कभी शिकायत नहीं करती हैं ।

रेनशॉ के 44 गेंद में 65 रन के बावजूद आस्ट्रेलियाई टीम 146 रन पर आउट हो गई ।

रेनशॉ ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ क्रिकेट ऐसा ही है । उपमहाद्वीप की टीमें आस्ट्रेलिया आती हैं तो कभी उछाल और रफ्तार को लेकर शिकायत नहीं करती हैं । आजकल क्रिकेट ऐसा ही है और आपको अलग अलग पिचों पर खेलने में सक्षम होना होगा ।’’

उन्होंने यह भी मानने से इनकार किया कि बिग बैश लीग में कठोर और उछालभरी आस्ट्रेलियाई पिचों पर खेलने के बाद धीमी पिचों पर खेलने में दिक्कत आई ।

उन्होंने कहा ,‘‘ बिग बैश लीग के दौरान आस्ट्रेलियाई विकेटों में काफी उछाल रहता है । भारत में अलग तरह की पिचें होंगी जिन पर बड़े स्कोर बनेंगे क्योंकि बाउंड्री भी छोटी होगी।’’

Published: undefined

आईपीएल: राजस्थान रॉयल्स ने 24 वर्षीय रियान पराग को बनाया टीम का नया कप्तान

राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने आईपीएल 2026 के लिए रियान पराग को अपना नया कप्तान बनाया है। यह घोषणा पूर्व कप्तान संजू सैमसन के ऑक्शन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में ट्रेड होने के बाद हुई है, जिसके साथ उनके चार सीजन के कार्यकाल का अंत हो गया।

साल 2008 से अब तक कुल 7 कप्तानों ने राजस्थान रॉयल्स को लीड किया है। एक खिताब जीतने के बाद इस फ्रेंचाइजी ने छह बार नॉकआउट में प्रवेश किया है। दिलचस्प बात यह है कि टूर्नामेंट के इतिहास में सिर्फ ऑस्ट्रेलियाई और भारतीयों ने ही इस टीम की कमान संभाली है।

रियान पराग लीडरशिप रोल से वाकिफ हैं। उन्होंने आईपीएल 2025 में बतौर स्टैंड-इन कैप्टन अपना रोल निभाया है। जब पराग ने 23 मार्च 2025 को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टीम को लीड किया, तो वह राजस्थान रॉयल्स के इतिहास में सबसे युवा कप्तान और आईपीएल में कुल मिलाकर पांचवें सबसे युवा कप्तान बने थे। आईपीएल 2025 में रियान पराग ने 8 मुकाबलों में कप्तानी की, जिसमें दो जीत और छह हारे। अब आईपीएल 2026 के लिए पराग फुल-टाइम कैप्टन का रोल निभाएंगे।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined