
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का 10वां दिन भारत के लिए यादगार साबित हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में कुल 16 मेडल डाले, जिसमें 7 गोल्ड मेडल शामिल रहे। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की।
भारत के लिए खास तौर पर मुक्केबाजी में यह दिन बेहद शानदार रहा। बॉक्सिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 10 मेडल अपने नाम किए। कई खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश को गौरवान्वित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुरुषों के 60 किलोग्राम बॉक्सिंग इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाले सचिन सिवाच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्लासगो में सचिन की यह सफलता कई युवा बॉक्सर्स को प्रेरित करेगी और उम्मीद जताई कि वह आगे भी भारत का मान बढ़ाते रहेंगे।
वहीं, महिला मुक्केबाजी में अरुंधति चौधरी ने 70 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। पीएम मोदी ने उनकी तकनीक, आत्मविश्वास और शानदार प्रदर्शन की तारीफ करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
महिलाओं के 60 किलोग्राम बॉक्सिंग इवेंट में गोल्ड जीतने वाली प्रिया घांगस को भी प्रधानमंत्री ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रिया की जीत उनकी बेहतरीन स्किल और मानसिक मजबूती को दर्शाती है।
महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने 75 किलोग्राम बॉक्सिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। पीएम मोदी ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सभी मुकाबलों में शानदार कौशल दिखाया और उनका समर्पण देश के खिलाड़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
इसके अलावा महिला मुक्केबाज साक्षी ने 51 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। प्रधानमंत्री ने उनके बेहतरीन प्रदर्शन और निर्णायक जीत के लिए बधाई दी।
पुरुषों के 55 किलोग्राम बॉक्सिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने वाले जादुमनी सिंह मंडेंगबाम की भी पीएम मोदी ने तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके साहस, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन शॉट पुट में भी भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। पुरुषों के शॉट पुट एफ57 इवेंट में सोमन राणा ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस इवेंट में भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स का पहला गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी बने।
पीएम मोदी ने सोमन राणा के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि पूरी प्रतियोगिता के दौरान उनका फोकस और अटूट संकल्प साफ नजर आया।
वहीं, पुरुषों के शॉट पुट एफ57 इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने वाले शुभम जुयाल को भी प्रधानमंत्री ने बधाई दी। उन्होंने शुभम की तकनीक और खेल के प्रति समर्पण की प्रशंसा करते हुए उम्मीद जताई कि यह सफलता उन्हें भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का 10वां दिन कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने देश को गर्व का मौका दिया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए