
2026 एशियन गेम्स में भारत ने अपना 11वां स्वर्ण पदक जीत लिया है। तीरंदाजी में भारत की महिला रिकर्व टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 5-3 से मात दी। कीर्ति, कुमकुम और अंकिता की तिकड़ी ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद धैर्य और बेहतरीन निशानेबाजी का परिचय देते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
यह एशियन गेम्स के 75 साल के इतिहास में पहला मौका है, जब भारत की महिला रिकर्व टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
फाइनल की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मौसम और परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने के कारण खिलाड़ियों के लिए परफेक्ट-10 हासिल करना आसान नहीं था। दोनों टीमों ने मिलकर कुल 48 शॉट लगाए, जिनमें सिर्फ 12 बार 10 का स्कोर आया। कई मौकों पर खिलाड़ियों को 7 और 8 के स्कोर से भी संतोष करना पड़ा।
पहले सेट में भारत और दक्षिण कोरिया ने 54-54 का स्कोर किया। दूसरे सेट में भी दोनों टीमें 56-56 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद तीसरे सेट में भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए 55-51 से सेट जीत लिया और दो महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। इसके साथ भारत ने 4-2 की बढ़त बना ली।
चौथे और आखिरी सेट में भारत को जीत के लिए कम से कम ड्रॉ की जरूरत थी। मुकाबला निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका था और भारतीय टीम की नजरें आखिरी शॉट पर टिक गई थीं।
ऐसे समय में कुमकुम ने दबाव के बीच शानदार निशाना लगाते हुए 10 अंक हासिल किए। उनका यह शॉट भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ। अगर आखिरी शॉट 10 से कम रहता, तो मुकाबला शूट-ऑफ तक पहुंच सकता था। लेकिन कुमकुम के सटीक निशाने ने भारत को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिला दिया।
तीरंदाजी में दक्षिण कोरिया का लंबे समय से दबदबा रहा है। देश इस खेल में अब तक 94 पदक जीत चुका है। महिला रिकर्व वर्ग में भी दक्षिण कोरिया 10 बार ओलंपिक चैंपियन रह चुका है और विश्व तथा एशियाई स्तर पर उसका शानदार रिकॉर्ड रहा है।
ऐसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ कीर्ति, कुमकुम और अंकिता की जीत भारतीय तीरंदाजी के लिए बड़ी उपलब्धि है।
2026 एशियन गेम्स में तीरंदाजी में यह भारत का चौथा स्वर्ण पदक है। इससे पहले भारत ने महिला टीम कंपाउंड, मिश्रित टीम कंपाउंड और पुरुष टीम कंपाउंड स्पर्धाओं में गोल्ड जीता था।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत के एशियन गेम्स में कुल पदकों की संख्या 67 हो गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए