इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भारत और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। पहले दिन टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश टीम 150 रन पर ही ढेर हो गई थी। बांग्लादेश की टीम ने दूसरे सत्र का खेल खत्म होने तक सात विकेट पर 140 रन बना लिए थे, लेकिन मेहमान टीम ने इसके बाद अगले 10 रन के अंदर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए और 150 रन पर ढेर हो गई।
इसके जवाब में दिन के अंत तक भारतीय टीम ने एक विकेट के नुक्सान पर 86 रन बनाए। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा महज 6 रन के स्कोर पर वापस पवेलियन लौट गए। भारत की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा ईशांत शर्मा, उमेश यादव और ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने दो-दो विकेट लिए।
भारतीय टेस्ट टीम के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भारतीय जमीन पर सबसे तेजी से 250 विकेट लेने वाले तीसरे स्पिनर बन गए हैं। उनसे पहले अनिल कुंबले और हरभजन सिंह का नाम है। इसी के साथ अश्विन ने सबसे कम टेस्ट मैचों में 250 विकेट लेकर पूर्व श्रीलंकाई गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अश्विन और मुरलीधरन दोनों ने ही यह आंकड़ा 42 टेस्ट मैच खेलकर पूरा किया है।
उन्होंने बांग्लादेश के कप्तान मोमिनुल हक को 37 के निजी स्कोर पर आउट कर घर में अपने 250 विकेट पूरे किए। अश्विन ने दिन के दूसरे सत्र में मोमिनुल का विकेट लिया। वह दिन के पहले सत्र में भी यह उपलब्धि हासिल कर सकते थे, लेकिन स्लिप पर खड़े रहाणे ने मोमिनुल का कैच छोड़ दिया था।
बता दें कि भारत की ओर से हरभजन सिंह ने 51, जबकि अनिल कुंबले ने 43 टेस्ट मैच खेलकर 250 विकेट पूरे किए थे। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन ने 49 मैच खेलकर ये आकंड़ा छुआ था।
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए