खेल

खेल: जम्मू कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी में रचा इतिहास और ऑस्ट्रेलियाई टीम को लेकर पोटिंग तल्ख टिप्पणी

बंगाल ने जम्मू कश्मीर के सामने 126 रन का लक्ष्य रखा था। जम्मू कश्मीर में 34.4 ओवर में चार विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर दिया। पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने आईसीसी टी20 विश्व कप से ऑस्ट्रेलिया के बाहर होने के बाद कहा कि यह बहुत खराब अभियान रहा।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

जम्मू कश्मीर ने रचा इतिहास, बंगाल को हराकर 67 साल में पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा

जम्मू कश्मीर ने बुधवार को यहां सेमीफाइनल के चौथे दिन दो बार के पूर्व चैंपियन बंगाल को छह विकेट से करारी शिकस्त देकर अपने 67 साल के इतिहास में पहली बार रणजी ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया।

बंगाल ने जम्मू कश्मीर के सामने 126 रन का लक्ष्य रखा था। जम्मू कश्मीर में 34.4 ओवर में चार विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर दिया। उसकी तरफ से वंशज शर्मा ने नाबाद 43 और अब्दुल समद ने नाबाद 30 रन बनाए।

इससे पहले तेज गेंदबाज आकिब नबी ने मैच में नौ विकेट लेकर बंगाल की जीत की संभावनाओं को पूरी तरह से खत्म कर दिया था।

आकिब नबी के शानदार प्रदर्शन और आईपीएल स्टार अब्दुल समद की बेखौफ बल्लेबाजी ने यह सुनिश्चित किया कि जिस टीम को कभी लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं करने वाली टीम के रूप में जाना जाता था वह अब खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है।

समद ने 22 वर्षीय वंशज को विजयी रन बनाने का मौका दिया और इस युवा बल्लेबाज ने मुकेश कुमार की गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का मारकर जम्मू कश्मीर की टीम में जबरदस्त जश्न का माहौल बना दिया।

जम्मू कश्मीर ने पहली बार 1959-60 के सत्र में रणजी ट्रॉफी में हिस्सा लिया था और तब से लेकर अब तक उसे मजबूत दावेदार नहीं माना जाता था।

Published: undefined

अजहरुद्दीन ने इमरान खान के साथ निष्पक्ष व्यवहार की अपील में पूर्व कप्तानों का साथ दिया

पूर्व भारतीय कप्तान और तेलंगाना के मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करने में कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों का समर्थन किया जिन्होंने पाकिस्तान की सरकार से क्रिकेटर से राजनेता बने पूर्व पाकिस्तानी कप्तान के साथ ‘‘गरिमापूर्ण’’ व्यवहार करने की अपील की है।

अजहरुद्दीन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें इमरान भाई की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ है।

तेलंगाना के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री अजहरुद्दीन ने कहा, ‘‘क्रिकेट ने हमें कई यादगार पल दिए हैं। एक साथी खिलाड़ी के रूप में, जिसने उनके साथ मंच साझा किया है और उनसे सीखा है, मैं पूरी ईमानदारी से अपील करता हूं कि उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और उनके परिवार को शक्ति प्रदान करने के लिए दुआ करता हूं।’’

भारतीय दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव सहित 14 पूर्व कप्तानों ने इमरान खान के बिगड़ते स्वास्थ्य पर ‘‘गहरी चिंता’’ व्यक्त करते हुए एक पत्र में पाकिस्तान सरकार से विश्व कप 1992 के विजेता कप्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पर्याप्त चिकित्सा सुविधा और सम्मानजनक परिस्थितियों को सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

Published: undefined

स्कॉटलैंड के मुन्से को आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन के लिए फटकार

स्कॉटलैंड के सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्से को यहां नेपाल के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप सी मैच के दौरान विज्ञापन बोर्ड पर अपना हेलमेट फेंकने के लिए फटकार लगाई गई है और एक डिमेरिट अंक दिया गया है।

मुन्से को खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के नियम 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या पोशाल, मैदान के उपकरण या साजो-सामान के दुरुपयोग’ से संबंधित है।

इसके अलावा मुन्से के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। यह उनके लिए 24 महीने की अवधि में पहला अपराध था।

यह घटना स्कॉटलैंड की पारी के 10वें ओवर के समापन पर हुई जब मुन्से ने आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम में वापस जाते समय अपना हेलमेट विज्ञापन बोर्ड पर फेंक दिया।

मुन्से ने अपराध और सजा स्वीकार कर ली जो आईसीसी मैच रैफरी के अंतरराष्ट्रीय पैनल के डेविड गिल्बर्ट ने प्रस्तावित की थी जिसके कारण औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

Published: undefined

यूएई के लिये अच्छा सबक रहा यह टी20 विश्व कप : गेंदबाजी कोच यासिर अराफात

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 विश्व कप के आखिरी ग्रुप मैच में छह विकेट से हार के बाद संयुक्त अरब अमीरात के गेंदबाजी कोच यासिर अराफात ने बुधवार को कहा कि उनके बल्लेबाजों के लिये बेहतरीन तेज गेंदबाजों को खेलना अच्छा सबक रहा ।

यूएई को छह विकेट पर 122 रन पर समेटने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 13 . 2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया । दक्षिण अफ्रीका के लिये कोर्बिन बॉश ने तीन और एनरिच नॉर्किया ने दो विकेट लिये ।

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज और विश्व कप के लिये यूएई टीम से जुड़े अराफात ने मैच के बाद कहा ,‘‘ दक्षिण अफ्रीका के पास बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण है और वे चार तेज गेंदबाजों को लेकर उतरे थे । हमारे बल्लेबाजों के लिये यह नया और अच्छा सबक रहा कि विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में उन्होंने इतने बेहतरीन तेज गेंदबाजों को खेला ।’’

उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में उन्हें बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी । यूएई ने कनाडा पर एकमात्र जीत दर्ज की जबकि न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका से उसे पराजय का सामना करना पड़ा ।

अराफात ने कहा ,‘‘ हमारे बल्लेबाजों ने अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया लेकिन हर मैच में किसी एक खिलाड़ी ने जिम्मेदारी ली । अगर हर मैच में दो या तीन खिलाड़ी जिम्मेदारी लेते तो प्रदर्शन बेहतर हो सकता था ।’’

Published: undefined

मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टीम का अभियान बहुत खराब रहा: पोंटिंग

पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने आईसीसी टी20 विश्व कप से ऑस्ट्रेलिया के बाहर होने के बाद कहा कि यह बहुत खराब अभियान रहा और मौजूदा टीम में वह चमक नहीं है जो वैश्विक टूर्नामेंट में पिछली टीमों में हुआ करती थी।

आईसीसी ‘रिव्यू’ में पोंटिंग ने कहा कि कागज पर यह टीम उन पिछली ऑस्ट्रेलियाई टीम जैसी प्रभावशाली नहीं दिखती जिन्होंने आईसीसी टूर्नामेंट में दबदबा बनाया था।

पोंटिंग ने कहा, ‘‘जब आप इस ऑस्ट्रेलियाई टीम को कागज पर देखते हैं, तो उसमें वह आभा नजर नहीं आती जो कई अन्य ऑस्ट्रेलियाई टीम में आईसीसी टूर्नामेंट और विश्व कप से पहले दिखाई देती थी। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन टूर्नामेंटों में आगे बढ़ने और जीतने के लिए आपके सर्वश्रेष्ठ और सबसे अनुभवी खिलाड़ियों को बड़े मौकों पर प्रदर्शन करना होता है। ऑस्ट्रेलिया को वह प्रदर्शन नहीं मिला। ’’

पूर्व कप्तान ने शीर्ष क्रम के निराशाजनक प्रदर्शन की ओर इशारा किया जिसमें तीसरे नंबर पर कैमरन ग्रीन और चौथे नंबर पर टिम डेविड शामिल थे। साथ ही श्रीलंका के खिलाफ मैच में टीम ने आखिरी ओवरों में 20 रन पर छह विकेट गंवा दिए।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined