खेल

खेल: 'धोनी-रोहित से बेहतर रहेगा IPL 2026 में कोहली का प्रदर्शन' और जानें धोनी को लेकर क्या है अश्विन की राय?

भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि एमएस धोनी और रोहित शर्मा के मुकाबले विराट कोहली आईपीएल 2026 में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी साबित होंगे।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

धोनी-रोहित से बेहतर रहेगा आईपीएल 2026 में विराट कोहली का प्रदर्शन: आकाश चोपड़ा

भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि एमएस धोनी और रोहित शर्मा के मुकाबले विराट कोहली आईपीएल 2026 में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी साबित होंगे। आकाश का कहना है कि विराट की फिटनेस कमाल की है और उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता है।

आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को चैंपियन बनाने में विराट कोहली का रोल बल्ले से काफी अहम रहा था। कोहली ने 15 मुकाबलों में 144 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 657 रन बनाए थे। इस दौरान विराट ने 8 अर्धशतक लगाए थे। आकाश ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "पूरा ध्यान फिर से विराट कोहली पर रहेगा, क्योंकि वह बहुत फिट हैं। हां, सीरीज के बीच गैप होते हैं और ऑस्ट्रेलिया में उसी गैप के कारण वह रन नहीं बना सके थे। हालांकि, उन्होंने जब एक बार रन बनाना शुरू किया, तो लगातार निरंतरता के साथ रन बनाने का तरीका खोज लिया।"

आकाश ने आगे कहा, "जिस तरह की फिटनेस उन्होंने इतने समय में हासिल की है वो उनको सबसे खास बनाती है। कोहली आईपीएल में सलामी बल्लेबाज भी हैं, तो उनके पास खुद को फॉर्म में लाने के लिए ज्यादा समय रहता है। यही बात रोहित शर्मा पर भी लागू होती है, लेकिन उन दोनों में से मुझे अब भी लगता है कि विराट कोहली के लिए यह थोड़ा आसान है।"

आकाश ने भी बताया कि धोनी के लिए आईपीएल 2026 में जोरदार शुरुआत करना क्यों मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा, "धोनी के लिए भी यह थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि वह 40 के पार हैं। उनके लिए 10 महीने तक कुछ नहीं खेलना फिर आईपीएल में आना और खेलना और ऐसे नंबर पर खेलना जहां उन्हें सिर्फ 10-12 गेंदें मिलें, यह सबसे मुश्किल काम है। फिर 20 ओवर कीपिंग भी होती है, इसलिए उनका काम शायद सबसे मुश्किल है।

Published: undefined

धोनी को इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर नहीं खेलना चाहिए: रविचंद्रन अश्विन

भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि आईपीएल 2026 में एमएस धोनी को इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर नहीं खेलना चाहिए। अश्विन का कहना है कि अगर धोनी बतौर इम्पैक्ट खिलाड़ी खेलते हैं, तो उन्हें पूरा सीजन नहीं खेलना चाहिए। 

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल 'एश की बात' पर कहा, "मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि धोनी को इम्पैक्ट खिलाड़ियों की लिस्ट में होना चाहिए। अगर वह स्क्वॉड में हैं, तो उन्हें हर हाल में खेलना चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं चाहते हैं, तो धोनी को पूरा सीजन नहीं खेलना चाहिए। मैं इस बात के पक्ष में नहीं हूं कि धोनी इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर खेलें।"

अश्विन के अनुसार, धोनी पिछले तीन महीने से ट्रेनिंग कर रहे हैं और वह खुद खेलना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "धोनी को प्लेइंग इलेवन में होना चाहिए। अगर वह नहीं खेलना चाहेंगे, तो वह रिटायर हो जाएंगे। उन्हें खुद पर 100 प्रतिशत भरोसा है कि वह अभी खेल सकते हैं। वह पिछले तीन महीने से प्रैक्टिस कर रहे हैं। वह यह मैसेज दे रहे हैं कि मैं खेलना चाहता हूं। आप कुछ भी सोचिए अगर वह खेलना चाहते हैं, तो कोई भी उनसे जाकर यह नहीं कह सकता है कि आप नहीं खेलेंगे।"

उल्लेखनीय है कि पिछले दो सीजन से एमएस धोनी बल्लेबाजी क्रम में काफी नीचे बल्लेबाजी करने आ रहे हैं। आईपीएल 2025 में उनका प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा था। 14 मुकाबलों में धोनी 135 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए सिर्फ 196 रन ही बना सके थे। पूरे सीजन में धोनी एक अर्धशतक तक नहीं लगा सके थे। धोनी के इस फैसले की आलोचना भी हुई थी। नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के बाहर होने के बाद धोनी पिछले सीजन कप्तानी करते हुए भी नजर आए थे।

Published: undefined

मियामी ओपन: जीत के साथ अलेक्जेंडर जेवरेव ने बनाई सेमीफाइनल में जगह

मियामी ओपन में जर्मनी के खिलाड़ी अलेक्जेंडर जेवरेव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को सेरुंडोलो को 6-1, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। 

इस जीत के साथ 27 साल के जर्मन खिलाड़ी ने एक ही सीजन में इंडियन वेल्स और मियामी ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड बना लिया है, जो उनके करियर के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि है। साल 2022 में सेमीफाइनल और 2023 तथा 2025 में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाले फ्रांसिस्को सेरुंडोलो का अनुभव जेवरेव के आगे फीका नजर आया। टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में सेरुंडोलो ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दुनिया के नंबर 10 खिलाड़ी डेनियल मेदवेदेव को हराया था।

हालांकि, क्वार्टर फाइनल में अलेक्जेंडर जेवरेव के खिलाफ वह लय में दिखाई नहीं दिए और तीसरे एटीपी मास्टर्स 1000 के सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका चूक गए। क्वार्टर फाइनल में जीत के साथ जेवरेव ने सेरुंडोलो के खिलाफ लगातार चौथी जीत दर्ज की। इस तरह उनका एटीपी में हेड-टू-हेड रिकॉर्ड अब 4-3 हो गया है। जेवरेव अब अपना पूरा ध्यान इटली के टेनिस प्लेयर जैनिक सिनर के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले पर लगाएंगे। सिनर पिछले छह मुकाबलों में लगातार जीत हासिल करके जेवरेव के खिलाफ 7-4 से आगे हैं।

जेवरेव ने अपने 25वें एटीपी मास्टर्स 1000 सेमीफाइनल में जगह बनाने के बाद कहा, "शनिवार को सबसे मुश्किल टेस्ट होगा। मैं इसका इंतजार कर रहा हूं। मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं और उम्मीद करता हूं कि यह प्रदर्शन जारी रहेगा।" इससे पहले, सिनर ने फ्लोरिडा में एटीपी मास्टर्स 1000 इवेंट में अमेरिकन खिलाड़ी फ्रांसेस टियाफो को 6-2, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई है। सिनर का लक्ष्य 2017 में रोजर फेडरर के बाद एक ही साल में इंडियन वेल्स और मियामी ओपन जीतकर 'सनशाइन डबल' पूरा करने वाला पहला पुरुष खिलाड़ी बनना होगा।

Published: undefined

एमबापे के गोल से फ्रांस ने ब्राजील को हराया

स्टार स्ट्राइकर किलियन एमबापे के गोल की मदद से फ्रांस ने विश्व कप फुटबॉल से पहले एक महत्वपूर्ण मैत्री मैच में ब्राजील को 2-1 से हराया।

एमबापे इस मैच से पहले घुटने की चोट से जूझ रहे थे लेकिन उन्होंने दिखाया कि फिलहाल वह इस समस्या से परेशान नहीं हैं। उन्होंने 65वें मिनट में मैदान छोड़ने से पहले एक महत्वपूर्ण गोल किया।

स्टेडियम में मौजूद 66215 दर्शक ब्राजील का समर्थन कर रहे थे लेकिन एमबापे (32वें मिनट) और ह्यूगो एकितिके (65वें) ने गोल करके फ्रांस को उस मैदान पर 2-0 की बढ़त दिला दी, जहां वह विश्व कप के ग्रुप चरण के अपने अंतिम मैच में नॉर्वे का सामना करेगा।

ब्राजील की तरफ से एकमात्र गोल ब्रेमर ने 78वें मिनट में किया लेकिन इससे वह हार का अंतर ही कम कर पाये।

Published: undefined

ईरान ने अपनी टीमों को ‘शत्रु’ देशों की यात्रा करने से प्रतिबंधित किया

ईरान ने अपनी खेल टीमों को उन देशों की यात्रा करने से प्रतिबंधित कर दिया है जिन्हें वह ‘‘शत्रु’’ मानता है। ईरान के सरकारी टीवी ने सऊदी अरब में उनके देश के फुटबॉल क्लब ट्रैक्टर एफसी के निर्धारित मैच से पहले गुरुवार को यह जानकारी दी।

तेहरान में ईरान के खेल मंत्रालय द्वारा घोषित प्रतिबंध में विश्व कप फुटबॉल का कोई जिक्र नहीं किया गया है जो 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में शुरू हो रहा है।

मंत्रालय के बयान में दुबई के शबाब अल अहली के खिलाफ सऊदी अरब में होने वाले ट्रैक्टर एफसी के मैच का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। यह एशियाई चैंपियंस लीग एलीट का प्लेऑफ मैच है।

बयान के अनुसार, ‘‘जिन देशों को शत्रु माना जाता है और जो ईरान के खिलाड़ियों और टीम के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असमर्थ हैं, उन देशों में राष्ट्रीय और क्लब टीमों की उपस्थिति की अगले आदेश तक प्रतिबंधित रहेगी।’’

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined