खेल

खेल: IPL में मुंबई इंडियंस की बढ़ सकती हैं मुश्किलें और ब्रेट ली ने आशा भोसले को दी भावुक श्रद्धांजलि

आईपीएल 2026 में तीन मैच हार चुकी मुंबई इंडियंस (एमआई) की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने आशा भोसले को भावुक श्रद्धांजलि दी है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

आईपीएल 2026 : मुंबई इंडियंस की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, रोहित की हैमस्ट्रिंग इंजरी का होगा स्कैन

आईपीएल 2026 में तीन मैच हार चुकी मुंबई इंडियंस (एमआई) की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा की इंजरी की गंभीरता को समझने के लिए स्कैन कराया जाएगा। रोहित रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 19 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए थे और दोबारा बल्लेबाजी करने मैदान पर नहीं उतरे थे। 

'क्रिकबज' की खबर के अनुसार, रोहित शर्मा अपनी हैमस्ट्रिंग की इंजरी की गंभीरता को समझने के लिए स्कैन करवाएंगे। 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के अगले मैच के लिए एमआई के इस स्टार बल्लेबाज की उपलब्धता चोट के स्कैन के नतीजों पर निर्भर करेगी। 38 साल के रोहित आरसीबी के खिलाफ पारी के छठे ओवर में रिटायर्ड हर्ट हो गए और मैदान छोड़ दिया। उन्होंने मैदान छोड़ने से पहले 13 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 19 रन बनाए।

पावरप्ले के आखिरी ओवर में रसिख सलाम की दूसरी गेंद का सामना करने के बाद वह दिक्कत में दिखाई दिए थे और उन्हें आखिर में मैदान से बाहर जाना पड़ा था।

Published: undefined

'हमेशा जीतना और सीखना होता है', कप्तान हार्दिक ने ड्रेसिंग रूम में बढ़ाया एमआई का हौसला

आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन में मिली तीसरी हार के बाद एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने ड्रेसिंग रूम में टीम का मनोबल बढ़ाया। 

 मुंबई इंडियंस द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में हार्दिक ने कहा कि किसी भी मुकाबले में हम जीत दर्ज कर सकते हैं या फिर उस मैच में मिली हार से सीख सकते हैं। हारने जैसी कोई चीज नहीं होती है।

 उन्होंने कहा, "महेला जयवर्धने ने जो कहा उसे देखते हुए मुझे लगता है कि हमारे पास दो विकल्प हैं। पहला यह है कि हम सभी अपने कमरों में चले जाएं और सोचने की कोशिश करें कि गलती कहां पर हुई। मुझे पता है कि यह मुश्किल है, हारना हमेशा मुश्किल होता है, लेकिन हमें अपनी गलतियों से सीख लेनी होगी। एक मुकाबले को जीतना होता है या फिर उससे सीखना होता है। हारना कभी विकल्प नहीं होता।"

Published: undefined

ब्रेट ली ने आशा भोसले को दी भावुक श्रद्धांजलि, इंस्टाग्राम पर लिखा खास संदेश

भारत की मशहूर गायिका आशा भोसले का रविवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने आशा भोसले को भावुक श्रद्धांजलि दी है और उनके साथ अनोखे संगीत सहयोग को याद किया। 

 आशा भोसले ने ब्रेट ली के साथ मिलकर साल 2007 में 'हां मैं तुम्हारा हूं' गाना गाया था, जो आशा एंड फ्रेंड्स एल्बम का हिस्सा था। ली और भोसले की जोड़ी को फैंस ने खूब पसंद किया था और यह गाना काफी मशहूर हुआ था। उस पल को याद करते हुए ब्रेट ली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'इंस्टाग्राम' पर दिल छू लेने वाला भावुक संदेश लिखा। "मुझे 2006 में आशा भोसले के साथ 'हां मैं तुम्हारा हूं' लिखने और रिकॉर्ड करने का मौका मिला। यह कुछ ऐसा है जिसके लिए मैं हमेशा बहुत शुक्रगुजार रहूंगा। जो बात मेरे साथ सबसे ज्यादा रही, वह सिर्फ उनका बहुत बढ़िया टैलेंट ही नहीं था बल्कि वह कितनी दयालु और विनम्र थीं। उन्होंने अपनी जिंदगी में इतना कुछ हासिल किया था, उसके बावजूद उन्होंने खुद को इतने प्यार और दरियादिली से पेश किया।

 ली ने आगे लिखा, "इस समय मेरी दुआएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। मैं बहुत खुशकिस्मत महसूस करता हूं कि मैंने इतने खास इंसान के साथ एक छोटा सा पल भी बिताया। इसमें कोई शक नहीं कि उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों तक जिंदा रहेगी।" अपनी आत्मकथा 'माई लाइफ: ब्रेट ली' में उन्होंने इस यादगार संगीत सहयोग के बारे में खुलकर बात की थी, जिसमें बताया गया था कि गाने का म्यूजिक वीडियो 2006 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए उनके भारत आने के दौरान शूट किया गया था। क्रिकेटर ने ट्रैक में हिंदी लाइन्स को अपनी आवाज भी दी, जिसमें 'हां, मैं तुम्हारा हूँ, तुम्हारा ही रहूँगा' भी शामिल है।

Published: undefined

महिला टी20 विश्व कप के लिए 82 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि की घोषणा

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को आगामी महिला टी20 विश्व कप के लिए 82 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि की घोषणा की। इस विश्व कप का आयोजन दो महीने बाद इंग्लैंड एवं वेल्स में होगा।

कुल पुरस्कार राशि में पिछले सत्र की तुलना में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

टूर्नामेंट के पिछले सत्र में 10 टीमों ने भाग लिया था, लेकिन 12 जून से पांच जुलाई तक सात स्थानों पर खेले जाने वाले आगामी विश्व कप में 12 टीमें भाग लेंगी। इसका फाइनल लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा।

संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित पिछले सत्र की कुल पुरस्कार राशि 7,958,077 डॉलर (लगभग 74 करोड़ रुपये) थी, जो अब बढ़कर 8,764,615 डॉलर (लगभग 82 करोड़ रुपये) हो गई है।

विजेता टीम को 23,40,000 डॉलर (लगभग 21.8 करोड़ रुपये) मिलेंगे, जबकि उपविजेता को 11,70,000 डॉलर (लगभग 10 करोड़ रुपये) प्राप्त होंगे।

सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को 6,75,000 डॉलर (लगभग 6.29 करोड़ रुपये) मिलेंगे, जबकि प्रत्येक ग्रुप मैच जीतने पर टीमों को 31,154 डॉलर (लगभग 29 लाख रुपये) मिलेंगे।

Published: undefined

कार्लोस अल्कारेज को पछाड़कर यानिक सिनर फिर बने दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी

 इटली के यानिक सिनर नवीनतम एटीपी टेनिस एकल रैंकिंग में कार्लोस अल्कारेज को पछाड़कर दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन गए।

सिनर ने मोंटे कार्लो मास्टर्स के फाइनल में स्पेन के अल्कारेज को हराकर खिताब जीता था जिसके बाद वह रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने में सफल रहे। क्ले कोर्ट पर यह सिनर का पहला बड़ा खिताब है और उन्होंने अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी को हराकर यह खिताब हासिल किया।

सिनर ने कहा, ‘‘यह मेरे लिए काफी मायने रखता है क्योंकि इसका मतलब है कि मैं आगे बढ़ रहा हूं।’’

यह 2026 के लिए सिनर के मुख्य लक्ष्य की ओर बढ़ाया गया पहला कदम है। उनका लक्ष्य फ्रेंच ओपन जीतकर करियर ग्रैंडस्लैम पूरा करना है।

सिनर के 13350 अंक हैं जबकि अल्कारेज 13240 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव 5555 अंक के साथ तीसरे पायदान पर हैं।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined