विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मैच में सिर्फ 11 रन बना सके। रांची में खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने आलोचना झेल रहे सैमसन का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि कुछ मुकाबलों में कम स्कोर बनाने के बाद भी टीम मैनेजमेंट को प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह पर शक नहीं करना चाहिए।
संजू सैमसन एशियन गेम्स 2026 में 9, 7 और 2 रन की पारी ही खेल सके थे। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में भी खराब बल्लेबाजी का सिलसिला जारी रहा।
पुजारा ने 'जियोहॉटस्टार' से कहा, "मुझे उम्मीद है कि उन पर कोई दबाव नहीं होगा, क्योंकि ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड कप जीता है और वहां शानदार प्रदर्शन किया। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। इसलिए, उनके प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होने पर कोई सवाल नहीं उठना चाहिए।"
पुजारा ने भरोसा जताया है कि सैमसन आगामी मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा, "हो सकता है कि एक या दो मैच खराब जाएं, और ऐसे में टीम मैनेजमेंट को आगे आकर उन्हें सही संदेश देना चाहिए कि 'आप इस टीम का अहम हिस्सा हैं और प्लेइंग इलेवन में बने रहेंगे, इसलिए मैदान पर जाएं, खुलकर खेलें और अपना स्वाभाविक गेम दिखाएं'। टी20 फॉर्मेट में, बीच-बीच में कुछ असफलताएं तो आती ही हैं, लेकिन यही वह समय होता है जब आपको खिलाड़ी से बात करनी चाहिए और उन्हें सही संदेश देना चाहिए। हां, वैभव सूर्यवंशी भी हैं, सही समय आने पर उन्हें भी मौका मिलेगा, लेकिन आप बहुत ज्यादा बदलाव नहीं करते। अगर संजू दो-तीन पारियां और खेलते हैं, तो मुझे यकीन है कि वह शानदार प्रदर्शन करेंगे।"
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स और फील्डिंग कोच ब्रैड हाडिन ने अपना पद छोड़ दिया है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की इस टीम ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की।
इन दोनों के पद छोड़ने की संभावना पहले से ही थी क्योंकि होप्स को क्वींसलैंड और ब्रिसबेन हीट का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है, जबकि हाडिन न्यू साउथ वेल्स की पुरुष टीम का कोच पद संभालेंगे।
पंजाब किंग्स ने ऑस्ट्रेलिया के इन दोनों पूर्व खिलाड़ियों की तस्वीर के साथ एक्स पर लिखा, ‘‘आपके ज्ञान, जुनून और यादों के लिए आभार।’’
सूत्रों के अनुसार इन दोनों ने पहले ही फ्रेंचाइजी को अपने इस फैसले से अवगत करा दिया था।
होप्स कुछ सत्र पहले मुख्य कोच रिकी पोंटिंग के साथ दिल्ली कैपिटल्स से पंजाब किंग्स में शामिल हुए थे। हाडिन पहले से ही पंजाब किंग्स से जुड़े हुए थे और पोंटिंग ने भी मुख्य कोच बनने के बाद उन्हें अपने पद पर बनाए रखा था।
पोंटिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में पंजाब किंग्स ने पिछले दो वर्षों में अच्छा प्रदर्शन किया था। उसकी टीम 2025 में फाइनल में पहुंची थी।
मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने बृहस्पतिवार को यहां बताया कि भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजी और लेग-स्पिन के अलावा ‘बैक-अप’ कौशल के रूप में विकेटकीपिंग पर काम कर रहे हैं।
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सत्र से पहले जायसवाल की विकेटकीपिंग पर कड़ी मेहनत करते हुए तस्वीरें सामने आई हैं।
यह 24 वर्षीय खिलाड़ी भारतीय टीम के नेट में लेग-स्पिन का भी अभ्यास करता है और कुछ मुकाबलों में गेंदबाजी भी कर चुका है। जायसवाल रविवार से चंडीगढ़ के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में शुरू होने वाले मुंबई के रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।
लेकिन राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण वह दूसरे मैच से आगे उपलब्ध नहीं रहेंगे।
श्रीलंका के टेस्ट कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने बृहस्पतिवार को तुरंत प्रभाव से टेस्ट कप्तान का पद छोड़ दिया जिसके बाद कुसल मेंडिस को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
अगले महीने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट की श्रृंखला कप्तान के रूप में मेंडिस की पहली श्रृंखला होगी। मेंडिस पहले ही एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की अगुआई कर रहे हैं।
श्रीलंका के लिए 31 वर्षीय मेंडिस ने 75 टेस्ट सहित कुल 343 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं।
डिसिल्वा ने पद छोड़ते हुए कहा था कि अब अगली पीढी को बागडोर सौंपने का समय आ गया है। अपने करियर में 69 टेस्ट खेलकर 13 शतक समेत 4400 से अधिक रन बनाने वाले 35 वर्ष के धनंजय बतौर खिलाड़ी चयन के लिये उपलब्ध रहेंगे ।
जनवरी 2024 में टेस्ट कप्तान बने डिसिल्वा ने श्रीलंका क्रिकेट चयन समिति को अपने फैसले से अवगत करा दिया है ।
उन्होंने चयन समिति को लिखे पत्र में कहा ,‘‘ मेरा मानना है कि अब बागडोर अगली पीढी को सौंपी जानी चाहिये ।’’
जालंधर और मोहाली में 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक होने वाली एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी पुरूष हॉकी में मेजबान भारत की नजरें एशियाई स्तर पर दबदबा कायम रखने पर लगी होंगी जबकि पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश को छह टीम के टूर्नामेंट में जगह दी गई है ।
हॉकी इंडिया द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार छह टीमों के इस टूर्नामेंट में भारत के अलावा जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश भाग लेंगे । पंजाब में लगभग दो दशक बाद इस टूर्नामेंट के जरिये अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी हो रही है ।
जापान के आइची नागोया में हाल ही में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिये क्वालीफाई करने वाली भारतीय टीम चार बार खिताब जीत चुकी है ।
पिछले महीने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए पाकिस्तान की भागीदारी का दावा किया था । इस कार्यक्रम में हॉकी इंडिया महासचिव भोलानाथ सिंह समेत वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे । बांग्लादेश और ओमान को रिजर्व टीमों में रखा गया था ।
इसके दो दिन बाद ही पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने भारत में खेलने से इनकार करके एएचएफ से टूर्नामेंट तटस्थ स्थान पर कराने की मांग की थी ।
पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए