खेल

IPL 2026: मां ने गहने बेच कर दिलाए जूते, भावुक कर देगी SRH के लिए यादगार डेब्यू करने वाले साकिब हुसैन की कहानी

रणजी डेब्यू के समय उनके पास अच्छे जूते नहीं थे और खरीदने के लिए पैसे भी नहीं थे। उस समय उनकी मां ने अपने गहने बेचकर जूते खरीदे थे।

साकिब हुसैन के पास कभी जूते खरीदने के पैसे नहीं थे (फोटो: IANS)
साकिब हुसैन के पास कभी जूते खरीदने के पैसे नहीं थे (फोटो: IANS) A.SureshKumar

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने छोटे शहरों के खिलाड़ियों के बड़े सपनों में रंग भरने और उन्हें अपने दमदार प्रदर्शन की बदौलत रातों-रात क्रिकेट की दुनिया में छा जाने का अवसर दिया है। सीजन (आईपीएल 2026) का 21वां मैच सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच हैदराबाद में खेला गया। इस मैच में एक नए सितारे ने करिश्माई दस्तक दी और अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से एसआरएच को आरआर जैसी मजबूत टीम के खिलाफ बड़ी जीत दिलायी, नाम है साकिब हुसैन।

Published: undefined

बिहार के लाल ने किया कमाल 

आरआर के खिलाफ मैच साकिब हुसैन के आईपीएल करियर का पहला मैच था। हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट जैसे अनुभवी गेंदबाजों के निष्प्रभावी रहने के बाद एसआरएच मैनेजमेंट ने 21 साल के साकिब पर भरोसा जताया और दाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज अपनी टीम के भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरा।

साकिब ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए। इसमें विस्फोटक सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के साथ ही जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे और रवि बिश्नोई का विकेट शामिल है। साकिब ने अपनी किफायती, घातक और सफल गेंदबाजी से न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलायी बल्कि क्रिकेट की दुनिया के विश्लेषकों और फैंस का ध्यान अपनी तरफ खींचा है।

Published: undefined

अच्छे जूते खरीदने के लिए पैसे नहीं थे

साकिब हुसैन का जन्म 14 दिसंबर 2004 को बिहार के गोपालगंज जिले में हुआ था। आर्थिक रूप से कमजोर किसान परिवार से संबंध रखने वाले साकिब का बचपन का सपना भारतीय सेना में शामिल होकर परिवार को संपन्न बनाना था, लेकिन साकिब की कद काठी, उनकी मेहनत और क्रिकेट में उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने की सलाह उनके परिवार और स्थानीय क्रिकेट कोचों और खिलाड़ियों से मिली।

हुसैन का सफर टेनिस बॉल से शुरू हुआ था। वह घातक गेंदबाज के तौर पर अपने क्षेत्र में लोकप्रिय थे और 500-700 रुपये लेकर दूर-दूर मैच खेलने जाते थे। जल्द ही वह जिला क्रिकेट टीम और फिर बिहार राज्य की टीम में शामिल हो गए। 2022 में आंध्र प्रदेश के खिलाफ टी20 में और 2024 में कर्नाटक के खिलाफ प्रथम श्रेणी में उन्होंने डेब्यू किया। रणजी डेब्यू के समय उनके पास अच्छे जूते नहीं थे और खरीदने के लिए पैसे भी नहीं थे। उस समय उनकी मां ने अपने गहने बेचकर जूते खरीदे थे।

Published: undefined

SRH ने साकिब पर जताया भरोसा 

करीब 145 की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले साकिब की प्रतिभा से प्रभावित होकर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने उन्हें आईपीएल 2024 के लिए 20 लाख में खरीदा था। उस सीजन केकेआर की तरफ से उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था और फिर उन्हें रिलीज कर दिया गया।

आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में एसआरएच ने हुसैन पर भरोसा जताते हुए 30 लाख रुपये में खरीदा था। नेट्स में लगातार प्रभावी गेंदबाजी कर रहे साकिब को आरआर जैसी मजबूत टीम के खिलाफ डेब्यू का मौका मिला और पहले ही मैच में टीम को जीत दिलाकर उन्होंने अपने ऊपर किए गए भरोसे को सही साबित कर दिया।

Published: undefined

साकिब ने कोच वरुण आरोन को दिया सफलता का श्रेय 

साकिब ने अपनी सफलता का श्रेय एसआरएच के तेज गेंदबाजी कोच वरुण आरोन को दिया है। मैच के बाद साकिब ने कहा, "वरुण भाई पिछले चार वर्षों से मेरे साथ काम कर रहे हैं। मेरी गेंदबाजी में आप जो भी सुधार देख रहे हैं वह उन्हीं की वजह से है। मैं अपनी सफलता का पूरा श्रेय उन्हें देता हूं।"

हुसैन के आईपीएल करियर की शुरुआत शानदार रही है, लेकिन मंजिल अभी दूर है। भारतीय टीम का हिस्सा बनने का सपना देखने वाले इस गेंदबाज को लगातार न सिर्फ आईपीएल, बल्कि घरेलू क्रिकेट में भी ऐसा ही प्रदर्शन निरंतरता के साथ करते रहना होगा।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined