खेल

खेल: 'सूर्या के बाद श्रेयस भारत की टी20 कप्तानी का मुख्य दावेदार' और WTC तालिका में छठे स्थान पर खिसका भारत

पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग का मानना है कि सूर्यकुमार यादव के बाद श्रेयस अय्यर टी20 प्रारूप में भारत के कप्तान बनने के मुख्य दावेदार हैं। भारतीय क्रिकेट टीम को नुकसान हुआ है और वह नवीनतम डब्ल्यूटीसी रैंकिंग में छठे स्थान पर खिसक गई है।

श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर  फोटोः सोशल मीडिया

सूर्यकुमार के बाद श्रेयस भारत की टी20 कप्तानी का मुख्य दावेदार: रिकी पोंटिंग

पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग का मानना है कि सूर्यकुमार यादव के बाद श्रेयस अय्यर टी20 प्रारूप में भारत के कप्तान बनने के मुख्य दावेदार हैं जो अभी अपने खेल के चरम पर हैं और पहले से कहीं अधिक परिपक्व हो गए हैं।

सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने हाल में दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता था लेकिन पिछले 12 महीनों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और वह मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज पोंटिंग ने पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘सूर्यकुमार के बाद कप्तानी के लिए कई दावेदार हैं, लेकिन मेरा मानना है कि श्रेयस अय्यर मुख्य दावेदारों में से एक हैं। हमने टूर्नामेंट की शुरुआत में ही देख लिया था कि वह टी20 के कितने अच्छे खिलाड़ी हैं तथा मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों में ही वह अभी किस तरह की स्थिति में हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह पहले से कहीं अधिक परिपक्व हो गए हैं और इस समय अपने खेल के चरम पर हैं।

Published: undefined

गेल का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच सकते हैं सूर्यवंशी: कुंबले

भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले का मानना ​​है कि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की रेंज और स्वभाव उन्हें अन्य बल्लेबाजों से अलग करता है और वह आईपीएल के एक सत्र में सर्वाधिक छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

सूर्यवंशी आईपीएल के मौजूदा सत्र में अभी तक 53 छक्के लगा चुके हैं और गेल के 2012 में लगाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड की बराबरी करने से केवल छह छक्के दूर हैं।

इस 15 वर्ष के बल्लेबाज ने बुधवार को राजस्थान रॉयल्स की तरफ से लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 38 गेंद में 93 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और सात चौके शामिल हैं। इस तूफानी पारी की बदौलत उनकी टीम ने 221 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट से आसान जीत हासिल की।

कुंबले ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘‘उन्होंने इस आईपीएल सत्र में अभी तक ही 53 छक्के लगा दिए हैं। एक सत्र में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 59 छक्के लगाए हैं। मुझे लगता है वैभव सूर्यवंशी गेल का रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच सकते हैं।’’

Published: undefined

बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 78 रन से हराकर टेस्ट श्रृंखला में 2-0 से क्लीन स्वीप किया

ताइजुल इस्लाम के छह विकेट की मदद से बांग्लादेश ने बुधवार को यहां दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में पाकिस्तान को 78 रन से हराकर श्रृंखला में 2-0 से क्लीन स्वीप किया।

पाकिस्तान की टीम 437 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 358 रन पर आउट हो गई। बांग्लादेश ने पहला टेस्ट मैच 104 रन से जीता था।

पाकिस्तान ने मैच के पांचवें और अंतिम दिन सुबह अपनी दूसरी पारी सात विकेट पर 316 रन से आगे बढ़ाई लेकिन उसने 11.2 ओवर में अपने बाकी बचे विकेट गंवा दिये।

बाएं हाथ के स्पिनर ताइजुल ने पांचवें दिन गिरे तीन विकेटों में से दो विकेट लिए। उन्होंने 34.2 ओवरों में 120 रन देकर छह विकेट हासिल किए।

पाकिस्तान ने पांचवें दिन सुबह 42 रन जोड़े, लेकिन उसने अपने अंतिम तीन विकेट 13 गेंदों में बिना कोई रन जोड़े गंवाए।

इस तरह से बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार दूसरी बार श्रृंखला में क्लीन स्वीप किया। इससे पहले उसने 2024 में 2-0 से जीत हासिल की थी।

Published: undefined

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे फखर जमां और साइम अयूब

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमां और साइम अयूब चोटिल होने के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 30 मई से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बुधवार को कहा कि दोनों खिलाड़ियों को पीसीबी की मेडिकल टीम की देखरेख में ‘रिहैबिलिटेशन’ कार्यक्रम में शामिल होने की सलाह दी गई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला वनडे मैच रावलपिंडी में खेला जाएगा। अगले दो मैच दो और चार जून को लाहौर में खेले जाएंगे।

बोर्ड ने इन खिलाड़ियों की चोट की प्रकृति और उनके ठीक होने में लगने वाले अपेक्षित समय के बारे में विस्तार से नहीं बताया। हालांकि एक सूत्र ने बताया कि उन्हें घुटने और टखने में समस्या है।

Published: undefined

बांग्लादेश की पाकिस्तान पर जीत से डब्ल्यूटीसी तालिका में छठे स्थान पर खिसका भारत

बांग्लादेश का पाकिस्तान के खिलाफ अपनी घरेलू धरती पर खेली गई टेस्ट श्रृंखला में 2-0 से क्लीन स्वीप करने के कारण भारतीय क्रिकेट टीम को नुकसान हुआ है और वह नवीनतम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) रैंकिंग में छठे स्थान पर खिसक गई है।

बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट मैच में 78 रन से हराया। इससे पहले उसने मीरपुर में पहला टेस्ट मैच 104 रन के बड़े अंतर से जीता था। इससे उसकी टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के डब्ल्यूटीसी तालिका में नवीनतम अपडेट में भारत से आगे निकल गई है।

बांग्लादेश के अब चार टेस्ट मैचों में दो जीत, एक हार और एक ड्रॉ के साथ 58.33 प्रतिशत अंक हैं, जबकि भारत के नौ टेस्ट मैचों में चार जीत, उतनी ही हार और एक ड्रॉ के साथ 48.15 अंक हैं।

पहले दो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय टीम अब एशियाई देशों की रैंकिंग में पाकिस्तान से ऊपर है। शुभमन गिल की अगुवाई वाली इस टीम ने इस साल अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined