खेल

खेलः IPL के बीच चेन्नई सुपरकिंग्स को एक और झटका और आईसीसी टी20 रैंकिंग में शेफाली वर्मा का जलवा

दो बार के मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्काराज का दाहिनी कलाई में चोट के कारण फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खेलना संदिग्ध है। वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स (डब्ल्यूपीए) ने वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2027 के लिए ताशकंद को मेजबान शहर के तौर पर चुना है।

IPL के बीच चेन्नई सुपरकिंग्स को एक और झटका और आईसीसी टी20 रैंकिंग में शेफाली वर्मा का जलवा
IPL के बीच चेन्नई सुपरकिंग्स को एक और झटका और आईसीसी टी20 रैंकिंग में शेफाली वर्मा का जलवा फोटोः IANS

IPL के बीच चेन्नई सुपरकिंग्स को एक और झटका

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को बड़ा झटका लगा है। हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण दाएं हाथ के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे शेष सीजन से बाहर हो गए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स ने पुष्टि की है कि म्हात्रे को चोट से उबरने में 6-12 हफ्तों का समय लगेगा। ऐसे में उनके लिए टूर्नामेंट के शेष हिस्से में खेलना मुमकिन नहीं है।

18 अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए इस युवा खिलाड़ी को बाएं हैमस्ट्रिंग को पकड़ते हुए देखा गया था। आउट होने से पहले ही उन्हें मैदान पर दो बार ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ी थी। जब वह वापस लौट रहे थे, तो फिजियो ने उन्हें मैदान से बाहर ले जाने में मदद की थी। सोमवार को म्हात्रे का स्कैन किया गया, जिसमें चोट की गंभीरता का पता लग सका।

पांच बार की चैंपियन सीएसके 6 में से 2 मैच गंवाकर आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में 8वें पायदान पर मौजूद है। म्हात्रे की गैरमौजूदगी ने टीम की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। युवा खिलाड़ी म्हात्रे ने इस सीजन 6 मुकाबलों में 33.50 की औसत के साथ 201 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। वह इस सीजन टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे हैं।

कुछ ही दिनों पहले चेन्नई सुपर किंग्स को तेज गेंदबाज खलील अहमद के रूप में झटका लगा था, जो इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए। अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी अब तक खेलने के लिए उपलब्ध नहीं हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले ही सीएसके ने नाथन एलिस को भी गंवा दिया था। डेवाल्ड ब्रेविस आईपीएल 2026 के शुरुआती कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे। चेन्नई सुपर किंग्स अपना अगला मैच 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद टीम 26 अप्रैल को गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। 2 मई को इस टीम का सामना एक बार फिर मुंबई इंडियंस से होगा। इसके बाद टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 10 मई और 15 मई को लगातार दो मुकाबले खेलेगी। 18 मई को उसका सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा, जबकि 21 मई को सीएसके के सामने गुजरात टाइटंस होगी।

Published: undefined

आईसीसी टी20 रैंकिंग में शेफाली वर्मा का जलवा

आईसीसी की ताजा महिला टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में शेफाली वर्मा ने दो पायदान की छलांग लगाई है। वहीं, साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में 47 रनों की नाबाद पारी खेलने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर टॉप 10 में वापसी के करीब पहुंच गई हैं। टी20 रैंकिंग में यह बदलाव भारत और साउथ अफ्रीका अफ्रीका के बीच चल रही पांच मुकाबलों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के बीच हुआ है, जिसमें दोनों टीमों की कई खिलाड़ियों को इंग्लैंड और वेल्स में 12 जून से शुरू होने वाले आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले उनके हालिया प्रदर्शन के लिए इनाम मिला है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में 38 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेलने के बाद शेफाली वर्मा आईसीसी की बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर आ गई हैं। दो टी20 मुकाबलों में शेफाली ने अब तक 156 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 91 रन बनाए हैं। स्मृति मंधाना चौथे स्थान पर भारत की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली बल्लेबाज बनी हुई हैं। भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को भी 2 पायदान का फायदा पहुंचा है। वह 11वें स्थान पर पहुंच गई हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में हरमनप्रीत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 5 चौके और एक छक्के की मदद से 47 रनों की दमदार पारी खेली थी।

साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 34 गेंदों पर खेली गई 54 रनों की शानदार पारी खेली थी, जिसके दम पर वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में पांचवें स्थान पर बनी हुई हैं। एनेरी डर्कसेन 18 पायदान की छलांग लगाकर 33वें नंबर पर आ गई हैं, जबकि सुने लुस 8 पायदान ऊपर चढ़कर 35वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

गेंदबाजों की टी20 रैंकिंग में पाकिस्तान की गेंदबाज सादिया इकबाल क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में दुनिया की नंबर एक गेंदबाज बनी हुई हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका की नॉनकुलुलेको म्लाबा भारत के खिलाफ सीरीज की शानदार शुरुआत के बाद पांच स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर आ गई हैं। अयाबोंगा खाका 8 पायदान की छलांग के साथ 25वें नंबर पर आ गई हैं, जबकि क्लो ट्रायोन 38वें स्थान पर पहुंच गई हैं। भारत की स्पिन गेंदबाज श्री चरणी चार पायदान की छलांग के साथ 23वें नंबर पर आ गई हैं।

ऑलराउंडर्स की लिस्ट में मेली केर टॉप पर काबिज हैं, जबकि ट्रायोन चार पायदान ऊपर चढ़कर 11वें नंबर पर पहुंच गई हैं। बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेले गए पहले वनडे के बाद एकदिवसीय रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला है। बांग्लादेश की बल्लेबाज शर्मिन अख्तर को 86 रनों की शानदार पारी खेलने का इनाम मिला है, और वह 7 स्थान की छलांग लगाकर 22वें नंबर पर आ गई हैं। सोभना मोस्टरी 8 पायदान ऊपर चढ़कर 50वें नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं, गेंदबाजों में नाहिदा अख्तर (13वें), राबेया खान (20वें) और मारुफा अख्तर (9 पायदान ऊपर चढ़कर 43वें नंबर पर) को भी फायदा पहुंचा है।

Published: undefined

अल्काराज का कलाई की चोट के कारण फ्रेंच ओपन में खेलना संदिग्ध

दो बार के मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्काराज का दाहिनी कलाई में चोट के कारण फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खेलना संदिग्ध है। अल्काराज ने सोमवार को कहा कि अगले कुछ दिनों में उन्हें कुछ चिकित्सा परीक्षण कराने हैं जिसके बाद यह पता चल पाएगा कि वह एक महीने बाद होने वाले इस ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में खेल पाएंगे या नहीं। अल्काराज से जब पूछा गया कि क्या वह फ्रेंच ओपन में खेलेंगे, उन्होंने कहा, ‘‘देखते हैं। अगला मेडिकल टेस्ट काफी महत्वपूर्ण होगा।’’

स्पेन के इस खिलाड़ी ने मैड्रिड में लॉरियस पुरस्कार समारोह में भाग लिया और उनकी दाहिनी कलाई में पट्टी बंधी हुई थी। उन्होंने पिछले सप्ताह मैड्रिड ओपन से नाम वापस ले लिया था। सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन अल्काराज ने स्पेनिश टेलीविजन चैनल टीवीई से कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि यह परीक्षण सफल हो। मैं बहुत धैर्य बनाए रखने की कोशिश कर रहा हूं। अगले कुछ दिनों में कुछ और परीक्षण होंगे और फिर हम देखेंगे कि चोट की स्थिति कैसी है और आगे क्या कदम उठाने होंगे।’’

Published: undefined

99 रन की हार अस्वीकार्य.. हेडन ने बल्लेबाजों को लताड़ा

गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के हाथों मिली 99 रन की हार के लिए अपने खिलाड़ियों की कड़ी आलोचना करते हुए इसके लिए अपने बल्लेबाजों के ‘भयावह प्रदर्शन’ और डेथ ओवरों में खराब गेंदबाजी को जिम्मेदार ठहराया। इस मैच में मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी लेकिन उसने अंतिम चार ओवर में 73 रन बनाकर पांच विकेट पर 199 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में गुजरात टाइटन्स की टीम 100 रन पर ढेर हो गई, जिसमें वाशिंगटन सुंदर के 26 रन सर्वोच्च स्कोर रहा।

हेडन ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे उम्मीद थी कि हार का अंतर इससे काफी कम होगा। हमारे बल्लेबाजों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया वह बिल्कुल अस्वीकार्य है।’’ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा, ‘‘आज का दिन हमारे लिए बेहद खराब रहा। ईमानदारी से कहूं तो कागिसो रबाडा के प्रदर्शन को छोड़कर आज का दिन कुछ भी अच्छा नहीं था। इसलिए हमें निश्चित रूप से काफी मेहनत करनी होगी।’’

हेडन ने कहा, ‘‘जब आप हमारी बल्लेबाजी पर नजर डालते हैं, तो हमारे पास शानदार खिलाड़ी हैं जिन्हें अवसरों का लाभ उठाने के लिए बेहतर मानसिकता और बेहतर स्थिति में होना होगा। इस टूर्नामेंट में हमारी उनसे यही उम्मीदें हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप 20 ओवर के मैच में 100 रन (99) के अंतर से मिली हार पर खुश नहीं हो सकते। मेरा मतलब है कि मेरे ज़माने में तो 50 ओवर के क्रिकेट में 100 रन लगभग जीत के लिए पर्याप्त स्कोर हुआ करता था।’’

हेडन ने कहा, ‘‘आज हमारे मध्यक्रम की कमज़ोरी साफ़ तौर पर सामने आ गईं। मध्यक्रम के बल्लेबाज जब पहले छह ओवरों में बल्लेबाजी करने आते हैं, तो आप समझ जाते हैं कि आप मुश्किल में हैं। पावर प्ले में आप निश्चित रूप से मैच हार सकते हैं और हम पावर प्ले में ही हार गए।’’ हेडन ने अंतिम ओवरों में गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन पर भी बात की जबकि मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाजी (45 गेंदों पर नाबाद 101 रन) की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘इस पिच पर रन बनाना बहुत आसान नहीं था। इसलिए तिलक वर्मा को भी श्रेय जाता है, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। यह कोई घिसा-पिटा प्रदर्शन नहीं था। यह एक दमदार प्रदर्शन था। उन्होंने परिस्थितयों का बखूबी आकलन किया।’’

Published: undefined

ताशकंद वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2027 की मेजबानी करेगा

वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स (डब्ल्यूपीए) ने वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2027 के लिए ताशकंद को मेजबान शहर के तौर पर चुना है। पहली बार यह प्रतिष्ठित इवेंट उज्बेकिस्तान और मध्य एशिया में आयोजित किया जाएगा। दुनिया का सबसे बड़ा एकल पैरा खेल इवेंट जून 2027 में ओलंपिक सिटी मेन स्टेडियम में आयोजित होगा। इंटरनेशनल पैरालंपिक कमेटी ने मंगलवार को एक प्रेस रिलीज में बताया कि ताशकंद में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2027 का 13वां संस्करण आयोजित होगा।

ऐसा पांचवीं बार होगा, जब यह इवेंट एशिया में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले दोहा 2015, दुबई 2019, कोबे 2024 और नई दिल्ली 2025 में यह इवेंट हो चुका है। 100 से ज्यादा देशों के लगभग 1,300 एथलीट्स के शामिल होने की उम्मीद के साथ, यह चैंपियनशिप देश में अब तक आयोजित होने वाला सबसे बड़ा इंटरनेशनल पैरा खेल इवेंट बनने जा रहा है। हालांकि, इवेंट्स की आखिरी संख्या अभी पक्की नहीं हुई है, लेकिन प्रोग्राम में कम से कम 164 इवेंट शामिल होंगे, जो पैरालंपिक खेलों के प्रोग्राम के हिसाब से होंगे। इसमें कुछ और इवेंट्स भी शामिल हो सकते हैं।

वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स के प्रमुख पॉल फिट्जगेराल्ड ने देश और इस इलाके, दोनों के लिए इस इवेंट के महत्व पर कहा, "हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2027 उज्बेकिस्तान के ताशकंद में होगी। यह देश में अब तक का सबसे बड़ा इंटरनेशनल पैरा-खेल इवेंट होगा, जो हमारे खेल और हमारे फैन बेस को बढ़ाने के साथ-साथ मध्य एशिया में दिव्यांग लोगों के प्रति समाज की सोच को बदलने के लिए बड़े मौके खोलेगा।" फिट्जगेराल्ड ने पैरा-एथलेटिक्स में उज्बेकिस्तान की हाल की तरक्की की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में, उज्बेकिस्तान ने पैरा एथलेटिक्स में एक उभरते हुए एशियाई देश के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। उनके एथलीट्स ने वर्ल्ड चैंपियनशिप और पैरालंपिक खेलों में लगातार बेहतर नतीजे दिए हैं, जो सुविधाओं को बेहतर बनाने और खेल में निवेश करने के लिए उज्बेकिस्तान की नेशनल पैरालंपिक कमेटी की कोशिशों को दिखाता है। हमें पूरा भरोसा है कि आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप न सिर्फ इस देश में, बल्कि पूरे इलाके में एक यादगार छाप छोड़ेगी।"

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined