खेल

खेल: धीरे-धीरे ठीक हो रहे धोनी और बांग्लादेशी कप्तान को आईसीसी ने फटकारा

सीएसके के अनुभवी बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी पिंडली की चोट से धीरे-धीरे उबर रहे हैं, लेकिन टीम के साथ दिल्ली नहीं आए। बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना को आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन करने के लिए आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

आईपीएल 2026: धीरे-धीरे ठीक हो रहे धोनी, लेकिन टीम के साथ नहीं आए दिल्ली

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के अनुभवी बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी पिंडली की चोट से धीरे-धीरे उबर रहे हैं, लेकिन टीम के साथ दिल्ली नहीं आए, जहां मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में सीएसके का सामना दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) से होगा।

 चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कंसल्टेंट एरिक सिमन्स ने पुष्टि करते हुए बताया कि माही टीम के साथ नई दिल्ली नहीं आए हैं। उन्होंने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "महेंद्र सिंह धोनी के बारे में कोई भी अपडेट देना मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है। वह हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। जब वह खेलने के लिए पूरी तरह तैयार होंगे, तब वह खेलेंगे, उन्हें खुद पता है कि वह कब खेलने के लिए तैयार हैं। वह टीम के साथ यहां (दिल्ली) नहीं आए हैं।"

महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2026 में अब तक एक भी मैच नहीं खेला है। माही आईपीएल 2025 में 14 मुकाबले खेले थे, जिसमें 24.50 की औसत के साथ 196 रन जुटा सके। सीएसके इस सीजन अब तक 9 मैच खेल चुकी है, जिसमें 4 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर मौजूद है।

Published: undefined

बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना को आईसीसी ने फटकारा, जानिए क्या थी वजह?

बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना को आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन करने के लिए आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई है। यह मामला सिलहट में शनिवार को बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेले गए तीसरे टी20 मैच से जुड़ा है।

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बताया कि बांग्लादेश की कप्तान ने आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन किया, जो किसी इंटरनेशनल मैच के दौरान क्रिकेट के सामान या कपड़ों, मैदान के सामान या फिक्स्चर और फिटिंग का गलत इस्तेमाल करने से जुड़ा है।

यह घटना बांग्लादेशी पारी के दौरान हुई, जब निगार आउट होने के बाद साफतौर पर निराश दिखीं। मैदान छोड़ने से पहले उन्होंने अपना बल्ला जमीन पर फेंक दिया था। औपचारिक फटकार के अलावा, निगार के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ दिया गया है।

 पिछले 24 महीनों में यह निगार का पहला अपराध है। आईसीसी ने सोमवार को अपने बयान में कहा, "निगार ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, उन्होंने एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की सदस्य सुप्रिया रानी दास की ओर से सुझाए गए दंड को स्वीकार कर लिया, इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।"

Published: undefined

अच्छा प्रदर्शन न करने पर भी दो अंक हासिल करने में सफल रहे हैं: होल्डर

 जेसन होल्डर का मानना ​​है कि गुजरात टाइटन्स ने अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया है लेकिन इसके बावजूद वह मैच जीत रहा है और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ में बना हुआ है।

होल्डर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ चार विकेट लेकर गुजरात की पांच विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि टीम व्यक्तिगत प्रदर्शन के बजाय सामूहिक प्रयास से जीत हासिल कर रही है।

होल्डर में मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हम जिस तरह से खेल रहे हैं उसकी खूबसूरती यह है कि हम किसी भी मैच में केवल एक खिलाड़ी के प्रदर्शन पर निर्भर नहीं हैं और अलग-अलग दिनों में अलग-अलग खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हमने अभी तक शायद अपना सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं खेला है, लेकिन इसकी खूबसूरती यह है कि हम तब भी जीत हासिल करके दो अंक हासिल कर रहे हैं।’’

गुजरात इस मैच में बड़ी जीत हासिल कर सकता था लेकिन उसने एक गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल किया। होल्डर ने हालांकि नेट रन-रेट को लेकर चिंतित होने के बजाय दो अंक हासिल करने पर जोर दिया।

Published: undefined

चोटिल फिल साल्ट स्कैन के लिए स्वदेश लौटे

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट पिछले महीने उंगली में लगी चोट का स्कैन कराने के लिए इंग्लैंड लौट गए हैं।

इस चोट के कारण साल्ट आरसीबी के पिछले तीन मैचों में नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह उनके हमवतन जैकब बेथेल ने विराट कोहली के साथ पारी का आगाज किया।

यह 29 वर्षीय खिलाड़ी 18 अप्रैल को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर बाउंड्री बचाने के लिए डाइव लगाते समय चोटिल हो गया था। उनकी बाएं हाथ की उंगली में चोट लग गई थी।

ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार, ‘‘ईसीबी (इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड) से अनुबंधित साल्ट इंग्लैंड के टीम प्रबंधन के अनुरोध पर स्वदेश लौट गए हैं और उनकी उंगली का स्कैन किया गया है।’’

Published: undefined

वॉशिंगटन की पारी ने गुजरात की मध्य क्रम से जुड़ी समस्या को दूर किया: अश्विन

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि पंजाब किंग्स के खिलाफ वाशिंगटन सुंदर की मैच जिताने वाली पारी से गुजरात टाइटन्स के मध्य क्रम की कमजोरी को लेकर उठ रही कुछ शंकाओं का समाधान जरूर हो जाएगा।

वाशिंगटन पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे और उन्होंने पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 23 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए जिससे गुजरात इस मैच में पंजाब किंग्स को हराने में सफल रहा।

अश्विन ने जियोस्टार से कहा, ‘‘वाशिंगटन सुंदर की पारी बेहद महत्वपूर्ण थी क्योंकि इससे गुजरात टाइटन्स के मध्य क्रम से जुड़े सवालों का जवाब मिल गया।’’

उन्होंने कहा कि वाशिंगटन ने जिस तरह से मैच का सकारात्मक अंत करने के लिए जरूरी धैर्य दिखाया वह काबिले तारीफ है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined